राजनांदगांव

सिद्धी पाने के लिए पांच ने किया तेंदुए का शिकार
27-Feb-2021 12:20 PM
सिद्धी पाने के लिए पांच ने किया तेंदुए का शिकार

तंत्र-मंत्र के बाद दावत की थी तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 फरवरी। जिले के गंडई वन क्षेत्र में सप्ताहभर पहले हुए वन्य प्राणी तेंदुए के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने पांच ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। पांचों ग्रामीणों को पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। शिकार करने की बात कबूल करने के बाद सभी को गिरफ्तार किया गया। 

खैरागढ़ डीएफओ संजय यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पूरा मामला अंधविश्वास से जुड़ा हुआ है। शिकार करने के आरोप में 5 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि प्रकाश साहू, चेतन गोंड, संतू गोंड, कार्तिक साहू व शत्रुघन यादव नामक ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के जरिये सिद्धी पाने की नियत से तेन्दुआ को अपना शिकार बनाया। इसके लिए शिकारियों ने तेन्दुआ के शरीर के अंगों को काट लिया। बताया गया है कि तांत्रिक क्रियाओं के बाद शिकारियों का तेंदुए के मांस को खाने का इरादा भी था। 

इधर गंडई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मगरकुंड के संरक्षित वन क्षेत्र में मादा तेन्दुआ के शिकार की गुत्थी वन विभाग ने सुलझाते हुए पांच आरोपियों को वन अधिनियम की विभिन्न धारओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया गया कि आरोपियों ने तेंदुए को बिजली के तार में फंसाया और करंट से मारा। 

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मादा तेंदुए  का शिकार करने सुनियोजित तरीके से उसकी आवाजाही की रेकी की और बिजली के तार से फंसाया और फंदे में फंसाकर करंट से मार डाला। तेंदुए की हत्या कर उसके शरीर के अंग पंजा, दांत, मूंछ को निकाल लिया, जिसे आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया। अधिकारियों का कहना है कि शिकारियों की खोजबीन के लिए जांच दल का गठन किया और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। पूछताछ के बाद एक-एक कर पांच आरोपी सामने आए, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल किया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश कर सभी पांचो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news