राजनांदगांव

मानसून के दस्तक से पहले बरसे बादल
10-Jun-2021 2:08 PM
मानसून के दस्तक से पहले बरसे बादल

   रिमझिम बारिश से गर्मी से लोगों को राहत   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून।
मानसून छाने के पहले गुरुवार को हुए बारिश से मौसम जहां खुशगवार हो गया है। वहीं प्री-मानसून के रूप में बरसे बादलों से लोगों ने गर्मी से काफी राहत महसूस की। मानसून के आज-कल में प्रदेश में दस्तक देने से पहले आज सुबह हुई बारिश से भीषण गर्मी से उबलते लोगों ने सुकून महसूस किया। 

मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक-दो दिन के भीतर मानसून के धमक होने की संभावना जाहिर की है। बताया जा रहा है कि मानसून छत्तीसगढ़ की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बस्तर के रास्ते मानसून के प्रदेश में दाखिल होने की संभावना है। इस बीच आज सुबह कुछ देर तक बादल जमकर बरसे। बाद में बारिश ने रिमझिम फुहारों का रूप ले लिया। बारिश के छींटे पड़ते ही तापमान में गिरावट आ गई। आज पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने से गर्म थपेड़े नदारद रहे। गर्मी के कारण जून के पहले सप्ताह में लोग पसीने से लथपथ रहे। वहीं उमस के कारण लोगों में बेचैनी भी बढ़ गई।   बारिश के साथ मौसम ने करवट बदली। वातावरण में नमी होने से गर्मी पूरी तरह से गायब हो गई। मई के महीने में भी बादल बरसते रहे। आज पूरे दिन काले मेघों के डेरा डालने से पारा तेजी से लुढक़ गया। 

बताया जा रहा है कि आज हुई बारिश मानसून की एक झलक मात्र है। अगले दो-तीन दिनों में बादलों की मेहरबानी बढ़ते ही अनवरत बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस बीच किसानों ने मौसम का रूख भांपते हुए खेतों की ओर कदम बढ़ाया है। किसान खेतों की साफ-सफाई करने के साथ-साथ मेड़ों को दुरूस्त कर रहे हैं। अच्छी बारिश होने के बाद किसान खेतों में हल चलाते नजर आएंगे। धीरे-धीरे बादलों के बरसने  से किसान खेतों में बीज का छिडक़ाव भी शुरू करेंगे। बहरहाल आज पूरे दिन मौसम बदला रहा। वहीं दिन में भी रूक-रूककर छींटे पड़ती रही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news