राजनांदगांव

पीएम आवास किस्त और नए निर्माण की मांग पर भाजपा का निगम में आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी, घंटेभर प्रदर्शन
21-Jun-2021 2:23 PM
पीएम आवास किस्त और नए निर्माण की मांग पर भाजपा का निगम में आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी, घंटेभर प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मिलने वाली किस्त और नए मकानों के निर्माण के लिए राशि मंजूर होने के बावजूद आवास नहीं बनाए जाने के खिलाफ सोमवार को भाजपा ने नगर निगम में धावा बोल दिया। निगम के भाजपा पार्षदों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से घंटेभर पीएम आवास योजना की बदहाली को लेकर जहां आयुक्त के खिलाफ घंटेभर नारेबाजी की। वहीं निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज उठाई। 

बताया जा रहा है कि नगर निगम के अधीन पीएम आवास के तहत 2500 आवास निर्माणाधीन है। जिसमें कई आवास अधूरे हैं। निर्माण की अवधि में किस्तवार मिलने वाली राशि नहीं मिलने से हितग्राही परेशानी में पड़ गए हैं। वहीं केंद्र सरकार ने नए आवास निर्माण के लिए राशि भी मंजूर की है। 

भाजपा का आरोप है कि हितग्राहियों से योजना की निगरानी कर रहे अफसर लेनदेन के लिए दबाव बनाते हैं। गरीब तबके के लिए यह योजना बेहद कारगर है। ऐसे में निर्धन और असहाय वर्ग से वसूली की जा रही है। बताया जा रहा है कि पीएम आवास योजना के जरिये कई लोगों का मकान बनाने का सपना अफसरशाही की वजह से अधूरा है। इन मुद्दों को लेकर आज भाजपा नेताओं ने जमकर नगर निगम कार्यालय में हंगामा किया। नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के खिलाफ कई तरह के आरोप लगाए गए। 

इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने  ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करने का मकसद यह था कि हितग्राहियों से उनके अधीन पदस्थ अफसर टेबल के नीचे से लेनदेन कर रहे हैं। जिसके चलते हितग्राही परेशानी में पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रशासनिक मुखिया होने की वजह से उनकी यह जिम्मेदारी है कि इस भ्रष्ट व्यवस्था को तत्काल संज्ञान में लें। इधर नगर निगम के मुख्य द्वार में सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेताओं ने लगातार नारेबाजी की। नगर निगम के द्वार में भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह की अगुवाई में कई दूसरे नेता धरने पर बैठ गए। काफी गहमा-गहमी होने के कारण पुलिस बल भी निगम परिसर में पहुंची। निगम आयुक्त ने भाजपा की मांग को जल्द ही पूरा करने का भरोसा दिया है।

इस दौरान तरूण लहरवानी, सुमित भाटिया, मधु बैद, शरद सिन्हा, राजू वर्मा, प्रखर श्रीवास्तव, अतुल रायजादा, मणीभास्कर, विष्णु अग्रवाल, आकाश चोपड़ा, गोलू गुप्ता, योगेश खत्री, गोलू सूर्यवंशी, गगन आईच समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news