महासमुन्द

45 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगवाने रजिस्ट्रेशन कराना होगा
27-Feb-2021 4:12 PM
45 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगवाने रजिस्ट्रेशन कराना होगा

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कोविन एप 2.0 तैयार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुन्द, 27 फरवरी।
कोरोना से बचने के लिए 45 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगवाने के पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन के साथ ऑन स्पॉट भी होगा। साथ ही उम्र का निर्धारण 1 जनवरी 2022 की स्थिति में किया जाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कोविन एप 2.0 तैयार किया गया है। इसी के जरिए रजिस्ट्रेशन होगा। वहीं ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन वैक्सीनेशन सेंटर में होगा। 

रजिस्ट्रेशन के लिए जन्म तिथि सम्बंधी प्रमाण पत्र देना होगा। इसमें आधार कार्ड, दसवीं कक्षा की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज जरूरी होंगे। ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 4 मार्च से शुरू होगी। बता दें कि महासमुन्द जिले में अब तक 10 हजार 53 से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। पहले चरण में कुल 8405 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाने के लिए चिह्नांकित किया गया था। इनमें से 7625 को टीका लगाया जा चुका है। इसी तरह इन्हीं में से 1081 को वैक्सीन का दूसरा डोज भी दिया जा चुका है। 

दूसरे चरण में 4950 लोगों को टीका लगाया जाना था। इनमें से 2428 का टीकाकरण पूरा हो चुका है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अरविंद गुप्ता ने बताया कि जिले में कुल 13180 लोगों को वैक्सीन लगाया जाना था, जिसमें से कुल 11854 को वैक्सीन दी जा चुकी है। प्रदेश के कुछ चिह्नांकित जिलों में ही 1 मार्च से वैक्सीनेशन कार्य शुरू होगा। वहीं शेष जिलों में 7 मार्च से टीकाकरण शुरू कर लिया जाएगा। आम जनता को वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत के साथ ही अब वैक्सीनेशन सेंटर का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब वैक्सीनेशन कार्य शुरू कर लिया जाएगा। 

वर्तमान में 24 केंद्रों में वैकसीनेशन कार्य हो रहा था। अब जिले के सभी 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी वैक्सीनेशन कार्य शुरू कर लिया जाएगा। इसके अलावा जिले के चिह्नित प्राइवेट अस्पतालों में भी वैक्सीनेशन कार्य शुरू किया जाएगा। इसमें अग्रवाल नर्सिंग होम बसना, बेथल हॉस्पिटल बसना, भारती हॉस्पिटल सरायपाली, जय पताई माता हॉस्पिटल पटेवा, जैन नर्सिंग होम महासमुन्द, आरएलसी हॉस्पिटल महासमुन्द, साई नमन हॉस्पिटल तुमगांव और सेवा भवन हॉस्पिटल जगदीशपुर पिथौरा शामिल है। लेकिन प्राइवेट अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए 100 रुपए शुल्क देना होगा। महासमुन्द जिले को अब तक तीन अलग-अलग चरण में कोविशील्ड वैक्सीन के 21321 डोज मिल चुके हैं। इनमें से 11854 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

वर्तमान में करीब 9 हजार डोज शेष है। पहली खेप 13 जनवरी को 5490 डोज मिला। दूसरी खेप 28 जनवरी को 10680 डोज मिला। तीसरी खेप 15 फरवरी को 5150 डोज मिला है। वैक्सीनेशन को लेकर उम्र का निर्धारण 1 जनवरी 2022 की स्थिति पर होगा। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news