धमतरी

हरा-भरा मैदान देख खिलाड़ी हुए फिर सक्रिय
06-Mar-2021 5:36 PM
हरा-भरा मैदान देख खिलाड़ी हुए फिर सक्रिय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद,  6 मार्च।
कुरुद का काफी पुराना पारंपरिक खेल मेला मैदान समय के साथ नित नया रूप ले रहा है। कुरुद क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में पिछले दिनों इस स्थान पर राज्य स्तर की ड्यूज्र बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। जिसमें भाग लेने वाले अन्य राज्यों के खिलाडिय़ों ने सुसज्जित मैदान की तारीफ की । 

नगर के हृदय स्थल पर मैदान का अस्तित्व स्थापित करने में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की अहम भूमिका है ? दो दशक पहले युवा वाहिनी का गठन कर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में शिवप्रताप ठाकुर, अनिल चन्द्राकार,एव्ही मारुति, अशोक चन्द्राकर, निरंजन सिन्हा जैसे अनेक युवा तब अपने जेबखर्च और खुद मेहनत कर मैदान को तैयार करते थे। तब  से लेकर अब तक इस मैदान में काफी बदलाव नजर आया है। पहले जहां इस मैदान में ढोरों का चरागाह और असामाजिक तत्वों के लिए नशापान केन्द्र बना हुआ था। लेकिन जब से क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी तपन चंद्राकर की अगुवाई में नगर पंचायत ने मैदान को सजाने संवारने में दिलचस्पी दिखाई है तो रुखा-सुखा मैदान हरियाली की चादर ओढ़ खुबसूरत दिखने लगा। मैदान के चारों ओर बने स्टैण्ड का रंग-रोगन किया गया है। फील्ड व पिच पर प्रतिदिन पानी देने से हरी घांस उग आई है । मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनो गेटों में तालेबंदी की गई है, ताकि कोई असामाजिक व्यक्ति प्रवेश कर मैदान को खराब न कर सके। खेलप्रेमियों के आने-जाने के लिए  छोटा गेट  खुला रहता है। 

कुरुद क्रिकेट अकादमी के संरक्षक तपन चन्द्राकर व वरिष्ठ खिलाड़ी संजय ध्रुव ने बताया कि पिछले कई महीनों से इस मैदान को नए ढंग से सजाने-सवारने का कार्य किया है। प्रतिदिन सुबह व शाम जूनियर खिलाड़ी यहां प्रैक्टिस करते है । यह मैदान कुरुद के खेल इतिहास में अनमोल यादों को संजोए है। इसके अतीत में ऐतिहासिक पल है जिसने नगर को होनहार खिलाड़ी दिए है। आज के नए जनरेशन के बच्चे इन्ही के नक्शे कदम पर चलते हुए इस मैदान में अपना सुनहरा भविष्य संजो रहे है। नपं अध्यक्ष श्री चन्द्राकार ने बताया कि खिलाडिय़ों के रुकने के लिए व्यवस्था विस्तार करने पर  विचार किया जा रहा है । ताकि भविष्य में यहां बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा सके। ज्ञात हो कि इस मैदान के दो खिलाडिय़ों का अभी हाल ही में सीपीएल कैंप के लिए चयन हुआ है, उम्मीद है आगे भी यहाँ के युवा कुरुद का नाम रौशन करते रहेंगे।                                                                                          

बताया गया है कि मैदान में प्रतिदिन सुबह के समय आरएसएस शाखा से जुड़े लोग अपने नित्य क्रियाकलापों के लिए यहां आते है,उन्होंने भी इस मैदान के नए लेते इस रूप की तारीफ की है। नगर पंचायत परिषद ने सभी खेलप्रेमियों व नगरवासियों से अपील की है कि मैदान को साफ-सुंदर व स्वच्छ बनाने तथा खेल से जुड़ी एक्टिविटी को यहां विकसित करने में सहयोग प्रदान करें।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news