रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 फरवरी। दंतेवाड़ा जिले में प्रस्तावित बोधघाट परियोजना के सर्वेक्षण का काम करीब 30 फीसदी पूरा हुआ है। यह जानकारी जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
भाजपा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने जानना चाहा कि बोधघाट परियोजना का वेपकास को दिया गया सर्वेक्षण का काम कितना पूरा हुआ है? इसके जवाब में जल संसाधन मंत्री ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में प्रस्तावित बोधघाट परियोजना का वेपकास को दिया गया सर्वेक्षण का काम करीब 30 फीसदी पूरा हुआ है।
श्री चौबे ने यह भी बताया कि वेपकास को अब तक 1235.81 लाख का भुगतान हुआ है। जबकि अनुबंधित राशि 4119.38 लाख है। बोधघाट परियोजना से प्रस्तावित रूपांकित सिंचाई क्षमता 1 लाख 71 हजार हेक्टेयर है। रबी की सिंचाई क्षमता 1 लाख 31 हजार, और ग्रीष्मकालीन फसल की सिंचाई क्षमता 64 हजार 430 हेक्टयर है। कुल मिलाकर 3 लाख 66 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षमता है। परियोजना का सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। अभी डुबान में आने वाले गांवों के नाम, संख्या, आबादी और रकबे की जानकारी वर्तमान स्थिति में दिया जाना संभव नहीं है।
भाजपा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल के एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में जल संसाधन मंत्री ने बताया कि प्रदेश के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, बीजापुर और नारायणपुर जिले में सरकारी नहरों से 1 लाख 2 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षमता निर्मित है।