बिलासपुर
जिले के बाहर के दो मरीजों की मौत, 16 नये संक्रमित मिले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 11 जून। एक साल पहले कोरोना की पहली लहर शुरू होने के बाद प्रारंभ किये गये संभागीय कोविड अस्पताल में भर्ती किये गये सभी कोरोना मरीज डिस्चार्ज हो गये। अब यहां एक भी मरीज नहीं है। इसी तरह 32 निजी अस्पतालों में भी केवल 50 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 300 से अधिक मरीज अभी भी होम आइसोलेशन पर हैं।
हालांकि बीते 24 घंटे में दो मरीजों की मृत्यु भी हुई। इनमें बिलासपुर जिले से कोई नहीं है। इस दौरान 982 लोगों की जांच में 16 नये संक्रमित भी मिले। इनमें से 9 शहर से हैं।
कोविड वैक्सीन की आपूर्ति नहीं होने के कारण शुक्रवार को बचे हुए 800 डोज लगाये जायेंगे। को वैक्सीन के 1220 डोज भी उपलब्ध है जिनका इस्तेमाल दूसरी खुराक देने के लिये किया जायेगा
सिम्स चिकित्सालय में गुरुवार को ब्लैक फंगस का एक और मरीज भर्ती कराया गया। एक को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। सिम्स को एम्फोटेरेसिन बी इंजेक्शन के 150 डोज भी मिले हैं। इसके बाद अब यहां भर्ती मरीजों के उपचार में दिक्कत नहीं हो रही है। अब तक सिम्स में अब तक यहां 34 मरीज भर्ती कराये जा चुके हैं जिनमें से 7 को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। तीन की मृत्यु हो चुकी है। एक मरीज का अपोलो अस्पताल में भी इलाज चल रहा है।