कोण्डागांव

दूल्हा-दुल्हन पर लॉकडाउन का कहर
10-May-2021 8:29 PM
दूल्हा-दुल्हन पर लॉकडाउन का कहर

   शादी की आधी रस्म लॉकडाउन के पहले तो आधी लॉकडाउन के बाद   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

विश्रामपुरी (जिला कोंडागांव), 10 मई। कोरोना संक्रमण के चलते जिले में लगातार लॉकडाउन चल रहा है। ऐसी स्थिति में लॉकडाउन दूल्हा-दुल्हन पर कहर बरपा रहा है। कई जोड़ों की शादी की आधी रस्म पूरी हो चुकी है। अब आधी रस्म लॉकडाउन खुलने के बाद होगी।

ऐसा पहली बार देखा सुना गया है कि शादी की पूरी तैयारी यहां तक कि मडवा और हरिद्रा लेपन के रस्म पूरी होने के बाद कई जोड़ों को शादी रोकनी पड़ी है।

काफी लोग विवाहों को या तो स्थगित कर रहे हैं या उन्हें टाल रहे हैं। वहीं, कई लोग ऐसे भी हैं, जो बैंड-बाजा-बारात के बिना विवाह सम्पन्न किए। जिले में कोरोना संकट के बीच 16 मई तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस बीच जिला प्रशासन के द्वारा शादियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 लॉकडाउन के चलते जिले में लोग दो साल से शादी का इंतजार कर रहे हैं। विगत वर्ष जब लॉकडाउन चल रहा था तो लोगों ने लॉकडाउन के खत्म होने का इंतजार किया तब कोई मुहूर्त नहीं मिल रहा था। हालांकि कुछ लोगों ने बिना मुहूर्त के ही शादी रचा ली। जैसे ही मुहूर्त का समय आया पुन: लॉकडाउन लागू हो गया। ऐसी स्थिति में शादी के लिए तैयार खड़े जोडिय़ों पर क्या बीत रही होगी। यह अंदाजा लगाया जा सकता है।

 बड़ेराजपुर ब्लाक के ग्राम बड़बत्तर में यादव परिवार में शादी शुरू हो चुकी थी। मड़वा (मंडपाच्छादन) का एवं हरिद्रा लेपन तक का रस्म पूरा हो चुका था। उसके बाद शादी स्थगित करना पड़ा। राम लाल यादव ने बताया कि बेटे अनिल की शादी 23 अप्रैल को तय थी शाम को मडवा एवं सुबह हरिद्रा लेपन का रस्म पूरा हो चुका था। इधर घर के बाकी सदस्य बारात जाने की सामग्री इक_ा कर तैयारी कर ही रहे थे। इसी बीच वधू पक्ष के लोगों का फोन आ गया कि यहां पर भी लॉकडाउन कड़ाई से चल रहा है। ग्रामीण सडक़ों पर लकडिय़ों से अवरोध डाले हैं तथा किसी को भी गांव के भीतर घुसने नहीं दिया जा रहा है ऐसी स्थिति में बारात को भी वापस कर दिया गया तो मुसीबत होगी। ऐसा सुनकर उन्होंने बारात जाना स्थगित किया कुल मिलाकर शादी ही स्थगित हो गई। यादव परिवार का बारात ग्राम पेटोली मोरडोंगरी कांकेर जाना तय हुआ था।

इसी गांव के रामसाय सोरी ने बताया कि उनका पुत्र रोहित जो कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पर राजनांदगांव में पदस्थ है को दूसरी बार शादी स्थगित करनी पड़ी है। पहले 10 मई 2020 को शादी तय हुई थी और लॉकडाउन लागू हुआ जिसके चलते शादी स्थगित करना पड़ा था। इस वर्ष 30 अप्रैल को शादी तय हुई थी।

 शादी का पूरा इंतजाम किया गया था। मिठाई आदि बनकर तैयार था। वाहन, पंडाल आदि का एडवांस में भुगतान भी कर दिया गया था। बारात व्यास कौंगेरा कांकेर जाना था कि वधू पक्ष वालों का फोन आया कि यहां पर ग्रामीण गांव में किसी को घुसने नहीं दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीण बारात को वापस कर देंगे तो बड़ी दिक्कत होगी। तत्पश्चात पूरी तैयारी के बाद उन्होंने दूसरी बार शादी स्थगित किया है।

ग्राम गिरोला के दयाशंकर पांडे के पुत्र की बारात ग्राम मारकेल जिला बस्तर की युवती से होनी थी। मड़वा की तैयारी चल रही थी कि शादियों पर प्रतिबंध का आदेश पहुंच गया तो परिवार ने विवाह स्थगित किया। गिरोला गांव के ही रामदयाल के पुत्र टंकेश्वर की शादी गांव के ही स्व. बुद्धेश्वर की पुत्री रश्मि के साथ होना था जो ऐन वक्त पर लाकडाउन के कारण स्थगित हुआ।

 इसी प्रकार ग्राम बांसकोट निवासी महेश कलार ने बताया कि उनके पुत्र जो कि पुलिस में आरक्षक पद पर पदस्थ है। उनकी शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी, निमंत्रण कार्ड बांट दिया गया था। सालिकराम सेठिया बांसकोट एवं धामनपुरी के चमरा राम राठौर के घर भी पूरी तैयारी के बाद शादी स्थगित हुआ है।

शादियों से 258 संक्रमित

जिले में लगातार कोरोना संक्रमण के चलते कलेक्टर के द्वारा शादियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। 10 लोगों की अनुमति लेकर 100 से भी अधिक लोग इक_े हो रहे थे जिसके चलते संक्रमण बढ़ रहा था। जिले में कुल 645  शादियों को अनुमति मिली थी। प्रशासन के द्वारा 490 शादियों का निरीक्षण किया गया था, जिसमें 99 शादियों में निर्धारित संख्या से अधिक लोग उपस्थित पाए गए। विवाह स्थल की जांच में 258 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिसे देखते हुए कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने शादियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

अभी शादियों पर प्रतिबंध लगा रहेगा-कलेक्टर

कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अनुमति प्राप्त करने के बाद अधिकांश शादियों में कोरोना के गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा था। लोग अधिक संख्या में शादियों में जुट रहे थे तथा पाया गया कि इससे संक्रमण बढ़ रहा था। जिसके चलते शादियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के पश्चात ही शादियों पर प्रतिबंध हटाया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news