महासमुन्द

अन्य प्रदेशों में काम करने वाले मजदूरों को अब राशन कार्ड से खाद्यान्न लेने के लिए भटकने की जरूरत नहीं
26-Jul-2021 8:06 PM
अन्य प्रदेशों में काम करने वाले मजदूरों को अब राशन कार्ड से खाद्यान्न लेने के लिए भटकने की जरूरत नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 जुलाई। अन्य प्रदेशों में काम करने वाले मजदूरों को अब राशन कार्ड से खाद्यान्न सामग्री लेने के लिए भटकने की जरुरत नहीं होगी। वे जहां काम कर रहे हैं, उन्हें वहीं राशन कार्ड के जरिए खाद्यान्न सामग्री मिलेगी। क्योंकि वन देश वन कार्ड का ट्रॉयल शुरू हो गया है। प्रदेश के धमतरी व रायपुर जिले में इसका ट्रॉयल पूरा हो चुका है। अब अगस्त महीने में महासमुंद समेत प्रदेश के सभी जिलों में इसका ट्रॉयल एक साथ होगा। इसके बाद वन देश वन कार्ड की योजना लागू हो जाएगी। कार्ड की पात्रता अनुसार जिस प्रदेश में वे रह रहे हैं वहीं हितग्राहियों को राशन मिलेगा।

मालूम हो कि जिनके कार्ड में सदस्यों की संख्या आधार से लिंक है, उन्हें ही इस योजना का लाभ मिलेगा। जिला खाद्य अधिकारी नीतिश द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश के धमतरी व रायपुर जिले में एक ट्रॉयल हुआ है। इसके बाद अगस्त में सभी जिले का ट्रॉयल होगा। इसके बाद पूरे भारत देश में सभी का कार्ड कहीं भी चलेगा। हितग्राही जहां चाहे वहां से राशन ले सकते हैं। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली सिस्टम को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से पूरे देशभर में वन नेशन वन कार्ड योजना लागू की है।

महासमुंद जिले के पांचों जनपद के द्वारा 2 लाख 84 हजार 185 राशन कार्ड जारी किए गए हैं। कार्ड के आधार पर 9 लाख 79 हजार 793 सदस्य है। इनमें से 9 लाख 70 हजार 738 सदस्यों का आधार कार्ड, राशन कार्ड से लिंक हो गया है। 9055 सदस्यों का राशन कार्ड आधार से लिंक नहीं हुआ है। इसमें यदि कोई भी सदस्य अन्य प्रदेश में काम कर रहा हैं, तो उन्हें वन देश वन राशन कार्ड का लाभ नहीं मिलेगा। यदि योजना का लाभ लेना है, तो उन्हें राशन कार्ड के सदस्यों का आधार कार्ड से लिंक कराना होगा।

जानकारी के अनुसार जिले के पांचों नगरी निकाय ने 30 हजार 942 राशन कार्ड जारी किए हैं। इनमें कुल 1 लाख 09 हजार 366 सदस्य हैं। लेकिन 1 लाख 09 हजार 024 सदस्यों का ही आधार कार्ड लिंक हो पाया है। 342 सदस्यों का आधार लिंक नहीं हुआ है। जिले में यदि प्रतिशत के आकड़े पर नजर डालें तो 99.96 प्रतिशत आधार लिंक का काम हो गया है। समय रहते यदि 342 सदस्य भी अपने आधार कार्ड का लिंक करा लेते हैए तो उन्हें भी वन देश वन राशन कार्ड योजना का लाभ मिल सकेगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news