गरियाबंद
त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव में भक्तों की लगी भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 26 जुलाई। सावन के पहले सोमवार को छत्तीसगढ़ के प्रयाग राज राजिम त्रिवेणी संगम बीच स्थित भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव के मंदिर में सुबह ही शिव भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुजन कोविड 19 के नियमों का पालन करते हुए भोलेनाथ के दर्शन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
श्रीकुलेश्वर नाथ महादेव का दरबार हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजता रहा। मंदिर में महिलाएं एवं युवतियां पूरे विधिविधान के साथ दूध और पवित्र जल से भोलेनाथ को स्नान कराके आरती और भोग चढ़ाते हुए दिखे। भगवान शिव के प्रिय कनेर फूल, धतूरा ,बेल ,बेल पत्ता भी खूब चढाएं। महिलाओं और युवतियों की श्रद्धा देखते ही बन रही थी।
इसी प्रकार राजिम शहर के बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से ही शिवभक्तों का तांता लग गया था। इसके अलावा ब्रह्मचर्य आश्रम, नवापारा के राधाकृष्ण मंदिर, भूतेश्वर नाथ, मामा भांजा, सोमेश्वर नाथ के अलावा पंचकोशी धाम के कोपेश्वर नाथ, फणेश्वर नाथ, ब्रम्हणेश्वर नाथ, पटेश्वर नाथ, चंपेेश्वर नाथ मंदिरों में भी सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक भी किया। ग्रामीण इलाकों के शिव मंदिरों में भी दर्शन पूजन जलाभिषेक लोग करते रहे। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक सावन का महीना भोलेनाथ को प्रिय माना जाता है। लिहाजा हर कोई भोलेनाथ को रिझाने के लिए व्रत रखकर पूजा करने आतुर रहते हैं।