राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जून। शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने एक पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम से मांग करते कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बने लगभग ढाई वर्ष पूर्ण हो गए हैं, वहीं नगर निगम में भी कांग्रेस सरकार के डेढ़ वर्ष पूरे हो गए। पत्र में आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र के अधीन पूर्व महापौर मधुसूदन यादव के 5 वर्ष के कार्यकाल में कई विभागों के कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितता हुई। पूर्व महापौर यादव के कार्यकाल के अनेक मामलों की फाईल कांग्रेस सरकार बनने के बाद खुलनी थी, लेकिन आज तक इस पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शासनहित में निर्णय लेकर भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
श्री ओस्तवाल ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष से मांग करते कहा कि मिशन 2023-24 के विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कब्जे वाली सीटों पर वापसी के लिए भ्रष्टाचार के मामलों की लंबित शिकायतों पर ढीला रूख अख्तियार करने से पार्टी को नुकसान होगा।