राजनांदगांव

कांग्रेस के कार्यक्रम में पहली बार खुलकर शामिल हुए देवव्रत
25-Jul-2021 6:26 PM
कांग्रेस के कार्यक्रम में पहली बार खुलकर शामिल हुए देवव्रत

मुख्यमंत्री बघेल के तारीफों के बांधे पुल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जुलाई।
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के इकलौते विधायक देवव्रत सिंह कांग्रेस के कार्यक्रम में अब खुलकर शामिल होने लगे हैं। शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर अतिथि शामिल हुए देवव्रत सिंह के इस कदम को कांग्रेस वापसी का एक सशक्त माध्यम माना जा रहा है। 

बताया जा रहा है कि देवव्रत सिंह का अपरोक्ष रूप से कांग्रेस से जुड़ाव पिछले कुछ महीनों में बढ़ा है। देवव्रत ने खुलकर अपने समकक्ष प्रमोद शर्मा के साथ नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर जोगी कांग्रेस को अलविदा कहने का ऐलान किया है। देवव्रत लगातार प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के कामकाज को लेकर टीका टिप्पणी करते रहे हैं। वहीं अमित भी देवव्रत और प्रमोद शर्मा के कार्यशैली को लेकर काफी मुखर हैं। बताया जा रहा है कि देवव्रत संवैधानिक बाध्यताओं के चलते सीधे कांग्रेस में शामिल नहीं हो सकते। ऐसे में उन्होंने एक नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। 

विधानसभा में उन पर सबकी निगाहें होंगी। इस बीच राजनांदगांव में देवव्रत सिंह ने कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर तमाम अटकलों को विराम दे दिया है। यह तय है कि जल्द ही वह कांग्रेस का हिस्सा होंगे। उनकी कांग्रेस वापसी के लिए मोहम्मद अकबर भी सहमत हैं। साथ ही पार्टी आलाकमान के कई दिग्गज भी देवव्रत को कांग्रेस में देखने की इच्छा रखते हैं। 

बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की योजनाओं की तारीफ कर उन्हें एक विशुद्ध मुख्यमंत्री माना है। वह लगातार मुख्यमंत्री के नरवा, गरवा, घुरवा बाड़ी, गोधन योजना और राजीव गांधी किसान न्याय योजना को जनता के हित में मानते हैं। देवव्रत को कल खुले तौर पर कांग्रेस के मंच से सुन रहे लोगों ने मान लिया है कि अब वह कांग्रेस के सदस्य होंगे।

बताया जा रहा है कि जल्द ही देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर उसे कांग्रेस में विलय करेंगे। इसी के साथ देवव्रत की घर वापसी होगी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news