राजनांदगांव

वर्षों से बंद पड़े लाख प्रसंस्करण केंद्र को शुरू करने निर्देश
29-Jul-2021 5:43 PM
वर्षों से बंद पड़े लाख प्रसंस्करण केंद्र को शुरू करने निर्देश

कलेक्टर ने वनांचल के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जुलाई।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बुधवार को अंबागढ़ चौकी वनांचल पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही वहां चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम केकतीटोला, ओटेबांधा, पेंदलकुही तथा विकासखंड मुख्यालय पहुंचकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने विकासखंड अंबागढ़ चौकी मुख्यालय में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भवन निर्माण के लिए स्कूल भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने नए स्थल योजना के अनुसार भवन निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन निर्माण गुणवत्तापूर्वक होनी चाहिए। स्कूल स्वयं के बच्चों के लिए है, इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने योजना के अनुसार बीच में बने पुराने भवन को तोडऩे के निर्देश दिए। पुराने भवन के हटने से बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी समिति की बैठक आयोजित कर उन्हें नए स्कूल भवन योजना के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि हायर सेकंडरी में कक्षाएं प्रारंभ होने वाली है। जल्द ही इसके लिए चयनित भवन का जीर्णोद्धार कर पूर्ण करें।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर सिन्हा ने विकासखंड मुख्यालय में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए भवन में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रारंभ की जाएं। स्वास्थ्य केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो। पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में पौधरोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड अच्छी होनी चाहिए। 

आर्थिक गतिविधियों के संबंध में दिए निर्देश
कलेक्टर सिन्हा ने ग्राम पेंदलकुही के गौठान का निरीक्षण कर महिलाओं द्वारा किए जा रहे आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला स्वसहायता समूह के क्रियाकलाप के लिए आजीविका वर्कशेड में वर्मी कम्पोस्ट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि गौठान को मॉडल गौठान के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए गौठान में महिला स्वसहायता समूह द्वारा विभिन्न गतिविधियों को प्रारंभ करें। एक महिला स्वसहायता समूह को एक से अधिक कार्य दें। जिससे उनके पास पर्याप्त काम रहें। मुर्गीपालन, मशरूम उत्पादन के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारी को स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान के बाड़ी में अदरक, केला, नींबू के पौधे देखकर सराहना की। कलेक्टर ने गौठान में स्वीकृत कार्य को समय-सीमा पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में कुक्कुट शेड निर्माण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

शासकीय उद्यान रोपणी का अवलोकन
कलेक्टर सिन्हा ने ग्राम केकतीटोला के उद्यानिकी रोपणी का अवलोकन किया। उन्होंंने कहा कि गौठानों में पौधरोपण के लिए सीड तैयार कर गौठान के स्वसहायता समूह की महिलाओं को उपलब्ध कराएं। जिससे गौठानों में पौधरोपण किया जाएगा। कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. बीएस राजपूत को निर्देश दिए कि मशरूम उत्पादन के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम मोहला ललितादित्य नीलम, जनपद सीईओ भानुप्रताप चुरेन्द्र, नायब तहसीलदार एचएन खुटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news