सरगुजा

सरगुजा संभाग के कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि मिले मरकाम से
28-Jul-2021 7:54 PM
सरगुजा संभाग के कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि मिले मरकाम से

  बृहस्पति के खिलाफ पारित निंदा और बर्खास्तगी का प्रस्ताव सौंपा    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 28 जुलाई। सरगुजा संभाग के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने आज देर शाम प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर विधायक बृहस्पति सिंह के खिलाफ पारित निंदा और बर्खास्तगी का प्रस्ताव सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। बृहस्पति सिंह को नोटिस जारी कर 24 घण्टे में जवाब मांगा गया है।

 औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष शफी अहमद, एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर सिंह देव की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने अविभाजित सरगुजा के सभी जिला कांग्रेस व ब्लॉक कांग्रेस कमिटियों, अनुशांगिक संगठनों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह के विरुद्ध पारित निंदा और बर्खास्तगी का प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को सौंपा।

सरगुजा के नेताओं ने घटना की परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंह देव पर बृहस्पति सिंह द्वारा लगाए गए अनर्गल और तथ्यहीन आरोप के बाद उपजे आक्रोश और कार्यकर्ताओं में उत्पन्न निराशा से अवगत कराया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने मामले में कड़े अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने तत्काल बृहस्पति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घण्टे के भीतर जवाब मांगा। जवाब मिलने के बाद कड़ी कार्रवाई का संकेत उन्होंने दिया है।

 चर्चा के दौरान सरगुजा जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, बलरामपुर जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सूरजपुर जिला अध्यक्ष भगवती राजवाड़े,कोरिया जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, महापौर डॉ. अजय तिर्की जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य नीता विश्वकर्मा,प्रदेश महासचिव द्वितेंद्र मिश्रा,जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, राधा रवि,पार्षद प्रमोद चौधरी सहित सभी 20 से ज्यादा ब्लॉक अध्यक्ष, तीनों जिलों के जिला और जनपद पंचायतों के प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news