रायगढ़

बापू की प्रतिमा के अपमान को लेकर भाजपा करेगी प्रदर्शन
10-May-2021 6:53 PM
बापू की प्रतिमा के अपमान को  लेकर भाजपा करेगी प्रदर्शन

   कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप     

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 मई। रायगढ़ के महात्मा गांधी चौक पर लगाई गई महात्मा गांधी की प्रतिमा को दो दिन पहले नगर निगम के द्वारा सडक़ चौड़ीकरण के नाम पर अपमानजनक तरीके से हटाए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने नगर निगम प्रशासन तथा भूपेश सरकार को घेरा है।

उमेश अग्रवाल का कहना है कि जिस बापू के नाम पर कांग्रेस ने प्रचार-प्रसार के जरिए कई बार सत्ता पाई है और इनके शीर्षस्थ नेता आज भी इनके सरनेम का उपयोग करते आ रहे हैं और ऐसे में बापू की प्रतिमा का सरेआम अपमान कैसे सह रहे हैं, यह सोचनीय पहलू है। उमेश अग्रवाल ने यह आरोप लगाया कि लॉकडाउन के समय अचानक नगर निगम को सडक़ चौड़ीकरण की याद आई है और आनन-फानन में बापू की प्रतिमा का जिस प्रकार अपमान जनक तरीके से हटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास शिफ्ट किया गया है, वह आपत्तिजनक है। उनका कहना है कि महात्मा गांधी चौक शहर की पहचान है और प्रतिमा के सामने समय-समय पर होनें वाले आंदोलन तथा अन्य कार्यक्रमों पर विराम लग जाएगा।

उन्होंने यह सवाल उठाए हैं कि निगम के अधिकारी यह बताएं कि जिस जगह महात्मा गांधी की प्रतिमा को स्थापित किया गया है वहां आने वाले समय में आंदोलन करने या अन्य कार्यक्रमों की अनुमति मिलेगी या फिर इसमें भी प्रशासन के ईशारे पर कोई भी कार्यक्रम होगा।

भाजपा के जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा है कि बापू की प्रतिमा को हटाए जाने को लेकर जिला कांग्रेस से लेकर प्रदेश कांग्रेस नेताओं की चुप्पी भी हास्यापद है चूंकि महात्मा गांधी भारत में ही नहीं विदेशों में भी बापू के नाम से जाने जाते हैं और कांग्रेस ने हमेशा महात्मा गांधी को लेकर अपनी राजनीति चमकाई और उनकी प्रतिमा के अपमान पर अधिकारियों को खुली छूट दिया जाना साफ दर्शाता है कि केवल चुनाव के समय ही कांग्रेस को बापू याद आते हैं जबकि ऐसा अगर भाजपा शासनकाल में होता तो कांग्रेसी छाती पीट पीटकर इसे मद्दा बना देते। इस मामले में जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद भाजपा बापू की प्रतिमा के सामने एक सांकेतिक प्रदर्शन भजन कीर्तन के नाम पर करेगी और इसमें नगर निगम तथा कांग्रेसियों की कारगुजारियों पर भी घेरेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news