राजनांदगांव

99 फीसदी के साथ पुष्पेन्द्र और देवकुमार जिले में अव्वल
27-Jul-2021 12:31 PM
99 फीसदी के साथ पुष्पेन्द्र और देवकुमार जिले में अव्वल

 

सफलता से वेसलियन हिन्दी मीडियम का बढ़ाया गौरव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जुलाई।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 12वीं बोर्ड के नतीजों में स्थानीय वेसलियन हिन्दी मीडियम के दो छात्र पुष्पेन्द्र कुमार सिन्हा और देवकुमार साहू ने 99 प्रतिशत अंक लेकर जिले में अव्वल स्थान पाया है। ऐसा अनुमान है कि दोनों परीक्षार्थी सर्वाधिक अंकों के साथ प्रदेश में अव्वल हो सकते हैं। दोनों की इस उपलब्धि से संस्था का जहां मान बढ़ा है। वहीं दोनों विद्यार्थियों  की सफलता से परिवार और शिक्षक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

पुष्पेन्द्र सिन्हा 12वीं बोर्ड के गणित और देवकुमार साहू कृषि संकाय के छात्र हैं। रविवार को जारी परिणाम शाला के लिए बेहद उत्साहवर्धक रहे। कुल 248 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई थी। जिसमें सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। उत्तीर्ण हुए 141 विद्यार्थी 90 प्रतिशत से अधिक और 28 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं। संस्था द्वारा कोरोनाकाल में विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा लगातार दी गई। नतीजतन विद्यार्थियों ने बेहतर अंक अर्जित कर संस्था का गौरव जिले में बढ़ाया है।

बताया जा रहा है कि पुष्पेन्द्र सिन्हा और देवकुमार साहू शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। दोनों स्काउट-गाईड में राज्यपाल से पुरस्कृत भी हैं। वहीं कोरोनाकाल में पुष्पेन्द्र ने अन्य सहपाठियों के साथ मिलकर स्वचलित सेनेटाईजर मशीन का निर्माण किया था, जिसे तत्कालीन कलेक्टर टीके वर्मा को भेंट किया था। बताया जा रहा है कि पुष्पेन्द्र स्थानीय मोतीपुर निवासी हैं। वहीं देवकुमार साहू ग्रामीण क्षेत्र डोम्हाटोला के रहने वाले हैं। इसी तरह शाला की विज्ञान संकाय की छात्रा कु. हेमप्रभा ने 97.2 प्रतिशत और वाणिज्य संकाय से 95.6 प्रतिशत के साथ हेमंत कुमार वर्मा ने प्रथम स्थान अर्जित किया। दोनों अपने संकायों में अव्वल रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news