राजनांदगांव

बूटा कटाई संग तेंदूपत्ता तोड़ाई की तैयारी में वन महकमा
06-Mar-2021 2:24 PM
बूटा कटाई संग तेंदूपत्ता तोड़ाई की तैयारी में वन महकमा

फाईल फोटो

   नांदगांव-खैरागढ़ वन मंडल में एक लाख 27 हजार मानक बोरा तोड़ाई का लक्ष्य  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 मार्च।
जिले के राजनांदगांव और खैरागढ़ वन मंडल में तेन्दूपत्ता तोड़ाई की प्रारंभिक तैयारी शुरू हो गई है। तेन्दूपत्ता तोड़ाई से पूर्व बूटा कटाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके लिए वन महकमे ने मैदानी अमले को प्रशिक्षित भी किया है। बूटा कटाई से नए पत्तों की गुणवत्ता बेहतर होती है। इससे वन महकमे को ठेकेदारों के जरिये नीलामी से  अच्छी आय होती है। 

बताया जा रहा है कि राजनंादगांव वन मंडल में जहां 84 हजार 400 और खैरागढ़ वन मंडल में 42 हजार 600 मानक बोरा तेन्दूपत्ता की तोड़ाई का लक्ष्य रखा गया है। खैरागढ़ वन मंडल 13 हजार 13 वर्ग किमी में फैला हुआ है। खैरागढ़ वन मंडल में कुल 24 लाट में से 21 की नीलामी हो गई है। दीगर प्रांतों के ठेकेदारों ने बोली लगाकर तोड़ाई का अधिकार हासिल किया है। बताया जा रहा है कि 3 लाट डोंगरगढ़, छुईखदान और गंडई क्षेत्र में विभाग तोड़ाई करेगा। 
पिछले साल की तर्ज पर इस बार भी 42600 मानक बोरा तेन्दूपत्ता तोड़ाई खैरागढ़ वन मंडल द्वारा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि नक्सल क्षेत्र होने के कारण तेन्दूपत्ता तोड़ाई में पिछले कुछ सालों से वन महकमा लक्ष्य से पीछे रहा है। 

इस संबंध में खैरागढ़ डीएफओ संजय यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि प्रारंभिक तैयारी के तहत बूटा कटाई शुरू हो गई है। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।  उधर बूटा कटाई के 45 दिनों बाद तेन्दूपत्ता तोडऩे की भी तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि दोनों वन मंडल में 10 मार्च तक बूटा कटाई का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद तय दिनों के आधार पर 25 अप्रैल  से तेन्दूपत्ता की तोड़ाई शुरू होगी। इस वर्ष भी नांदगांव जिले में वन विभाग द्वारा तेन्दूपत्ता तोड़ाई सुनिश्चि कराई जाएगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। वर्ष 2019-20 की तर्ज पर ही इस वर्ष भी 84 हजार 400 मानक बोरा तेन्दूपत्ता की तोड़ाई की जाएगी।
 
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव के अंतर्गत आने वाले वन क्षेत्र मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी, औंधी, छुरिया और डोंगरगांव आदि क्षेत्रों में तेन्दूपत्ता की अच्छी उपज होने से इस वर्ष भी वन विभाग द्वारा जिले में 84 हजार 400 मानक बोरा तेन्दूपत्ता तोड़ाई का लक्ष्य रखा गया है। तेन्दूपत्ता तोड़ाई के कार्य में अधिक  से अधिक वन क्षेत्र के रहवासियों को रोजगार देने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news