राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मार्च। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने भी बिना मास्क दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में अब कोरोना फिर से बढ़ते क्रम की ओर है। मार्च के पहले सप्ताह में कोरोना मरीजों की संख्या में रोजाना वृद्धि हो रही है। पुलिस ने बेपरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू करते हुए जुर्माना लेना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन भी सख्ती पर जोर दे रहा है। पुलिस को बिना मास्क घूमने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। लिहाजा चौक-चौराहों में बिना मास्क वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस ने कार्रवाई अभियान चलाया।
पुलिस ने 14 लोगों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए करीब 14 सौ रुपए वसूला। वहीं तुमड़ीबोड पुलिस चौकी क्षेत्र में 10 के विरूद्ध कार्रवाई करते एक हजार रुपए दंड स्वरूप लिया गया। सोमनी पुलिस ने भी 6 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 600 रुपए वसूल किए। कुल मिलाकर 30 प्रकरण में 30 वाहन चालकों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 3 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। बताया जा रहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए भी लोग लापरवाही दिखा रहे हैं। लिहाजा पुलिस ने अब सख्ती बरतना शुरू कर दिया है।