राजनांदगांव

रोज बरसते बादल से मई में मानसूनी मौसम का अहसास
09-May-2021 1:36 PM
रोज बरसते बादल से मई में मानसूनी मौसम का अहसास

रविवार को सुबह दो घंटे बारिश 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मई।
मई के पहले दिन से एक-दो दिन के अंतराल में शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को भी रहा। रोज बरसते बादल से मई का पहला सप्ताह मानसूनी मौसम का अहसास करा रहा है। मानसून के दस्तक के दौरान होने वाली बारिश जैसा लोगों को अहसास हो रहा है। 

एक-दो दिन के अंतराल में रोज शाम को बादल बरस रहे हैं। रविवार सुबह हुई बारिश ने झड़ी का शक्ल अख्तियार कर लिया। करीब दो घंटे की बेमौसम बारिश के साथ मौसम ने करवट बदली। शनिवार शाम को भी हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल गरजे। शुक्रवार शाम को तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। बताया जा रहा है कि उत्तरी मध्यप्रदेश और कर्नाटक के मध्य एक द्रोणिका बनी हुई है। जिसके चलते बारिश हो रही है।  पिछले करीब 4-5 दिनों से रोज हो रही बारिश से पहले शाम को मौसम पूरी तरह से बदल रहा है। लिहाजा तापमान में तेजी से गिरावट आने से लोगों को भले ही गर्मी से छुटकारा मिला है, परन्तु बेमौसम बारिश से मानसून के कमजोर पडऩे की चिंता जताई जा रही है।

गौरतलब है कि गुजरे साल भी मई का पूरा महीना रोजाना शाम को खराब मौसम की भेंट चढ़ गया था। पिछले साल भी बादल खूब गरजे-बरसे। यह सिलसिला इस साल भी जा रही है। मई के महीने को गर्मी के उग्र तेवर के लिए जाना जाता है। भीषण गर्मी पडऩे के बाद मानसून भी जमकर बरसते हैं। इस साल अब तक गर्मी अपने शबाब तक नहीं पहुंच पाई है। पारा बढ़ते ही बेमौसम बरिश होने से गर्मी के तेवर ढीले पडऩे लगे हैं। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news