महासमुन्द

गोबर बेचकर कोई खेत में ट्यूबवेल लगा रहा, किसी ने पैराकुट्टी लगाई तो कोई पढ़ाई कर रहा
28-Feb-2021 4:10 PM
 गोबर बेचकर कोई खेत में ट्यूबवेल लगा रहा,  किसी ने पैराकुट्टी लगाई तो कोई पढ़ाई कर रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 28 फरवरी।
जिले के ग्राम बम्हनी के एक किसान ने 1,70 लाख रुपए का गोबर बेचकर अपने खेत में ट्यूबवेल कराया है। खेत में ट्यूबवेल होने से अब किसान को फसल के लिए पानी की समस्या नहीं होगी। साथ ही वह बेहतर फसल ले सकेगा। किसान का नाम रूपेश्वर यादव है। 

शनिवार को कलेक्टर डोमन सिंह ने वीडियो कॉलिंग से रूपेश्वर से बात की। रूपेश्वर ने कलेक्टर से बात करते हुए बताया कि उसने एक लाख 70 हजार रुपए का गोबर बेचा है और इस राशि से अपने खेत में ट्यूबवेल करवाया है और कुछ राशि से मवेशियों के लिए पैरा की कुट्टी कराई है। रूपेश्वर की बात सुनकर कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना सहित अन्य जानकारी ली।

इसी तरह इस गांव के दूसरे व्यक्ति आशीष साहू ने बताया कि वह बीएससी सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा है। साथ ही इस योजना के तहत उसने 30 हजार रुपए का गोधन विक्रय किया है। इस राशि का उपयोग अपनी पढ़ाई-लिखाई के साथ खेती के कार्य में कर रहा है। इसी गांव की पुष्पा बाई यादव 55 हजार रुपए का गोबर बेच चुकी है और इस राशि से गाय खरीदने के साथ खेती में उपयोग कर रही है। अन्य व्यक्ति गजराज पाल ने कलेक्टर को बताया कि उन्होंने 5900 रुपए का गोधन विक्रय किया है जिसका उपयोग वे खेती किसानी में करेंगे।

कलेक्टर ने इन सभी लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा सभी वर्गों के हितों के लिए अनेक प्रकार के जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी हितग्राहियों को जागरूक होकर इसका लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान जय मां सरस्वती महिला स्वसहायता समूह की सचिव रूखमणी पाल ने कलेक्टर को जानकारी दी कि गौठान में बनाए वर्मी कंपोस्ट और अब तक उनके समूह में चार सक्रिय महिला सदस्य हैं। रोज घरेलू काम-काज निपटाने के बाद समूह की महिलाएं वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार करने का काम करती हैं। समूह ने अब तक कुल 240 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट खाद का विक्रय किया है, जिससे समूह को एक लाख 57 हजार रुपए की आमदनी हुई है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news