रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च। प्रदेश के बस्तर संभाग में शिक्षकों के 983 एवं व्यायाम शिक्षकों के 197 रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति मिली है, और इन पदों पर भर्ती की कार्यवाही जारी है। यह जानकारी आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य लखेश्वर बघेल ने जानना चाहा कि बस्तर संभाग अंतर्गत सरकारी प्रायमरी, माध्यमिक, सेकेण्डरी एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में शिक्षकों एवं व्यायाम शिक्षकों को रिक्त पदों की प्रतिपूर्ति के लिए कितने-कितने पदों में भर्ती के लिए अनुमति प्राप्त हुई है? व इस समय कितने पदों पर भर्ती कार्यवाही प्रचलन में है? उक्त पदों में भर्ती के लिए शासन द्वारा तय निर्धारित चयन प्रक्रिया क्या है?
इसके जवाब में आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. टेकाम ने बताया कि बस्तर संभाग अंतर्गत सरकारी प्रायमरी, माध्यमिक, सेकेण्डरी एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में 983 शिक्षकों एवं 197 व्यायाम शिक्षकों के रिक्त पदों की प्रतिपूर्ति के लिए अनुमति प्राप्त हुई है, और इन पदों पर भर्ती कार्यवाही जारी है।