महासमुन्द

खाद और बीज की कमी सहित किसानों की समस्या को ले धरना-प्रदर्शन
27-Jul-2021 9:48 PM
खाद और बीज की कमी सहित किसानों की समस्या को ले धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जुलाई।
प्रदेशभर में खाद और बीज की कमी सहित किसानों की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। विधानसभा स्तरीय यह प्रदर्शन महासमुंद, बसना, सरायपाली और खल्लारी विधानसभा में किया गया। इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

 जिला मुख्यालय में लोहिया चौक में किसानों और भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला गया। इस दौरान चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि किसानों से कई तरह का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब किसानों को भूल चुकी है।

इनका कहना है कि सरकार इन दिनों अवैध रेत खनन और शराब की अवैध बिक्री कर अपनी जेब भरने में लगी हुई है। सरकार को जनता के सुख.दुख और प्रदेश के विकास के कोई लेना.देना नहीं है। किसानों से वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस की सरकार ने कृषि भूमि का रकबा कम कर दिया है। अब कृषि कार्य के लिए प्रदेश में खाद, बीज सहित बिजली-पानी में कटौती कर रही है। 

कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की सरकार में किसान खुशहाल थे, लेकिन कांग्रेस के किसान विरोधी नीति के कारण आज किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर ने किसानों की समस्याओं पर ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि भाजपा सदैव किसान हित में समर्पित रही है। 

धरना प्रदर्शन को वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रहास चंद्राकर, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य प्रलय थिटे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने भी संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा, किसान नेता प्रेम चंद्राकर,पार्षद महेंद्र जैन, मण्डल अध्यक्ष पप्पू पटेल, धरम पटेल, सुखीराम हिरवानी सहित भाजपा नेत्री ललिता अग्रवाल, निरंजना शर्मा, मीना वर्मा, कौशिल्या बंसल, भामिनी चंद्राकर, सुरेखा कंवर, उत्तरा प्रहरे सहित अन्य उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news