राजनांदगांव

डेढ़ माह पूर्व भाजपा सांस्कृतिक मंडल संयोजक मनोनीत युवक अब कांग्रेस महामंत्री
11-Jun-2021 5:27 PM
डेढ़ माह पूर्व भाजपा सांस्कृतिक मंडल संयोजक मनोनीत युवक अब कांग्रेस महामंत्री

छुरिया कांग्रेस ब्लॉक की नई टीम में नियुक्ति से मचा बवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून।
छुरिया कांग्रेस ब्लॉक की नई सूची में भाजपा के एक क्षेत्रीय पदाधिकारी को महामंत्री नियुक्त किए जाने पर संगठन की काफी किरकिरी हो रही है। छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जैन ने कुछ दिन पहले अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते मानिक पटेल को महामंत्री मनोनीत किया है। बताया जा रहा है कि मानिक पटेल डेढ़ माह पहले छुरिया भाजपा मंडल की बॉडी में सांस्कृतिक मंडल के संयोजक नियुक्त किए गए।

बताया जा रहा है कि पटेल को ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री नियुक्त किए जाने से सियासी हडक़ंप मच गया। भाजपा के आला नेता भी पटेल का नाम कांग्रेस कार्यकारिणी में होने से हैरानी में पड़ गए हैं। पटेल छुरिया के नजदीक पांडेटोला गांव के रहने वाले हैं। उनकी पहचान सांस्कृतिक कलाकार के रूप में है। 

छुरिया भाजपा मंडल के अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव ने अपनी नई टीम में पटेल को सांस्कृतिक मंडल का संयोजक बनाया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस महामंत्री नियुक्त होने से पटेल की निष्ठा पर भी अब सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल उनकी ओर से नियुक्त को लेकर भ्रामक बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि वह किसी भी पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं है। उनका कहना है कि भाजपा मंडल में उन्हें पदाधिकारी बनाए जाने की जानकारी सूची जारी होने के बाद मिली।

इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि इस संबंध में अधिकृत जानकारी पटेल दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष से इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। उधर  ब्लॉक कांग्रेस में भी घमासान मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि संगठन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह चूक जानबूझकर की गई है। 

छुरिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रितेश जैन ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि एक कार्यक्रम में होने की वजह से इस संबंध में वह बात नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि नियुक्ति सूची जारी करने से पूर्व संगठन की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं ली गई। वहीं मानिक पटेल के नाम की सिफारिश करने वाले नेता की भूमिका को लेकर भी संगठन में सवाल उठाया जा रहा है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news