बस्तर

बस्तर के नायक बने अकबर, बीवीपी चैयरमैन ने किया सम्मानित
18-Jul-2021 9:35 AM
बस्तर के नायक बने अकबर, बीवीपी चैयरमैन ने किया सम्मानित

आमाराईट में 65 हजार बच्चों को पढ़ाने में मिला सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 जुलाई।
पढ़ाई तुंहर दुआर योजना के तहत आमाराईट परियोजना के ग्रीष्म कालीन कार्य के लिए ऑनलाइन ऑफलाइन क्लास लेने वाले शिक्षक मोहम्मद अकबर खान का राज्य में बस्तर जिले से नायक के रूप में चयन हुआ हैं। साथ ही बच्चों में नायक के लिए अमासी भारती को चुना गया हैं। दोनों चयनित शिक्षक व छात्रा को बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने सम्मानित किया हैं।

ज्ञात हो कि कोरोनाकाल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में पढ़ाई तुंहर दुआर के तहत आमाराईट परियोजना के तहत ऑनलाइन ऑफलाइन क्लास की  शुरुआत की गई हैं। बस्तर जिले के बकावंड विकासखण्ड के करीतगांव में पदस्थ शिक्षक मोहम्मद अकबर खान ने ऑनलाइन क्लास शुरू की। उनके इस ऑनलाइन क्लास में एक साल में 65 हजार बच्चे जुड़े और उन्हें वे पढ़ाने लगे। शिक्षक अकबर के ऑनलाइन क्लास में बस्तर ही नहीं प्रदेश के अन्य जिलों से भी बच्चे जुडक़र पढ़ाई कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने ऑनलाइन ग्रुप से सैकड़ों बच्चों का नायक के लिए फार्म भरवाया। जिसमें आठ बच्चे नायक के लिए चयनित हुए। इसमें शिक्षक अकबर खान के ऑनलाइन क्लास के पांच बच्चे शामिल हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए शिक्षक अकबर को राज्य स्तर पर बस्तर जिले से नायक के रूप में तथा छात्रा अमासी भारती को जिला स्तर पर नायक के रूप में चयनित किया गया हैं। बकावंड के स्कूल  कार्यक्रम में पहुंचे बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने शिक्षक अकबर व छात्रा अमासी को शॉल श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष बकावंड रामानुज आचार्य, बीईओ तोकापाल बीआर बघेल, बीईओ जगदलपुर एमएस भारद्वाज, बीआरसी बकावंड मोजेस क्रिटोफर, प्राचार्य लुप्तेश्वर आचार्य, रियाज अली, लोकेश वाणी, जी राजेश, सीएसी परमेश्वर जोशी, पवन समरथ ने बधाई देते हुए इसे जिले के लिए प्रेरणा व आदर्श बताया हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news