राजनांदगांव
राजनांदगांव, 14 मई। भाजपा नेता अशोक चौधरी ने महापौर हेमा देशमुख के बयान का विरोध करते कहा कि डॉ. रमन सिंह विधायक राजनांदगांव अपने क्षेत्र में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनके खिलाफ में महापौर को अनर्गल बातें नहीं करनी चाहिए। वे 8 दिन के अंतराल में तीन-चार घंटे अपने क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर सामाजिक संस्थाओं क्षेत्र के आम नागरिकों एवं भाजपा के सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हैं।
उन्होंने जारी विज्ञप्ति में आगे कहा कि राजनांदगांव जिले के किसी भी विधायक जो अपने क्षेत्र में ही निवास करते हैं, गांव के अलग-अलग हिस्सों में कितना कार्य कर रहे हैं, यह कांग्रेस नेत्री को पता करना चाहिए। उन्हें यह भी पता करना चाहिए कि इस महामारी के दौरान प्रभारी मंत्री आज तक एक घंटा के लिए भी राजनांदगांव आए हैं क्या? कवर्धा के विधायक होने के नाते वह कवर्धा कितनी बार आए हैं, यदि आप एक उंगली विरोधियों को दिखाती हैं तो तीन ऊंगलियां अपनी और ही उठते हैं। महापौर आप अपने पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार रखें। डॉ. रमन सिंह सिर्फ विधायक ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री भी हैं। उन्हें सुरक्षा के नियमों के अनुसार शासन की व्यवस्था में रहना पड़ता है।