महासमुन्द

मां 5 बेटियोंं सहित एक ही गड्ढे में दफन, पूरा गांव रो उठा
11-Jun-2021 3:22 PM
 मां 5 बेटियोंं सहित एक ही गड्ढे में दफन, पूरा गांव रो उठा

   मैं तो रोज पीता हूं, मरने से पहले उसको सोचना था, इसमें मेरा क्या दोष-केजऊ   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून।
कल शाम साढ़े 4 बजे मां के साथ पांच बेटियों की लाशें पहुंचीं तो गांव बेमचा स्तब्ध था। वहां गांव के सभी लोग पहुंचे थे, लेकिन किसी की आवाज नहीं आ रही थी। इसके बाद शवों को जमीन पर उतारते ही लोगों ने कफन डालना शुरू किया। जो बच्चियां जीते जी नये कपड़ों की मोहताज थीं, उनके शवों को नये ड्रेस मिले। आखिरकार रीति-रिवाज के साथ उनके शवों को गांव के मैदान में एक स्थान पर दफना दिया गया। गड्ढे में मां के  दाहिनी ओर बड़ी बेटी और छोटी बेटी को सुलाया गया और बाकी बेटियों को बाईं ओर। इस वक्त तक गांव में सभी लोग रो रहे थे, केवल एक आदमी अभी भी पत्थर की तरह खड़ा रहा था, केजऊराम। 

पुलिस ने केजऊराम को इस मामले में आरोपी बनाया है। इस पति ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा-मैं तो रोज एक पाव पीता हूं, मरने से पहले उसको सोचना था। इसमें मेरा क्या दोष? कोतवाली में इसके खिलाफ पत्नी और बेटियों को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी संभव है। जिला प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री समेत कई लोगों ने राजधानी से मां-बेटियों को श्रद्धांजलि भेजी है। इसमें भाजपा और आम आदमी पार्टी के लोगों ने भी जांच की मांग की है।

 मालूम हो कि कल सुबह ट्रेन से कटकर मां के साथ पांच बेटियों ने अपनी जान दे दी थी। महासमुंद के पटरी पर 50 मीटर के दायरे में सभी के शव बिखरे मिले थे। आरोप है कि शराबी पति से विवाद के बाद महिला ने यह कदम उठाया। 
कल अंतिम क्रियाकर्म के बाद बेमचा में ग्रामीणों बातें कर रहे थे कि रात में शराबी पति व पत्नी के बीच विवाद हुआ था। वह बेटियों के साथ घर से निकलीं तो रिश्तदारों और पड़ोसियों ने सोचा थोड़ी देर बाद लौट आएगी। लेकिन जब घंटे दो घंटे बाद भी नहीं लौटी तो अपने अपने स्तर पर सभी ने उन्हें ढूंढा और पति आराम से घर में सोता रहा।

 मृतका उमा साहू के भाई कुबेर राम साहू ने बताया कि उनका जीजा केजऊ राम एक निजी राइस मिल में हमाली का काम करता है और शराब का आदी है। उमा अपने पति के शराब के नशे की आदत से काफी परेशान थीं। जीजा केजऊ शराब के लिए गाड़ी और घर का अन्य सामान भी गिरवी रख देता था। इसके चलते घर में आए दिन विवाद होता था। बुधवार की शाम को भी वह शराब के नशे में पहुंचा था। दोनों के बीच विवाद हुआ था। 

कुबेर ने बताया कि उमा ने केजऊ के शराब की आदत को छुड़वाने का काफी प्रयास किया। केजऊ को लेकर कई नीम-हकीम के पास भी गई, लेकिन शराब पीना नहीं छूटा। हादसे के बाद भी पति शराब के नशे में ही थाने पहुंचा। केजऊ ने भी पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम को खाना खाते समय दोनों के बीच विवाद हुआ। मैं तो हमाल आदमी हूं, रोज एक पौवा पीता हूं। मेरी आदत है। 

बेमचा हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य साधना कसार ने बताया कि बड़ी बेटी अन्नपूर्णा साहू उनके स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थीं। वह साइंस विषय लेकर पढ़ाई कर रही थी। अन्नपूर्णा पढ़ाई में काफी आगे थी। उसका इंट्रेस्ट कम्प्यूटर में था और वह स्काउट.गाइड में भी शामिल थी। इसी तरह छोटी बेटी कुमकुम शाम 5 बजे के आसपास अपनी सहेली के घर गई थी। दोनों कुछ देर तक खेलते रहे, फिर कुमकुम घर चली गई। 

अब महासमुंद में इस खुदकुशी पर राजनीति शुरू हो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, परिवार के परिवार आत्महत्याएं कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं प्रदेश के लिए ठीक नहीं हैं। बहुत सारी घटनाएं प्रदेश में आर्थिक तंगी और शराब के नाम से हो रही हैं। इसके बारे में सरकार को सोचना चाहिए। मामले की जांच के लिए भाजपा की ओर से प्रतिनिधि मंडल भेजने की बात कही गई है। यह प्रतिनिधि मंडल मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट पार्टी को सौंपेगा। 

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा है कि एक परिवार के 6 लोगों की मौत होना जांच का विषय है। उस परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। पूर्व विधायक व भाजपा नेता डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि घर-.घर शराब की सप्लाई आत्महत्या का बड़ा कारण है। आप नेता अभिषेक जैन का कहना है कि शराबबंदी के नाम से महिलाओं का वोट लेकर सत्ता में पहुंची है कांग्रेस। भाजयुमो के विक्की सलूजा ने कहा कि माताएं-बहनें शराबबंदी की वादाखिलाफी से परेशान हैं। जगन्नाथ पाणिग्राही का कहना है कि घर पहुंच दारू सेवा प्रदेश की माता.बहनों के साथ विश्वासघात है।  भाजपा जिलाध्यक्ष  रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने शराबबंदी के वादे पर अमल नहीं किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news