सूरजपुर

खाद संकट व अघोषित बिजली कटौती को ले भाजपा किसान मोर्चा का धरना-प्रदर्शन
28-Jul-2021 7:42 PM
खाद संकट व अघोषित बिजली कटौती को ले भाजपा किसान मोर्चा का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजनगर, 28 जुलाई। प्रदेश सरकार के किसान विरोधी नीतियों व प्रदेश में व्याप्त खाद संकट, अघोषित बिजली कटौती सहित कई मुद्दों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा द्वारा जिले के प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के देवनगर व भटगांव विधानसभा क्षेत्र के भैयाथान में धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया तथा राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

भाजपा किसान मोर्चा के आह्वान पर समूचे प्रदेश में एक साथ 90 विधानसभा क्षेत्र में सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की गई। देवनगर में आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने प्रदेश की भूपेश सरकार के किसान विरोधी नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश के अन्नदाता किसान को बेवजह परेशान कर रही है।

किसानों को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आई कांग्रेस अब पीठ दिखाकर भागती दिख रही है किसान खाद की कमी के कारण धान की खेती नही कर पा रहे हैं। प्रदेश के किसानों को वर्मीकम्पोस्ट खाद के नाम पर जबरन मिट्टी गोबर ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा है। सरकार की लापरवाही के कारण संग्रहण केन्द्रों हजारों टन धान खुले आसमान में बरसात की पानी में भीग कर सड़ गया। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कृषि बिल लाकर किसानों के हित में बड़ा काम किया है अब किसान अपनी उपज कही भी बेचने को स्वतंत्र है लेकिन प्रदेश सरकार किसानों को खेती करने से रोकने के लिए तरह तरह उपक्रम कर रही है। छत्तीसगढ़ जिसकी पहचान मेहनत किसान व धान के कटोरा के रूप में होती थी धान का रकबा घटाने कई स्तर पर गलत प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा का एक एक कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़ा है तथा यह लडाई सडक़ व सदन तक लड़ेंगे।

भाजपा नेता व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है किसानों को धान बेचने से रोकने के लिए कभी बारदाना की कमी, कभी रकबा घटाकर किसान को अपना उपज बेचने से रोका गया।

अब सरकार सोसायटी में खाद की किल्लत कर किसानों को परेशान कर रही है जबकि खुले बाजार में व्यापारी ऊंचे दाम पर खाद बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान कांग्रेस को सत्ता में लाया है तो हटाने की भी ताकत रखता है।सभा को जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा सिंह, भूलन सिंह मरावी ,जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता व भाजयुमो प्रदेश महामंत्री रितेश गुप्ता ने संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसानों की खेती बरबाद हो रही है पूरे प्रदेश में खाद की किल्लत, अघोषित बिजली कटौती से किसान त्रस्त हैं।

श्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार की जानकारी में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का काम चल रहा है तथा एक वर्ग विशेष द्वारा जशपुर में शिवलिंग तोडकर धार्मिक भावनाएं आहत की गई लेकिन आज तक आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं किया गया। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकरण साहू ने प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर कोसा तथा प्रदेश की किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के संकल्प लेने का आह्वान किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news