महासमुन्द

महासमुंद जिले में दूसरे दिन कोरोना मरीजों का आंकड़ा 500 पार
10-Apr-2021 5:28 PM
महासमुंद जिले में दूसरे दिन कोरोना मरीजों का आंकड़ा 500 पार

पटेवा में शुक्रवार शाम 6 बजे से 17 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अप्रैल।
जिले में लगातार दूसरे दिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 500 के पार पहुंचा है। शुक्रवार को जिले में एक बार फिर 548 मरीज मिलेए वहीं दो की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 249, बागबाहरा में 17, पिथौरा 94, बसना में 44 और सरायपाली में 84 मरीज मिले। कल शुक्रवार को 86 स्वस्थ भी हुए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। कल शुक्रवार को जो दो मौतें हुई हैं उनमें दोनों महिलाएं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शुक्रवार को जिले के डेडिकेटेड कोविड अस्पताल में बसना ब्लॉक के बडग़ांव निवासी 35 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा। उसे कोविड इन्फेक्शन के अलावा अन्य बीमारियां थी। इसी तरह सरायपाली ब्लॉक के नवरंगपुर निवासी एक 69 वर्षीय महिला की भी शुक्रवार को मृत्यु को गई। महासमुंद जिले में अब तक कोरोना के कुल 13591 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कुल 10008 स्वस्थ हुए हैं। वहीं 178 लोगों की मौत हो चुकी है। 

(इधर जिला परिवहन कार्यालय में कोविड की एंट्री हो गई है। इसके चलते अगले एक सप्ताह तक यहां ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम नहीं होगा। वहीं शेष काम सुचारू रूप से संपन्न होंगे। जिला परिवहन अधिकारी एमएल साहू ने बताया कि कार्यालय में अधिकारी सहित 5 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके चलते सोमवार 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक यहां ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम नहीं होगा।)

कल शुक्रवार से जिले के तीन निजी अस्पतालों में टीकाकरण की सुविधा शुरू कर ली गई है। इनमें महासमुंद शहर के आरएलसी हॉस्पिटल, जैन नर्सिंग होम और सरायपाली के भारती हॉस्पिटल शामिल हैं। अब इन निजी अस्पतालों में भी कोविड पॉजिटिव मरीजों का इलाज होगा। इन तीनों निजी अस्पताल में ऑक्सीजन के 34, जनरल 24 बेड हैं। इस तरह तीनों निजी अस्पताल में कुल 58 बेड पर कोविड मरीजों का इलाज होगा। इनमें से आरएलसी अस्पताल में 19, जैन हॉस्पिटल में 6 और भारती हॉस्पिटल सरायपाली में 7 ऑक्सीजन के बेड हैं।

(इसी क्रम में जानकारी मिली है कि पटेवा के व्यापारियों ने टोटल लॉकडाउन का फैसला लिया है। यहां शुक्रवार शाम 6 बजे से लेकर 17 अप्रैल सुबह 6 बजे तक टोटल लॉक डाउन रहेगा। पटेवा में 180 दुकानें हैं। पटेवा में 26 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इसे बाद ही उक्त निर्णय लिया गया। व्यापारियों ने लॉकडाउन संबंधी सूचना प्रशासन को दे दी है। इस दौरान मेडिकल सुविधाएं सुचारू रूप से पहले की तरह संचालित होगी। वहीं महासमुंद के इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन ने भी महासमुंद नगर को टोटल लॉकडाउन करने की मांग की है।)
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news