राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई। चौथे चरण के लॉकडाउन में मिली रियायत के बीच प्रशासन ने रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। कलेक्टर टीके वर्मा ने चौथे दौर में लॉकडाउन की घोषणा में रविवार को पूर्ण बंदिश के साथ तमाम कारोबार पर रोक रहने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में रविवार को अति आवश्यक सेवाओं को छोडक़र अन्य व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह से बंद रहेंगी। राजनांदगांव शहर समेत जिले में रविवार को सख्त पाबंदी के साथ लॉकडाउन का पालन करने का कलेक्टर ने निर्देश दिया है।
इधर रविवार को पूर्ण लॉकडाउन होने के कारण आज शनिवार को बाजार में फिर से भीड़ उमड़ी। पाबंदियों में मिली छूट के चलते बाजार फिर से खचाखच हो गया है। लोगों को कोविड-19 की शर्तों का पालन करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। बताया जा रहा है कि रियायत का लोग बेजा इस्तेमाल कर रहे हैं। भीड़भाड़ नहीं करने के निर्देशों का माखौल उड़ाया जा रहा है। रविवार को लॉकडाउन होने के चलते बाजार में लोगों ने आज खरीददारी की।
रविवार को लॉकडाउन में पेट्रोल और दवाईयोंं दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव शहर में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में काफी गिरावट आई है। शुक्रवार को महज 59 नए संक्रमित केस मिले हैं। हालांकि देहात क्षेत्रों में अब भी कोरोना का कहर बना हुआ है। कोरोना से मौतों की संख्या में गिरावट नहीं आना चिंता का विषय है। यही कारण है कि एक माह से राजनांदगांव शहर समेत ग्रामीण इलाकों को लॉकडाउन की बंदिशों में रखा गया है।