धमतरी

परिवार, समाज, देश-प्रदेश की प्रगति में महिलाओं का सराहनीय योगदान- दिशा
08-Mar-2021 4:20 PM
परिवार, समाज, देश-प्रदेश की प्रगति में महिलाओं का सराहनीय योगदान- दिशा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 8 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ‘छत्तीसगढ़’  से चर्चा करते हुए ग्राम पंचायत सिरसिदा की सरपंच दिशा पंकज ध्रुव ने नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में एक परिवार, समाज, देश और प्रदेश के प्रगति में नारी का सराहनीय योगदान है। नये - नये क्षेत्रों में नारी के प्रतिभा की पहचान हो रही है। आज के समय में ऐसा कोई क्षेत्र नहीं हैं, जहां उच्च स्थान पर नारी न कार्यरत हो।

आगे कहा कि महिलाओं की बेहतरी के लिए राज्य शासन द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश में कुपोषण दूर करने मुख्यमंत्री सुपोषण योजना शुरू की गई हैं। जिससे जच्चा-बच्चा स्वस्थ्य व मजबूत होगा तो प्रदेश व देश मजबूत होगा। 

प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना सुराजी गांव योजना के तहत गौठानों में महिला स्वसहायता समूह को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियां संचालित की जा रही है। राज्य में महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त किए जाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ महिला कोष द्वारा महिला स्व सहायता समूहों को आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिलाएं आज अपने गृहिणी कार्यों से ऊपर उठाकर राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रही है। लोक कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण से पुरस्कृत पंडवानी गायिका तीजन बाई ने देश- विदेश में महाभारत की कथा को अपनी विशिष्ट शैली में प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ी लोक गाथा को विख्यात किया है। सिहावा - नगरी अंचल की ओजस्वी (आरू) साहू ने छोटी सी उम्र में अपनी गायकी का लोहा मनवाया है। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने हर स्तर पर कदम उठाए हैं। महिला हेल्प लाइन 181, सखी वन स्टॉप सेन्टर, महिला-पुलिस स्वयंसेविका योजना, महिला जागृति शिविर, स्व-आधार योजना, उज्ज्वला गृह योजना, कामकाजी महिला हॉस्टल योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि सुरक्षा तथा सहयोग के लिए काम कर रहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी एवं मितानिन महिला कार्यकर्ता ग्रामीण जनों की सेवाएं दे रही हैं।

स्वच्छता अभियान में भी महिलाएं योगदान दे रही हैं। प्रदेश महिला पुलिस की टीम एवं नगर सैनिक में तैनात महिलाएं, महिला सुरक्षा में अपना सहयोग दे रही है। देश की सुरक्षा में तैनात सैन्य सेवाओं में भी महिलाएं देश का प्रतिनिधित्व कर रही है। देश में एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अंतरिक्ष में जाने वाली प्रथम भारतीय महिला कल्पना चावला, लोक सभा की पहली महिला अध्यक्ष मीरा कुमार, प्रथम भारतीय महिला राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने देश का प्रतिनिधित्व किया है।

चर्चा के अंत में दिशा ध्रुव ने कहा कि नारी के सम्मान और शिक्षा के लिए हर व्यक्ति को अपना सहयोग करना चाहिए ताकि एक सभ्य समाज का निर्माण हो सके। छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news