महासमुन्द

महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए महासमुन्द पुलिस का अनोखा कदम
08-Mar-2021 4:36 PM
महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए महासमुन्द पुलिस का अनोखा कदम

परेशान महिलाओं की तत्काल मदद करेगी और उन्हें घर तक पहुंचाएगी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 8 मार्च।
महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए महासमुन्द पुलिस ने अनोखा कदम उठाया है। महिलाएं अब कहीं भी रास्ते में वाहन आदि न मिलने से परेशान है, या फिर देर रात घर पहुंचने का कोई साधन नहीं मिला, महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करे तो वे महासमुन्द पुलिस को फोन कर सकती हैं। पुलिस ऐसी महिलाओं की तत्काल मदद करेगी और उन्हें घर तक पहुंचाएगी। 

महासमुन्द पुलिस ने इस पर पहल करते हुए 100 नंबर को भी महिलाओं की मदद के लिए खोल दिया है। इस पहल की शुरुआत महिला दिवस पर आज से शुरू है। इसके साथ ही महिला, युवती और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए भी महासमुन्द पुलिस नई पहल शुरू कर रही है। इनकी सुरक्षा को देखते हुए जिले में शक्ति केंद्र शुरू की जा रही है, जहां फोन कर महिलाएं किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे शिकायत कर सकती हैं। इसकी शुरुआत भी आज सोमवार को की जाएगी। एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर कहते हैं कि महासमुन्द जिले की महिलाएं यदि सफर के दौरान कहीं पर उन्हें बस, टैक्सी या फिर अन्य कोई सुविधा घर पहुंचने के लिए नहीं मिलती तो वे हमें फोन करे। उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया जाएगा। महिलाएं डायल 112 में भी फोन कर यह लाभ ले सकती हैं।

 8 फरवरी को एक युवती भटककर झलप पहुंच गई थी। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लुडेक की एक आदिवासी युवती पुलिस भर्ती परीक्षा में रायपुर गई हुई थी। रायपुर से घर वापस लौटने के लिए रायपुर से वह बस में सवार हुई, लेकिन बस चेकर ने युवती को गलत बस में बिठा दिया। देर रात युवती झलप पहुंच गई और उसे बस चालक ने वहीं उतार दिया। आसपास के लोगों ने युवती की मदद के लिए डायल 112 को फोन किया। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद डायल 112 की टीम पहुंची, लेकिन उसमें सवार कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों का परमिशन नहीं होने का हवाला देते हुए युवती को निकटतम गंतव्य तक छोडऩे से मना कर दिया। इसके बाद गांव के सरपंच सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने स्वयं के खर्च से गाड़ी कर युवती को बागबाहरा में युवती के मौसी के घर सकुशल पहुंचाया। साथ ही मामले की शिकायत एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर से भी की।

एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर साहू ने बताया कि जिलेभर में यदि कोई महिला, युवती या बच्चियां किसी परेशानी, तकलीफ ,या हिंसा की शिकार हुई हैं, या उनसे किसी ने छेड़छाड़ की है तो वे 9479230095 नंबर पर फोन कर सूचना दे सकती हैं। यह नंबर जिले के कंट्रोल रूम में होगा। फोन करने पर उनके निवास स्थान पर संबंधित थाना क्षेत्र से तत्काल मदद पहुंचाई जाएगी। आज महिला दवस पर कोतवाली में बने संवेदना कक्ष का शुभारंभ हुआ। इसी दौरान शक्ति केंद्र का शुभारंभ होगा। साथ ही महिलाओं को घर छोडऩे सम्बंधी योजना की शुरुआत की जाएगी। यहां विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। एएसपी ने बताया कि कई बार महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पहुंचती हैं, लेकिन थाना परिसर में भीड़ होने के कारण वे हिचकिचाहट में अपनी बात ठीक से रख नहीं पाती। ऐसे में संवेदना कक्ष में महिलाएं, महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के सामने खुलकर अपनी बात रख सकेंगी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news