कोरिया

प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाएंगे कार्यकर्ता - बेहरा
13-Jul-2021 9:11 PM
प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाएंगे कार्यकर्ता - बेहरा

भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक संपन्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 13 जुलाई। ढाई वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस ने जिस तरह से पूरे प्रदेश को गुमराह किया है, उसका सच अब जनता के सामने आने लगा है। हमारे कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वह प्रदेश सरकार की नाकामी के संबंध में आमजनों को अवगत कराएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों से जनता को रूबरू कराएं। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी मनेंद्रगढ़ कार्यसमिति की बैठक में मंडल प्रभारी एवं मुख्य वक्ता डम्बरू बेहरा ने कही।

 सरस्वती शिशु मंदिर झगराखंड में आयोजित मंडल कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने की। प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अनिल केसरवानी, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जेके सिंह, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक रमाशंकर गुप्ता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की जिला महामंत्री जया कर एवं शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक नाविक मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अनिल केसरवानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में चावल के नाम पर जो घोटाला किया जा रहा है उसे उजागर करना हर एक कार्यकर्ता की नैतिक जिम्मेदारी है।

भाजपा नेत्री जया कर ने कहा कि दुर्भाग्य का विषय है कि मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग में 2 दिन पहले ही अंग्रेजी शराब दुकान खोल दी गई है। भाजपा महिला मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करेगी और आने वाले 14 जुलाई बुधवार को अंग्रेजी शराब दुकान के सामने धरना प्रदर्शन कर अंग्रेजी शराब दुकान को यहां से हटाने की मांग की जाएगी।

पार्षद सरजू यादव ने कहा कि नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार चरम पर है भाजपा पार्षदों के काम नहीं हो रहे हैं। इसके लिए रणनीति बनाकर नगर पालिका परिषद का विरोध किया जाएगा। पार्षद रूबी पासी ने कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारी भाजपा पार्षद के वार्डों में विकास में रोड़े अटका रहे हैं।  मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने इस अवसर पर कहा कि हमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को अपने साथ लेकर चलना होगा तभी संगठन में मजबूती आएगी। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री रामचरित द्विवेदी ने किया।

 बैठक में प्रमुख रूप से प्रतिमा पटवा, दिलीप नायर, विवेक अग्रवाल, प्रमोद बंसल, रज्जी खनूजा, सुशील सोनी, संजीव सिंह, महेश्वरी सिंह, मीनू सिंह, रेवती सोनी, डॉ. रश्मि सोनकर, श्यामा सेन, इकबाल सिंह, अंकुर जैन, कोमल पटेल, संजय गुप्ता समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news