महासमुन्द
आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है-रूपकुमारी
22-Feb-2021 4:16 PM
महासमुन्द, 22 फरवरी। कोमाखान नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में संलिप्त एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। बल्कि उक्त व्यक्ति को बचाया जा रहा है। उक्त आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। यह आरोप भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का है।
जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि घटना के बाद जब भाजपा की टीम पीडि़ता और उसके परिजन से मिलने पहुंची थी तो पीडि़ता ने बताया था कि मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि पीडि़ता ने पुलिस के समक्ष जो बयान दिया है, उसमें भी उक्त व्यक्ति का नाम है। लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। हालांकि इस मामले में एसडीओपी बागबाहरा लितेश सिंह ने बताया कि दुष्कर्म का केवल एक आरोपी था, जिसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।