महासमुन्द

पिथौरा सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी
14-May-2021 5:38 PM
पिथौरा सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 14 मई।
बसना विधायक एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष राजा देवेंद्रबहादुर सिंह की मांग पर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने बुधवार को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में 125 जम्बो ऑक्सीजन क्षमता वाले प्लांट और 30 ऑक्सीजन बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि श्री सिंह लगातार बसना विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव से मुलाकात कर मांग कर रहे थे।

उक्त संबंध में क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा द्वारा जिले के सभी विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की वर्चुअल मीटिंग ली थी। इस मीटिंग में भी सभी विधायकों ने अपने क्षेत्र के हालात पर चर्चा की, परन्तु उन्होंने कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की थी। जिसे तत्काल संज्ञान में लेते हुए श्री लखमा ने  उक्त ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा कर दी। तीसरी संभावित कोरोना लहर में बच्चों के ज्यादा प्रभावित होने की जानकारी के बाद उन्होंने जिले के सरकारी एवं निजी अस्पातालों में भी छोटे बच्चों के लिए अलग से वार्ड, बेड, ऑक्सीजन के इंतजाम करने को कहा।

30 बेड ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ेंगे
उक्त संबंध में स्वास्थ्य विभाग के जानकारों का मानना है कि अब यहाँ के अस्पताल के 30 बेड ऑक्सीजन से जुड़ जाएंगे। ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से क्षेत्र के समस्त वर्ग के लोगों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन मिलेगी। इसके अलावा बार बार सिलेंडर लेने व रिफलिंग से छुटकारा मिलेगा, साथ ही ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौतों से किसी भी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।। संकट और विपदा के समय मिला यह प्लांट मरीजों और क्षेत्र के लिए संजीवनी साबित होगी, आस पास के अस्पतालों को भी अब ऑक्सीजन के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके मंडपे ने बताया कि जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू हो जाएगा। प्लांट से वार्ड तक पाइप लगाकर सप्लाई होगी। इसके बाद सिलेंडर से ऑक्सीजन देने का काम बंद हो जाएगा। पाइप लाइन के जरिए प्लांट से 30 बेडों पर मरीजों को 24 घंटे तक ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकेगी। यह काम मई के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारियों को सभी तैयारियां जल्द पूरा करने को कहा है ताकि सांस की तकलीफ से पीडि़त मरीजों को समय पर मेडिकल ऑक्सीजन मिल पाए। 

इस जनहितैषी कार्य के लिए पिथौरा की जनता के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलवंत खनूजा, नगर पंचायत अध्यक्ष आत्माराम यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनन्त सिंह वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कारण सिंह दीवान, जनपद उपाध्यक्ष मुकेश यादव, अजय नन्द, न पं उपाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव, प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। राजा देवेंद्र बहादुर सिंह ने संपूर्ण विधानसभा वासियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है तथा कोविड-19 को लेकर बने शासन प्रशासन के नियमों का पालन करने की नसीहत भी देते हुए ग्रामीण जनों से जल्द से जल्द वैक्सीन लेने की बात भी कही।

2 करोड़ मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए
इधर क्षेत्रीय विधायक ने प्रदेश में स्वास्थ्य आपदा को देखते हुए विधायक निधि से मुख्यमंत्री राहत कोष में दो करोड़ रुपये दिए हंै। विधायक की सक्रियता से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news