कोण्डागांव
कोण्डागांव, 12 मई। विगत दिनों केशकाल दौरे के दौरान कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा सीमा को सील करने हेतु केशकाल बस स्टैंड में बनाए गए चेकपोस्ट पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने जिले की सीमा पर वाहनों को रोक कर की जा रही जांच का मुआयना किया था। इस दौरान अधिकारियों से चर्चा में उन्होंने पाया कि सीमा पर ड्यूटी पर लगाए गए अधिकांश कर्मचारी 45 वर्ष से अधिक आयु के थे। इस पर कलेक्टर ने 11 मई को आदेश जारी कर सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीमा ड्यूटी पर केवल 45 वर्ष से कम आयु वर्ग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाये, क्योंकि सीमावर्ती क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों से संक्रमण का खतरा अधिक रहता है व 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग कोरोना संक्रमण के प्रति अधिक संवेदनशील रहते हैं। इसके लिए सीमा पर तैनात सभी कर्मचारियों को सुरक्षा हेतु एन 95 मास्क भी प्रदान किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने फ्रंटलाइन में कार्य कर रहे कर्मचारियों का रोस्टर तैयार करते वक्त कोविड-19 से बचाव हेतु लगाए जाने वाले टीके की दोनों डोज पूरे कर चुके कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि कर्मचारियों को सुरक्षित रखा जा सके।