राजनांदगांव

नांदगांव पहुंचे प्रदेश भाजपाध्यक्ष साय
23-Jun-2021 1:59 PM
नांदगांव पहुंचे प्रदेश भाजपाध्यक्ष साय

   बलिदान दिवस पर वृक्षारोपण और दूसरे कार्यक्रम में हुए शामिल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जून।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय बुधवार को राजनांदगांव पहुंचे। एक दिनी दौरे पर पहुंचे साय ने स्थानीय वर्धमान नगर स्थित विशाल गार्डन में वृक्षारोपण किया। तत्पश्चात पार्टी कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आयोजित व्याख्यान में भाग लिया। 
भाजपा हर साल डॉ. मुखर्जी के पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाती है।

प्रदेश अध्यक्ष साय लंबे समय बाद राजनांदगांव में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, दिनेश गांधी, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, संतोष अग्रवाल, किशुन यदु, शशिकांत द्विवेदी, सौरभ कोठारी, पवन मेश्राम, राजा माखीजा समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। पार्टी कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष साय के समर्थन में नारे भी लगाए।

बताया जा रहा है कि भाजपा नेताओं के स्वागत से साय काफी अभिभूत हुए। उन्होंने स्थानीय राजनीतिक  परिस्थितियों को लेकर पार्टी नेताओं से चर्चा की। बताया जा रहा है कि साय के दौरे में पार्टी के एक धड़े ने शिकवा-शिकायत भी की। भाजपा में बढ़ती गुटबाजी के विषय को लेकर भी साय ने चर्चा की। राजनीतिक रूप से भाजपा में बिखराव के हालात हैं। राजनांदगांव की सियासत में बढ़ती गुटबाजी से प्रदेश नेतृत्व भी परेशान है। बहरहाल साय के दौरे में भाजपा की अंदरूनी लड़ाई एक बड़ा मुद्दा रहा। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news