राजनांदगांव

रियायतों के साथ नांदगांव 15 तक रहेगा लॉक
05-May-2021 1:37 PM
रियायतों के साथ नांदगांव 15 तक रहेगा लॉक

राशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, दो पहिया कारोबार को मिली छूट, बैंकों में रहेगी रोक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई।
करीब महीनेभर से लागू लॉकडाउन की मियाद को कलेक्टर टीके वर्मा ने 15 मई तक आगे बढ़ा दिया है। 10 अप्रैल से शुरू हुआ लॉकडाउन का सिलसिला साप्ताहिक अंतराल में बढ़ता गया। आखिरी बार 26 अप्रैल से 5 मई तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। 

बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के असर से शहर में कोरोना के नए मामलों में काफी कमी आई है। औसतन 150-160 नए केस सामने आए हैं। जबकि लॉकडाउन नहीं लगाने के चलते मामलों में काफी उछाल आया था। बताया जा रहा है कि 6 से 15 मई तक कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन को आगे किया गया है। यह चौथी बार है जब प्रशासन ने लॉकडाउन की तारीख को और आगे खिसका दिया है। बताया जा रहा है कि चौथे लॉकडाउन में राशन की होम डिलवरी की समय-सीमा बढ़ाई गई है। वहीं इलेक्ट्रशियन, मोटर साइकिल मरम्मत के लिए भी कुछ घंटों की छूट दी गई है। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक और मोटर साइकिल व्यवसाय के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय तय किया गया है।  

कोरोना की दूसरी लहर में सैकड़ों मौतों के बीच प्रशासन ने संक्रमण चैन तोडऩे के लिए लॉकडाउन लागू किया है। दस दिन के लिए फिर से लॉकडाउन लगाए जाने के निर्णय में सब्जी, फल और किराना व्यापारियों को दोपहर 3 बजे तक होम डिलवरी करने की छूट दी गई है। वहीं दवा और पेट्रोल पंप के लिए सभी के लिए खोल दिए गए हैं। दूध पार्लर और वितरण कार्य के लिए सुबह दो घंटे 6 से 8 और शाम 6 से 7 तक का समय तय किया गया है। 

लॉकडाउन में दो पहिया और चार पहिया वाहनों के रिपेयरिंग और पंचर दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। बताया जा रहा है कि दूसरे कारोबार पर प्रशासन ने सख्त बंदिशें लागू करने का निर्णय लिया है। उधर प्रशासन से लॉकडाउन में राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे सराफा, कपड़ा, बर्तन, सेलून और रेस्टोरेंट कारोबारी मायूस हुए हैं। इन व्यवसाय पर प्रशासन ने किसी भी तरह की ढ़ील नहीं दी है।

रविवार को टोटल लॉकडाउन
चौथे दौर के लॉकडाउन में रविवार के दिन को पूरी तरह से लॉक करने का प्रशासन ने निर्णय लिया है। इस दिन केवल पेट्रोल, दवाई, अस्पताल और दूसरे आवश्यक सेवाओं को ही छूट दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट तौर पर आदेश जारी करते कहा है कि रविवार को लॉकडाउन में किसी तरह भी रियायत नहीं होगी। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news