राजनांदगांव
पति, सास-ससुर समेत देवर गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जून। सुरगी क्षेत्र के आरला में एक नवविवाहिता के खुदकुशी किए जाने की घटना में पुलिस ने दहेज प्रकरण के तहत पति समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि 13 जून की दरम्यानी रात को आरला गांव की 23 वर्षीय देविका साहू ने ससुराल में खुदकुशी कर ली थी।
मृतिका के परिजनों ने पूरे मामले दहेज मांगे जाने का आरोप लगाते पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व मृतिका का कैलाश साहू नामक युवक से विवाह हुआ था। विवाह के कुछ महीनों के बाद से महिला को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था। नवविवाहिता ससुराल पक्ष से कई बार अपने परिजनों की माली हालत को लेकर स्थिति साफ कर चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से वह लगातार परेशान हो गई थी। आखिरकार उसने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि महिला के पति कैलाश साहू, ससुर ज्ञानेश्वर साहू, सास सुहागाबाई और देवर नीतिश कुमार को दहेज मांगे जाने के आरोप में सुरगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दहेज लोभियों को अदालती आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।