राजनांदगांव

नांदगांव निगम में एल्डरमैन मनोनयन में सत्तारूढ़ नेताओं की राय से परे नियुक्ति
11-Jun-2021 12:05 PM
नांदगांव निगम में एल्डरमैन मनोनयन में सत्तारूढ़  नेताओं की राय से परे नियुक्ति

   नारायण यादव को हटाने पर अंदरूनी नाराजगी   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून।
राजनांदगांव नगर निगम में नामांकित पार्षदों की शासन स्तर से जारी सूची में निवर्तमान एल्डरमैन को हटाए जाने से सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेता हैरत में है। राज्य सरकार ने कल प्रतिमा बंजारे और राजेन्द्र व्यास को एल्डरमैन नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि मौजूदा एल्डरमैन नारायण यादव को हटा दिया गया है। संगठन के भीतर यह सवाल उठ रहा है कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी क्यों की जा रही है। 

चर्चा है कि नारायण यादव संगठन में सक्रिय और ईमानदार कार्यकर्ता माने जाते हैं। राज्य सरकार ने पूर्व में यादव को एल्डरमैन नियुक्त किया था। वह काफी गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। बताया जा रहा है कि उनकी सेहत भी खराब रहती है। एल्डरमैन होने की वजह से मिलने वाले मानदेय के जरिये वह अपना चिकित्सकीय जरूरतों को पूरा करते थे। बताया जा रहा है कि एल्डरमैन नियुक्ति में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया की एकतरफा चली है। लिहाजा उनकी पसंद से सूची जारी हुई है। 

बताया जा रहा है कि प्रभारी मंत्री मो. अकबर ने दिवंगत नेता मोतीलाल वोरा के भांजे व वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र व्यास को एल्डरमैन बनाए जाने की अनुशंसा की थी। वहीं शिव डहरिया ने जातिगत समीकरणों के तहत प्रतिमा बंजारे को दिवंगत एल्डरमैन बैरिया की जगह मनोनीत किया है। बताया जा रहा है कि नारायण यादव को हटाने से सत्तारूढ़ दल के कई नेता नाराज हो रहे हैं। यादव बरसों से कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वह विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन से जुड़े रहे। 

बताया जा रहा है कि एल्डरमैन की सूची एकाएक जारी होने के बाद स्थानीय नेताओं को यादव को हटाने की जानकारी मिली। यहां यह बताना जरूरी है कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी खींचतान लगातार बढ़ रही है। संगठन और सत्तासीन नेताओं के बीच तालमेल नहीं होने से कार्यकर्ता पशोपेश में है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news