महासमुन्द

महासमुंद में 194 दिनों बाद लॉकडाउन रिटर्न
11-Apr-2021 6:17 PM
महासमुंद में 194 दिनों बाद लॉकडाउन रिटर्न

14 से 22 तक सख्त पाबंदी की घोषणा  

भाजपा का कहना है कि ये राजनीतिक दबाव है कांग्रेस कहती है चुनाव अपनी जगह, लॉकडाउन जरूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अप्रैल।
महासमुन्द जिले में कल शनिवार की देर रात आगामी 14 तारीख से 22 तारीख तक लॉकडाउन की घोषणा जिले के कलेक्टर ने कर दी है। बता दें कि पिछले साल 1 अक्टूबर 2020 को जिले में लॉकडाउन खत्म हुआ था। इस तरह अब 194 दिनों बाद लॉकडाउन लौट रहा है। 

हालांकि अभी 14 अप्रैल को होनेवाले लाकडाउन से पहले जनपद अध्यक्ष का चुनाव होना है। बता दें कि जनवरी 2021 में जनपद अध्यक्ष भागीरथी चंद्राकर के निधन के बाद से जनपद अध्यक्ष की कुर्सी खाली है। इसी के लिए 12 अप्रैल को चुनाव होना है। अब इसी दौरान लॉकडाउन को लेकर भाजपा ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि यह राजनीतिक दबाव में आकर लिया गया निर्णय है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि चुनाव अपनी जगह पर है लेकिन लॉकडाउन जरूरी है। 

शनिवार की शाम को भी कलेक्टर ने व्यवसायिक गतिविधियों की समय सीमा में 3 घंटे की कटौती करते हुए सुबह 6 से अपरान्ह 3 बजे तक दुकानें खोलने का आदेश जारी किया था। वहीं कल देर रात 14 तारीख से लॉकडाउन की भी घोषणा कलेक्टर ने की है।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डोमन सिंह ने आदेश में कहा है कि नियम तोडऩे वालों पर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। लॉकडाउन के दौरान तय समयावधि में घरों में जाकर दूध बांटने वाले दूध विक्रेता प्रात: 6 से प्रात: 8 बजे तक व शाम 5 बजे से सायं 7 बजे तक लॉक डाउन से मुक्त रहेंगे। न्यूज पेपर हॉकर भी इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। 

लॉकडाउन के दौरान जिले में शराब, सब्जी, फल और किराना दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा जिले की सीमाएं सील रहेंगी और धार्मिक स्थान भी बंद रहेंगे। केवल मेडिकल सेवाएं, कोविड वैक्सीनेशन सेंटर, रेलवे स्टेशन और दूध की दुकानें खुली रहेंगी। आवश्यक स्थिति में ऑफिस आने पर लोगों के लिए आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। पेट्रोल पंप पर भी चिन्हित सेवाओं से जुड़े लोगों को ही पेट्रोल मिलेगा। इमरजेंसी में चार पहिया वाहन और ऑटो में ड्राइवर सहित अधिकतम 3 लोगों को बैठने की अनुमति मिलेगी।

जिले में लगातार तीसरे दिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आकड़ा 533 के पार पहुंच गया है। शनिवार को 3 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 170, बागबाहरा में 97, पिथौरा में 129, बसना में 67 और सरायपाली में 70 मरीज मिले हैं। कल शनिवार को स्वस्थ्य 10 मरीज हुए हैं। वहीं तीन की मौत हो हुई है। जिले में अब तक 181 लोग कोरोना से जान गवां चुके हैं। 

कल ही 60 आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए हैं, जिसमें 15 पॉजिटिव आए। इसी तरह टू.नॉट से 134 व रैपिड एंटीजेन से 1060 लोगों का टेस्ट किया गया है। इसमें क्रमश: 15 एवं 503 लोग पॉजिटिव आए हैं। यानी कुल 1254 ने शनिवार को टेस्ट कराया है। शुक्रवार को भी 500 के पार पॉजिटिव मरीज आए थे। वहीं दो लोगों की मौत हुई थी।

लाकडाउन के संबंध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर कहती हैं कि लॉकडाउन के मैं पक्ष में रही हूं। इस संबंध में मैंने पहले भी कलेक्टर से चर्चा की थी साथ ही इसको लेकर व्यापारिक वर्ग ने भी समर्थन किया था चुनाव अपनी जगह है। इस बात की लोगों को जानकारी है। 

भाजपा जिलाध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी का कहना है कि लाकडाउन पूरी तरह से राजनीतिक दबाव में लिया गया है। हम पहले भी इस संबंध में आरोप लगा रहे थे। जनपद चुनाव के लिए भी सदस्यों को गायब कर दिया गया है। जिसके बाद चुनाव की अधिसूचना जारी की गई और अधिसूचना के तहत 12 तारीख को जनपद अध्यक्ष का चुनाव होना है। चुनाव के बाद लॉकडाउन की तारीख घोषित की गई है। यह पूरी तरह से राजनीतिक दबाव का हिस्सा है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news