रायगढ़

बैंक कैशियर पर गोली चलाने वाला झारखंड से बंदी, एक की तलाश
08-Apr-2021 5:00 PM
बैंक कैशियर पर गोली चलाने वाला झारखंड से बंदी, एक की तलाश

  एक देशी कट्टा, एक पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस बरामद  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 अप्रैल।
धरमजयगढ़ थाना अंतर्गत ग्रामीण बैंक खम्हार के कैशियर को गोली मारने वाले आरोपी को झारखंड से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अनिल तिर्की फरार है जिसके संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई है, आरोपी की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है, शीघ्र फरार आरोपी के गिरफ्तार होने की संभावना है।  
ज्ञात हो कि धरमजयगढ़ थाना अंतर्गत ग्रामीण बैंक खम्हार के कैशियर विनोद लडक़ा को लूटपाट के लिए पेशेवर रविवादी गैंग के 6 आरोपियों द्वारा फूलप्रूफ तैयारी कर 1 मार्च 2021 को धरमजयगढ़ से खम्हार मार्ग पर घटना को अंजाम दिया गया था, पर आरोपियों के हाथ लूटपाट में कुछ नहीं आया, अच्छी बात यह रही कि आरोपियों द्वारा चलाई गई दो गोली में एक गोली कैशियर विनोद लडक़ा के दाहिने कंधे के नीचे लगी, इलाज के बाद आहत विनोद लकड़ा खतरे से बाहर हैं। घटना के संबंध में थाना धरमजयगढ़ में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध जुर्म पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

गोलीकांड के बाद जिला पुलिस की दो सप्ताह की सघन जांच पड़ताल में कोरबा जेल में निरूद्ध खुख्यात आरोपी रविवादी के जेल से नेटवर्क चलाने की जानकारी मिली, रविवादी द्वारा खम्हार बैंक कैशियर को लूटपाट करना साफ्ट टारगेट बताया गया था। तब आरोपी अंजुलस एक्का और संदीप राठिया द्वारा घटना के पूर्व क्षेत्र की रैकी कर घटना को अंजाम दिये थे। शातिर आरोपियों द्वारा पुलिस के लिये कोई भी इलेक्ट्रानिक साक्ष्य कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज आदि नहीं छोड़ा गया था फिर भी पुलिस लगातार पूछताछ पर दो आरोपियों के रैकी करने की जानकारी मिली जिसके बाद एक-एक कडिय़ों को जोडक़र घटना के मास्टर मांइड अंजुलस एक्का और संदीप राठिया तक पहुंची और घटना में शामिल 4 अन्य आरोपियों का पता चला। धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा आरोपी संदीप राठिया, अंजुलस एक्का ,करनदास महंत, लाजरूस एक्का को गिरफ्तार कर उनके मेमोरेंडम पर एक नग पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक लोहे का खुखरी, मोबाइल, 3 बाइक, नकदी 2000 रूपये एवं आहत विनोद लकड़ा का आधार कार्ड, तीन बैंक पासबुक, बैग आरोपियों के मेमोरंडम पर बरामद किया गया था। घटना के बाद से घटना में शामिल आरोपी कल्याण खाखा निवासी झारखंड एवं अनिल तिर्की निवासी लेमरू कोरबा फरार थे।

पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के दिशा निर्देशन पर फरार दोनों आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी के लिए एसडीओपी धरमजयगढ़ सुशील नायक के नेतृत्व में 3 पुलिस टीमें आरोपियों के लेमरू, कोरबा और झारखंड में छिपे होने की सूचना पर लगातार छापेमारी किया जा रहा था। अन्तत: झारखंड रवाना हुई टीम को गुमला झारखंड में आरोपी कल्याण खाखा को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। आरोपी को पुलिस टीम हिरासत में लेकर धरमजयगढ़ लाया गया जिससे पूछताछ की गई।

इस तरह बनी थी लूट की योजना
आरोपी कल्याण ठिठियो उर्फ कल्याण खाखा (23)ग्राम उदनी थाना डुमरी जिला गुमला (झारखंड) बताया कि घटना के 8-10 दिन पहले अंजुलस एक्का का भाई लाजरूस एक्का मोबाइल पर कॉल कर लेमरू कोरबा बुलाया था। वहां अंजुलस बैंक कैशियर को लूटना है, 15 से 20 लाख रूपये तक मिल सकता है। घटना के 4-5 दिन पहले अंजुलस और संदीप राठिया बैंक आसपास रैकी किये थे, उनके साथ रैकी में गया था। आरोपी कल्याण ने यह भी बताया कि लूटपाट के लिए 28 फरवरी को संदीप के मौसी के घर सरदुला में अंजुलस, लाजरूस, अनिल तिर्की, संदीप राठिया, करन राठिया के साथ बैठकर लूटपाट की प्लानिंग किये थे और दूसरे दिन 01 मार्च को सुबह जब घटना को अंजाम देने निकले। तीन बाइक पर कैशियर का पीछा करते हुए दर्राघाटा के आगे मिरीगुड़ा के पास संदीप पिस्टल से कैशियर को गोली मारी, उसे गोली नहीं लगी। तब कैशियर को अपने पास रखे देशी कट्टे से गोली चलाया जो कैशियर के दाहिने कंधे में लगा। बैग लूटने के बाद बताती में बैग को खोल कर देखें बैग में रुपए नहीं था।

आरोपी कल्याण ने यह भी बताया कि घटना के बाद अंजुलस एक्का के घर पर था। अपना देशी कट्टा तथा अंजुलस ने अपना 7 एमएम पिस्टल और लाजरूस को रखने दिये तो लाजरूस हथियारों को छिपाने के लिये अनिल तिर्की को दिया था। अनिल तिर्की अपने घर के पेड़ के खोखले में हथियारों को छिपा दिया था। जिसके बाद झारखंड भाग गया था। आरोपी के मेमोरंडम पर एक देशी कट्टा जिससे कैशियर पर फायर किया गया और 7 एमएम पिस्टल,  5 राउंड सहित तथा 2 और गोली बरामद किया गया है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news