राजनांदगांव

नांदगांव में महिला चिकित्सक और पूर्व भाजपा जिला पंचायत सदस्य की कोरोना मौत
10-Apr-2021 1:22 PM
नांदगांव में महिला चिकित्सक और पूर्व भाजपा जिला पंचायत सदस्य की कोरोना मौत

मौत के बढ़ते आंकड़े से दहशत में लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अप्रैल।
राजनांदगांव कोरोना मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को दो अलग-अलग क्षेत्र के चर्चित हस्तियों की कोरोना से जान चली गई। शुक्रवार को एकमुश्त आधा दर्जन मौते हुई। इस कोरोना मौत में डोंगरगढ़ ब्लॉक के मुसरा में पदस्थ सहायक चिकित्सा अधिकारी एकता उपाध्याय  की भी जान चली गई। वहीं दूसरे चर्चित चेहरे में घुमका क्षेत्र के भाजपा नेता रेशमलाल गायकवाड़ भी कोरोना से जंग नहीं लड़ पाए और उसकी भी मौत हो गई।
 
महिला चिकित्सक डॉ. एकता उपाध्याय राजनांदगांव शहर के लेबर कालोनी की रहने वाली है। उनका करीब दो साल पहले विवाह हुआ था। मुसरा में कार्यरत डॉ. एकता उपाध्याय कोरोना वारियर्स के रूप में लगातार लोगों का उपचार कर रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनकी सेहत में गिरावट आने लगी। गंभीर हालत में उन्हें शहर के जीवनरेखा अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती किया गया। लगातार आक्सीजन लेबल के गिरने से उनकी स्थिति सुधर नहीं पाई। शुक्रवार देर शाम को उनका निधन हो गया। 

इधर घुमका क्षेत्र के रेशमलाल गायकवाड़ भी कोरोना से लड़ते हुए हार गए। उनका भी शुक्रवार शाम को निधन हो गया। गायकवाड़ भाजपा के सक्रिय और चर्चित चेहरे रहे हैं। वह जिला पंचायत के सदस्य भी रहे। साथ ही घुमका मंडल के अध्यक्ष भी रहे हैं। इन दोनों के निधन से दहशत की स्थिति बन गई है।  

इधर अप्रैल के दूसरे सप्ताह में लगातार तीसरे दिन एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि समूचे जिले में हालात बद से बदतर होनी लगी है। कोविड-19 अस्पतालों में मरीजों के लिए बिस्तर का संकट खड़ा हो गया है। वहीं आक्सीजन सिलेंडर की भी किल्लत ने मरीजों पर आफत टूट पड़ा है।

मिली जानकारी के मुताबिक अप्रैल माह में अब तक 6 हजार 654 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें शहर से 2334 और ग्रामीण क्षेत्र से 4320 लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बीते 9 दिनों में लगभग तीन दर्जन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news