रायपुर

प्राचार्यों के पौने दो सौ, प्राध्यापकों के 6 सौ पद खाली-उमेश पटेल
03-Mar-2021 7:03 PM
प्राचार्यों के पौने दो सौ, प्राध्यापकों के 6 सौ पद खाली-उमेश पटेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मार्च। प्रदेश में प्राचार्यों के पौने दो सौ और प्राध्यापकों के करीब 6 सौ पद खाली हैं। यह जानकारी उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

जोगी पार्टी के सदस्य धर्मजीत सिंह ने मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि महाविद्यालयीन संवर्ग के प्राचार्य, प्राध्यापक और रजिस्ट्रार के कुल कितने-कितने पद स्वीकृत, भरे और खाली हैं? इसके जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में महाविद्यालयीन संवर्ग के प्राचार्यों के 247 पद स्वीकृत हैं। 72 पद भरे हैं, और 175 पद खाली हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि प्राध्यापक के 595 पद स्वीकृत हैं, और सभी पद खाली हैं। इसी तरह रजिस्ट्रार के 18 पद स्वीकृत हैं, और 6 भरे हैं। दर्जनभर पद खाली हैं। सभी पद पदोन्नति से नहीं भरे जाएंगे। प्राचार्य का पद सौ फीसदी पदोन्नति से, प्राध्यापक का पद सीधी भर्ती से और रजिस्ट्रार के स्वीकृत पदों में से 75 फीसदी पद पदोन्नति से भरा जाना है।

विगत तीन वर्षों में प्राचार्य के 39 पदों पर पदोन्नति दी गई है। वर्तमान में रजिस्ट्रार के 9 पदों पर पदोन्नति की कार्रवाई प्रचलन में है।  भाजपा सदस्य शिवरतन शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने बताया कि प्रदेश में सहायक प्राध्यापक के 3972 पद स्वीकृत हैं, 2185 भरे हैं, 1787 रिक्त हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news