राजनांदगांव

खेल और राजनीति के खिलाड़ी बहेकर नहीं रहे
03-May-2021 12:57 PM
खेल और राजनीति के खिलाड़ी बहेकर नहीं रहे

हॉकी खेल के साथ कांग्रेस की राजनीति में चर्चित नाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मई।
कोरोना ने राजनांदगांव शहर के एक और चर्चित व्यक्ति की जान ले ली है। खेल और राजनीति के मंझे खिलाड़ी माने जाने वाले पूर्व पार्षद बसंत बहेकर का गुजरी रात को निधन हो गया। वह करीब माहभर से शहर के एक निजी अस्पताल में कोविड-19 मरीज के रूप में उपचारार्थ दाखिल थे। बीती रात को उन्होंने आखिरी सांस ली। 

तीन बार के पार्षद रहे बसंत बहेकर युवा समयकाल में हॉकी के एक नामचीन खिलाड़ी थे। उन्होंने स्कूल से लेकर कॉलेज स्तर तक कई टीम का प्रतिनिधित्व किया। कॉलेज में अध्ययनरत रहते वह पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के हॉकी टीम के नियमित सदस्य थे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई टूर्नामेंट में यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया। वह अविभाजित मध्यप्रदेश के सीनियर हॉकी टीम के भी सदस्य थे। हैदराबाद में उन्होंने मध्यप्रदेश की ओर से भाग लिया था। बहेकर हॉकी खेल में लेफ्ट आउट पोजिशन पर खेला करते थे।

श्री बहेकर स्थानीय स्तर पर मिलचाल इलवेन से खेला करते थे। इसके बाद उन्होंने राजनीति का रूख किया। कांग्रेस से वे तीन बार पार्षद चुने गए। 2010-15 में तत्कालीन महापौर नरेश डाकलिया की एमआईसी में भी वह सदस्य रहे। श्री बहेकर ने कांग्रेस की राजनीति में लंबे समय तक संगठन  में कार्य किया। वह गुटीय राजनीति से परे होकर कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता के तौर पर सक्रिय रहे। 

कल देर रात कोरोना से जंग लड़ते वह हार गए। उनके निधन की खबर से कांग्रेस और दूसरे राजनीतिक दलों के साथ खेल जगत में भी शोक की लहर है। पूर्व महापौर नरेश डाकलिया ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री डाकलिया ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते कहा कि स्व. बहेकर के खेल और राजनीति में दिए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इधर कांग्रेस के नेताओं ने भी श्रद्धांजलि व्यक्त करते शोक जाहिर किया है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news