सरगुजा

बृहस्पति सिंह पर हमला का मामला
27-Jul-2021 7:29 PM
बृहस्पति सिंह पर हमला का मामला

   जनता कांग्रेस ने जांच कर कहा- पूरा प्रकरण काल्पनिक एवं झूठा, सदस्यता रद्द करने की मांग   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 जुलाई। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे सरगुजा संभाग के पदाधिकारियों के द्वारा सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के विधायकों के द्वारा शहर का माहौल विषाक्त किए जाने तथा प्रशासनिक शक्तियों का दुरुपयोग करने पर निष्पक्षता पूर्वक जांच कर समुचित कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देश जारी करने के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल सिंह एवं संभागीय अध्यक्ष दानिश रफीक के नेतृत्व में राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं डीजीपी को कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ज्ञापन देते समय जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले का अंबिकापुर मुख्यालय विशेष तौर पर राजनीतिक, सामाजिक और संप्रदायिक रूप से बहुत ही शांति और अमन प्रिय है, किंतु 24 जुलाई को शहर के बंगाली चौक के पास ओवरटेक के मामले को लेकर रामानुजगंज विधानसभा के विधायक बृहस्पति सिंह के द्वारा जिस प्रकार से छोटी हरकत करते हुए एक झूठा और कल्पनीय अपराध नगर कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज कराया गया है, जिससे शहर का राजनीतिक और सामाजिक तौर पर माहौल विषाक्त होता जा रहा है।

 वैसे भी कांग्रेस पार्टी का यह चरित्र रहा है कि उनके सदस्य स्वयं की क्षणिक लाभ या स्वयं को सर्वोपरि बताने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकते हैं,  जिसका जीता जागता नमूना पहली बार इस शहर को देखने को मिला, जिसमें जिला पुलिस प्रशासन भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया है। जिस रूप से जिला पुलिस प्रशासन के द्वारा पूरे शहर में इस घटना को लेकर भय का माहौल बनाया गया है, वह भी कम निंदनीय नहीं है।

संभागीय अध्यक्ष दानिश रफीक ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी को जैसे ही घटना की जानकारी लगी, उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल सिंह को जांच कर जल्द से जल्द जानकारी देने की बात कही थी। जिस पर प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल सिंह के द्वारा पूरे मामले की जांच की गई और जांच में पाया गया कि पूरा प्रकरण काल्पनिक एवं झूठा है। इस तरीके की छोटी सी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से समाज में गलत मैसेज गया है। विधायक जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के बाद भी अपनी व्यक्तिगत लाभ के लिए इस तरीके की घटना को घटित करना एक बड़े अपराध को बढ़ावा देने के बराबर है। जनता कांग्रेस मांग करती है कि जल्द से जल्द विधायक बृहस्पति सिंह की विधानसभा से सदस्यता रद्द की जाए ताकि प्रदेश में एक मैसेज दिया जा सके कि इस तरीके की ओछी राजनीति करने वालों की समाज एवं विधानसभा के अंदर कोई जगह नहीं है।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे सरगुजा के जिला अध्यक्ष देवेश प्रताप सिंह ने बताया कि विधायक जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठकर समय-समय पर कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों के ऊपर इनके द्वारा अपनी व्यक्तिगत लाभ के लिए झूठे आरोप पूर्व में भी लगाए जाते रहे हैं। इनको मिली सुरक्षा का यह दुरुपयोग करते आए हैं, इनके सुरक्षाकर्मियों के द्वारा भी भयानक वातावरण बनाया जाता है। हम सभी मांग करते हैं कि इनको मिली सुरक्षा भी वापस ली जाए। अपने लाभ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं और दूसरों के ऊपर इल्जाम लगा सकते हैं, साथ ही साथ जब ये भारतीय जनता पार्टी के संभाग के बड़े नेता एवं कांग्रेस पार्टी के इनकी सरकार के कैबिनेट मंत्री के ऊपर इल्जाम लगा सकते हैं तो यह किसी भी निर्दोष आम जनता को कभी भी किसी भी केस में फंसा सकते हैं।

आज ज्ञापन देने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल सिंह संभागीय अध्यक्ष दानिश रफीक,जिला अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, बलविंदर सिंह छाबड़ा,नईम इराकी,अभिषेक सिंह सोमु,विक्की समझदार ,अनिक खान,निशांत सिंह गोल्डी, मोहम्मद इरफान ,रोहित सुब्बा, राजेश ,मोहम्मद साबिर, संजीव सेठी, अजहर खान, आरजू ,रमीज़ सिद्दीकी रेशमा एजाज ,श्रीमती गुडिय़ा, तहसील अकरम, अभय पिंटू अली ,विनोद,प्रकाश रावत एवं कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news