छत्तीसगढ़ » दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 मई। नगर पालिक निगम भिलाई की टीम वार्ड एवं मोहल्ले में घूम-घूम कर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगा रही है तथा गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी जा रही है कि सार्वजनिक स्थान एवं नाली में कचरा न डालें साथ ही आसपास साफ सफाई व्यवस्था बनाए रखने भी कहा जा रहा है। इधर निर्माण मटेरियल सडक़ पर बिखेरकर रखने वालों को सख्त चेतावनी दी जा रही है, निर्माण एवं विध्वंस के मटेरियल को जब्ती करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जा रहा है। निर्माण सामग्री सडक़ों पर फैलाने वालों की बिल्डिंग परमिशन की भी जांच की जा रही है।
सिंगल यूज प्लास्टिक तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक विक्रय करने वालों पर, गीला एवं सूखा कचरा पृथक-पृथक नहीं देने वालों पर, सडक़ बाधा करने वालों से भी जुर्माना लिया जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के मापदंडों के अनुरूप भिलाई को नंबर वन बनाने के लिए निगम द्वारा पुरजोर प्रयास किया जा रहा है और सभी जोन के अधिकारियों द्वारा लगातार वार्ड क्षेत्रों का निरीक्षण सफाई व्यवस्था को लेकर किया जा रहा है।
ऐसे में गंदगी फैलाने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए उनसे जुर्माना वसूल किया जा रहा है। 25 लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के विक्रय करने को लेकर 15000 रुपए जुर्माना, गीला एवं सूखा कचरा पृथक-पृथक नहीं देने पर 17 लोगों से 3600 रुपए जुर्माना, सडक़ बाधा शुल्क के रूप में 62 हजार रुपए जुर्माना, 9 लोगों से निर्माण एवं विध्वंस के मटेरियल को बिखेर कर गंदगी फैलाने पर 34500 रुपए जुर्माना तथा भैंस खटाल संचालित कर गंदगी फैलाने वाले लोगों से 111000 रुपए जुर्माना वसूल करने की कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास ने गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिक निगम भिलाई कि सभी से अपील है कि गंदगी न फैलाएं और आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में भिलाई को अच्छे पायदान पर लाने अपना सहयोग प्रदान करें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 मई। भिलाई-चरौदा निगम द्वारा संपूर्ण क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान संदेश देने वाले बाल पेंटिंग का प्रयोग किया जा रहा है। जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है उन स्थानों पर स्वच्छ सर्वेक्षण के तारतम्य में आकर्षक वाल पेंटिंग के माध्यम से संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि निगम द्वारा सर्विस रोड पर पेवर ब्लॉक लगाने के साथ रिक्त भूमि पर छोटे उद्यान तैयार किये गये है। साथ ही डबरापारा से विद्युत मंडल की प्रारंभ होती दीवार पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, खेल, त्योहार तथा वेशभूषा संबंधी चित्रकारी कराई गई है। जिससे शहर का स्वरूप बदला हुआ नजर आ रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के लिए जनमानस में स्वच्छता और सफाई अभियान के लिए जागरूकता का प्रसार करने इन वाल पेंटिंग का प्रयोग किया जा रहा है। महापौर निर्मल कोसरे एवं निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार नये तैयार किये गये वेडिंग जोन में भी सजावट और आकर्षण के लिए वाल पेंटिंग बनाने का कार्य किया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 मई। चलबो गौठान, खोलबो पोल अभियान अंतर्गत भाजपा नेताओं की टीम दूसरे और तीसरे दिन दुर्ग जिला संगठन के अंतर्गत आने वाले मंडलों के गांव गांव के गौठानों में पहुंची। गौठान का अवलोकन करने वालों में प्रमुख रूप से दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, पूर्व संसदीय सचिव एवं व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, पूर्व विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, भिलाई पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र साहू सक्रिय रहे।
लोकसभा सांसद विजय बघेल पाटन ने उत्तर पाटन एवं दक्षिण पाटन मंडल के भरर, जामगांव आर, कुम्हली, बेलौदी के गौठानों के अवलोकन के दौरान वहां पर भारी अनियमितता पायी। वहां के गौठानों में न गाय, न गोबर, न चारा नजर आया। गौठानों में कोई व्यवस्था नहीं मिली। गौठानों की दुर्दशा देखने के बाद सांसद विजय बघेल ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने शराब घोटाले की तरह गोबर और चारा घोटाला किया है, जिस प्रकार ऑर्गनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट बनाकर कोल, रेत, शराब घोटाले किये गए हैं, उसी तर्ज पर संगठित गौठानों घोटाला किया गया है।
अवलोकन के दौरान भाजपा जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, उत्तर पाटन मंडल अध्यक्ष लोकमणी चंद्राकर, दक्षिण पाटन मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य हर्षा चंद्राकर मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बोरी लिटिया मंडल के गोठानों में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने निरीक्षण किया इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौठानों की आड़ में 1300 करोड़ का भ्रष्टाचार किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा यह कहना कि गर्मी में गौठानों में गाय नहीं रहती, अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि भाजपा घोटाले के जो भी आरोप लगा रही है वह सही है और मुख्यमंत्री ने भी उसे स्वीकार किया है। जितेंद्र वर्मा ने कहा कि गाय अगर गौठानों में नहीं रहती है तो क्या इन्होंने जो 1300 करोड़ के घोटाले किए हैं, वह सारे पैसे केवल ठंड के मौसम के लिए प्रावधान किया था क्या?
उन्होंने कहा अगर गौठानों में गाय नहीं रहती है तो क्या भूपेश बघेल मानते हैं कि गर्मी में खरीदे गए गोबर में उन्होंने बड़े पैमाने पर घोटाला किया है। जितेंद्र वर्मा ने सवाल किया कि अगर गर्मियों में गाय गौठानों में नहीं रहती है तो फिर शेड किस लिए बनाया गया है और क्या गर्मियों में गोबर खरीदी नहीं होती है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि गर्मियों में गाय नहीं रहती है साफ तौर पर यह बताता है कि इन महीनों में जो गोबर की खरीदी दिखाई जाती हैं वह गोबर केवल कागज पर खरीदा जाता हैं और उस पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल अध्यक्ष कृष्णा पटेल, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र साहू, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोज शर्मा, मुकेश सोनकर मंडल के भाजपा पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अहिवारा विधानसभा के जेवरा सिरसा मंडल में पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू ने ग्राम ननकठी, बोड़ेगांव, रवेली अरसनारा, कचांन्दुर, समोदा के गोठान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने गौमाता के साथ भी भ्रष्टाचार किया है, इस सरकार का विदाई तय है। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में गोठानों के निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया, उसके बाद चारा के नाम पर भ्रष्टाचार कर उसे भी खा गए। गायें सडक़ों पर भूखी घूम रही हैं। गोबर खरीदी में घोटाला किया गया और खाद घोटाला भी फला फूला। किसानों को वर्मी कंपोस्ट के नाम पर जबरिया मिट्टी थमाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष व मंडल प्रभारी विनायक नातू, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने कहा कि भूपेश बघेल भरोसे की बात करते हैं लेकिन उन्होंने कदम कदम पर धोखा किया है। उन्होंने स्थानीय निवासियों तथा भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर गोठान की अव्यवस्था पर चर्चा की और जनता को लेकर को गोठान का पंचनामा किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 23 मई। प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन द्वारा रिसर्च इन हैंरेसमेंट विषय पर फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अपोलो कॉलेज से बी.एड डिपार्टमेंट के प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ जैन उपस्थित थे तथा रिसोर्स पर्सन के रूप में रुंगटा इंस्टीट्यूट से डॉ. आर.के राठौर,आईसीएफएसआई यूनिवर्सिटी से डॉ.अर्ची दुबे तथा खूबचंद बघेल गवर्नमेंट कॉलेज भिलाई की डॉ. शीला विजय उपस्थित थी।
ईश्वरीय वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई, साथ ही उपस्थित गणमान्य अतिथि का स्वागत प्रिज्म संस्थान की डायरेक्टर, ख्याति साहू ने ग्रीन पॉट और गिफ्ट देकर किया स्वागत। प्रिज्म संस्थान के चेयरमैन रूपेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आज के समय में हमें रिसर्च हेतु नई टेक्नोलॉजी को जानना कितना आवश्यक है, इसके उपरांत विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ जैन सर ने अपने संबोधन में रिसर्च को एक धर्म की तरह बताया जिसे बहुत ही पवित्रता के साथ जीना चाहिए।
तत्पश्चात आर के राठौड़ सर ने रिसर्च वर्क में एडवांस वर्जन मेंडली सॉफ्टवेयर को इंस्टॉल करने से लेकर उसके उपयोगिता तक की जानकारी बड़ी ही सरलता के साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन जुड़े प्रतिभागियों को दी, तथा उनके द्वारा पूछे गए समस्या का समाधान भी किया।
कार्यक्रम की दूसरी कड़ी में डॉक्टर अर्ची दुबे ने टेस्टिंग आफ हाइपोथेसिस, क्यू किया जाता हैं, और कैसे किया जाता हैं, तथा रिसर्च करने हेतु इसे कैसे अप्लाई किया जाता है, उसे विभिन उदाहरण के माध्यम से प्रस्तुत किया। टी ब्रेक के बाद अंतिम सेशन में शीला ने प्लैगरिज्म क्या है, और रिसर्च फील्ड में इसकी सहायता से साहित्य चोरी को कैसे रोका जा सकता है आदि विषयों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में प्रिज्म संस्थान की प्राचार्य डॉ अंजना शरद ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और साथ ही बताया कि जब वो रिसर्च कर रही थी, तो इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध नहीं थी। संपूर्ण कार्यक्रम आईक्यू एसी कॉर्डिनेटर डॉ. दुर्गा त्रिपाठी की देखरेख में संचालित हुआ, जिसमें डॉ. प्रियंका और उनकी टीम, मैरीना एलिजर, आईटी डिपार्टमैट के हेड प्रकाश कश्यप और उनकी टीम तथा बीएड डिपार्टमेंट की रेखा मैम, लीना मैम एवं अन्य प्राध्यापिकाओं का पूर्ण सहयोग रहा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 मई। भिलाई स्टील प्लांट की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा लगातार अवैध कब्जा किया जा रहा है। एक कब्जा धारक ने नेवई भाटा की आधा एकड़ जमीन पर कब्जा करके अवैध खटाल बना लिया था और वहां दूध का व्यापार कर रहा था। बीएसपी के नगर सेवा विभाग को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने आज सुबह कार्रवाई करते बेजा कब्जे को ध्वस्त कर जमीन मुक्त करवाई है।
भिलाई स्टील प्लांट के नगर सेवाएं विभाग के अधिकारी केके यादव ने बताया कि नेवई भाटा की आधा एकड़ बीएसपी की जमीन पर एक व्यक्ति कई सालों से कब्जा कर रखा था। उसने वहां बांस बल्ली और तार फेंसिंग करके खटाल तैयार कर लिया था और गाय भैंस पालकर दूध का व्यवसाय कर रहा था। बीएसपी ने उसे जमीन खाली करने के लिए कई बार नोटिस दिया लेकिन उसके द्वारा बेजा कब्जा खाली नहीं किया जा रहा था। उसने उस जमीन पर खटाल तथा अस्थायी शेड का निर्माण किया गया था। सीमेंट पोल से घेरा कर चैन लिंक फेंसिंग करके एक कमरे का निर्माण कर दूध का व्यापार कर रहा था।
आज सुबह बीएसपी की टीम नेवई पुलिस बल के साथ वहां पहुंची और कब्जा को तोडऩे की कार्रवाई की। बीएसपी की टीम ने वहां बांस बल्ली से बने शेड को तोड़ा। पक्के कमरे के निर्माण को तोड़ा। फेंसिंग को तोड़ा और जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
बीएसपी के अधिकारियों ने अवैध कब्जाधारी को चेतावनी दी है कि यदि उसने भविष्य में फिर से बीएसपी की भूमि पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बीएसपी की टीम इस कार्रवाई के दौरान रिसाली सेक्टर में पहुंची और वहां 4सी सडक़ 30ए और 283बी मकान में हुए बेजा कब्जा को खाली कराया। अवैध कब्जेधारियों से मकान खाली करवाने के बाद बीएसपी ने उसे अलॉटी और रखरखाव कार्यालय को सौंपा है।
दुर्ग, 23 मई। आंगनबाड़ी खपरी, ढ़ौर (हि), लिमतरा में आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति एवं वार्ड 14/02 अहिवारा हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती हेतु 15 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किये गये थे। मुल्यांकन पत्रक में संबंधित आवेदिकाओं द्वारा 28 मई तक दावा-आपत्ति स्वीकार की जायेगी। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जायेगी।
दुर्ग, 23 मई। एकीकृत बाल विकास परियोजना अहिवारा अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति एवं वार्ड 14/02 अहिवारा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों का प्रथम मूल्यांकन पत्रक तैयार किया गया है। उक्त मूल्यांकन पत्रक से संबंधित कोई दावा आपत्ति हो तो आवेदिकाओं से 31 मई 2023 तक दावा-आपत्ति स्वीकार की जायेगी। उक्त तिथि के पश्चात दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जायेगी।
विधायक व महापौर ने किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। विधायक अरुण वोरा ने कहा शहर विकास कार्यों के लिये धनराशि की कमी नहीं होगी। विकास कार्य बड़े पैमाने पर तेजी से किये जा रहे हैं।
नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत दुर्ग का ह्वदय स्थल मार्ग गौरवपथ सिविल लाइन उतई टैम्पो चौक से लेकर जेल तिराहा तक सडक़ डामरीकरण कार्य आज शुरू हो गया है। करीब 5 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से 2.035 किलोमीटर लंबी रोड का डामरीकरण किया जा रहा है, जिसके लिए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा,मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अलताफ अहमद, अब्दुल गनी, दीपक साहू, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, अनूप चंदानिया, प्रकाश जोशी एवं आम नागरिकों के साथ मशीन पर श्रीफल तोडक़र सडक़ डामरीकरण कार्य शुरू करवाकर निरीक्षण किया। डामरीकरण कार्य होने के बाद अतिशीघ्र आकर्षक विद्युत पोल लगाया जाएगा।
निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर के बीचोंबीच गौरवपथ व्यस्ततम रोड के डामरीकरण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था पर कोई असर न पड़े, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही है। आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग आदि की व्यवस्था करते हुए डामरीकरण कार्य किया जाएगा ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। यह सिलसिला तब तक चलेगा जब तक शहर के सभी सडक़ों को पक्का न कर लिया जाये।
विधायक अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार को लगभग साढ़े चार साल हो चुके हैं। इन सालों में कांग्रेस की सरकार ने जनता से जुड़ी हर समस्या का निवारण करने का पूरा प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि जनता को ज्यादा से ज्यादा सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया है। चाहे वह स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो या आर्थिक मदद हो या फिर रोजगार हो, इसके साथ-साथ जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की गई है।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा हमारी सरकार निरन्तर विकास कार्यों एवं जनमानस की आवश्यकताओं की पूर्ति करने प्रयासरत है।वे हमेशा से अपने आप को जनता के बीच में रखकर उनकी समस्याओं को अपना मानकर शीघ्र समस्या का निवारण करने का प्रयास करते हैं।
विधायक अरुण वोरा ने कहा शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यो के लिये धनराशि की कमी नही होगी।इस अवसर पर मौजूद कार्यपालन अभियंता सुशील बाबर, एल्डरमेन श्रीमति रत्ना नारमदेव,अजय मिश्रा,हेमंत तिवारी,राजेश धनकर,नन्दू,पासी अली सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय द्वारा जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग को अधिवक्ताओं हेतु 6 एसी प्रदान किया गया है, जिस पर अधिवक्ता संघ द्वारा सांसद का आभार व सम्मान कार्यक्रम रखा गया।
उक्त कार्यक्रम के पूर्व सांसद ने उनके द्वारा प्रदत्त एसी को रिमोट द्वारा चालू किया। उन्होंने न्यायालय परिसर का भ्रमण कर सभी अधिवक्तागण से मुलाकात किया।
संघ के सभागार में आभार व सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ की अध्यक्षा सुश्री नीता जैन द्वारा अपने संबोधन में सांसद द्वारा यह सुविधा प्रदान किये जाने पर उनका धन्यवाद किया तथा अधिवक्ता बंधुओं की ओर से जिला न्यायालय में और सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की जिस पर सुश्री पाण्डेय यथासंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सुश्री पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में अधिवक्ता संघ द्वारा सम्मान प्रदान किये जाने का आभार व्यक्त करते हुए न्यायालय परिसर को और हराभरा व मनोरम बनाने के लिए एक उद्यान बनाने की घोषणा की।
कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव रविशंकर सिंह व आभार प्रदर्शन संघ के उपाध्यक्ष प्रशांत जोशी ने किया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता कसार कोषाध्यक्ष अनिल जायसवाल सह सचिव कृष्णराज चंदेल सहित सभी वरिष्ठ अधिवक्ता तथा अधिवक्ता संघ के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। नेहरू नगर निवासी सीएसईबी के सेवानिवृत अकाउंट ऑफिसर राम भास्कर सोवले की पत्नी नीति सोवले (63) के निधन के पश्चात उनके नेत्रदान से दो लोगों को नई रौशनी मिलेगी, हाईटेक हॉस्पिटल में भर्ती नीति सोवले के निधन के समाचार मिलते ही समाजसेवी बंसी अग्रवाल ने नीति सोवले के परिवार से नेत्रदान हेतु आग्रह किया जिस पर नीति सोवले के पति श्री राम भास्कर सोवले, पुत्री निवेदिता,रचिता व दामाद अनिरुद्ध ने नेत्रदान हेतु सहमति दी।
परिवार की सहमति मिलते ही नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य राज आढ़तिया, रितेश जैन, राजेश पारख, विकास जायसवाल सक्रीय हुए व रात 1.30 बजे नेत्रदान सम्पन्न हुआ।
श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के डॉ.पुष्पेंद्र एवं नेत्र बैंक प्रभारी विवेक कसार ने कॉर्निया कलेक्ट किये। राम भास्कर सोवले ने कहा आज उनकी पत्नी इस दुनिया में नहीं रही हमारा पूरा परिवार बेहद सदमे में है किन्तु आज निति की नेत्रदान की अंतिम इच्छा पूरी कर हमारे परिवार के सदस्यों को संतुष्टि है की अब निति दो आँखों के माध्यम से हमेशा के लिए अमर हो गई।
राज आढ़तिया ने कहा नीति सोवले के नेत्रदान से समाज में नेत्रदान हेतु जागरूकता बढ़ेगी एवं भविष्य में प्रदेश में नेत्र हीनता की जिंदगी जी रहे व् नेत्रदान की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को आँखों की रौशनी मिलेगी।
नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य रितेश जैन ने कहा, हमारी संस्था लगातार लोगों को नेत्रदान ,देहदान व रक्तदान हेतु जागरूक कर रही है जिसके सुखद परिणाम आ रहे हैं भविष्य में यदि कोई देहदान व नेत्रदान पर कोई जानकारी चाहता है तो हमारे सदस्यों से सम्पर्क करे या 9300673279 / 8839324601 नंबर पर फोन कर जानकारी ले सकता है।
नवदृष्टि फाउंडेशन की ओर से अनिल बल्लेवार ,कुलवंत भाटिया, राज आढ़तिया, प्रवीण तिवारी, मुकेश आढ़तिया, हरमन दुलई, किरण भंडारी, रितेश जैन, जितेंद्र हासवानी, उज्जवल पींचा, सत्येंद्र राजपूत, सुरेश जैन,राजेश पारख, पियूष मालवीय, विकास जायसवाल, मुकेश राठी, प्रभु दयाल उजाला, प्रमोद बाघ ,सपन जैन ,यतीन्द्र चावड़ा, बंसी अग्रवाल, अभिजीत पारख, सूरज साहू, मोहित अग्रवाल, चेतन जैन, दयाराम टांक ने नीति सोवले को श्रद्धांजलि दी व सोवले परिवार को साधुवाद दिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 मई। विप्र फाऊंडेशन महिला प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ ने कक्षा बारहवीं में उच्च अंक प्राप्त करने वाली बहनों आभा शर्मा और युक्ता शर्मा को वृन्दावन हाल कटोरा तालाब रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि विप्र समाज की बेटियों आभा व युक्ता ने डीएवी स्कूल हुडको भिलाई से कक्षा बारहवीं विज्ञान में क्रमश: 92.2त्न तथा 90.8त्न अंक प्राप्त कर समाज, पालकों व शाला का नाम रौशन किया है।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय प्रभारी सोनाली शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष ममता पुजारी, रायपुर जिला अध्यक्ष पिंकी, विशिष्ठ अतिथि मधु यादव, ममता पुजारी, ममता शर्मा , प्रतिभा शर्मा सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित थे। राष्ट्रीय प्रभारी सोनाली शर्मा ने बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ भी प्रेषित की हैं।
महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के मुख्य आतिथ्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उषा टावरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अलका बाघमार, मंत्री अमिता बंजारे महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री माया बेलचंदन, महिला मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आयुषी पांडेय, जिला महिला मोर्चा जिला प्रभारी स्वाति साहू की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने भाजपा के कार्यों और नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा प्रवेश किया जिन्हें महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत एवं उपस्थित वरिष्ठ नेताओं के द्वारा भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया।
बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि किसी भी सरकार के निर्वाचित होने में महिलाओं की अहम भूमिका होती है और महिलाएं जो ठान लेती है, उसे पूरा करने के लिए जी जान लगा देती है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लाने के लिए संकल्प के साथ हमें अभी से कमर कस कर उतरना पड़ेगा। महिलाओं के विरुद्ध प्रदेश में घट रही घटनाएं यह दर्शाती है कि कि वर्तमान में भूपेश बघेल सरकार में महिलाएं किसी भी रूप में सुरक्षित नहीं है, नशाखोरी चरम पर है। अपराधी अपराधिक गतिविधियों का अंजाम देने में किसी प्रकार से कमी नहीं कर रहे हैं, छोटी बच्चियों से लेकर बड़ी उम्र की महिलाओं तक के साथ अनाचार की घटनाएं सामने आ रही है। केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए लगातार कई योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्म निर्भर बना रही है लेकिन इसके विपरीत हमारे प्रदेश में महिला स्व सहायता समूह की बहनों से रेडी टू ईट के कार्य को छीन लिया गया।
महिला मोर्चा की बहनों से आह्वान है कि प्रदेश की कांग्रेस-भूपेश बघेल सरकार को जड़ से उखाडऩे के लिए माताओं बहनों के पास जाकर इस सरकार की कारगुजारियों और नाकामियों को उजागर करना है और आगामी विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल की नेतृत्व वाली सरकार ने अपने घोषणापत्र मे महिलाओं सुरक्षार्थ शराबबंदी, स्व सहायता समूह की बहनों के लिए कर्जा माफी और विभिन्न प्रकार की घोषणाएं की थी, जिनमें से एक भी घोषणा पूर्ण नहीं हुई है। दुर्ग शहर में हुए भेंट मुलाकात कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री से एक महिला ने शराबबंदी की बात की तो उन्होंने बात को टालते हुए कहा कि जब तक आपके घर के लोग नहीं छोड़ेंगे तब तक शराबबंदी नहीं हो सकती लेकिन जब उन्होंने घोषणापत्र जारी करते हुए गंगाजल की कसम खाई थी तब तो उन्होंने ऐसी कुटिल बात नहीं कही थी। इस धोखेबाज सरकार को हमें जड़ से उखाडऩा होगा और सभी माताएं बहने इसके लिए मैदान पर उतरना होगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार ने ना सिर्फ महिलाओं को ठगा बल्कि प्रदेश के हर वर्ग को भी ठगा है उन्होंने तो गंगाजल की कसम खाई और शराबबंदी की बात घोषणा पत्र में करके भूल गई आज प्रदेश की महिला स्व सहायता समूह की बहने भी अपने आप को ठगा सा महसूस करती हैं क्योंकि उन्होंने जिस विश्वास के साथ उन्हें वोट दिया उस वोट को उसे धोखा विश्वासघात के रूप में बदला।
महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री माया बेलचंदन ने कहा कि कांग्रेस भूपेश सरकार की वादाखिलाफी से सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं का हुआ है। महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर के आस-पास के 10 घरों में महिलाओं से संपर्क करके भाजपा के पक्ष में बात रखें।
भाजपा महिला मोर्चा जिला प्रभारी स्वाति साहू ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कमल सखी और कमल मित्र बनाने का काम समयावधि में पूरा करते हुए शराबबंदी को लेकर महिलाओं के छोटे-छोटे समूहों में परिचर्चा का आयोजन सभी मंडलों में कराएं। आगामी माह में महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व के पदाधिकारियों का आगमन दुर्ग जिले में होगा, इस हेतु प्रदेश महिला मोर्चा संगठन के द्वारा जो कार्य प्रदान किए गए हैं उसे हमें जल्द से जल्द पूर्ण करना होगा।
बैठक के अंत में महिला जनप्रतिनिधियों को शाल श्रीफल और पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गायत्री वर्मा ने किया एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री जय श्री राजपूत ने किया। आयोजित बैठक में मंचासीन अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सरिता मिश्रा, बानी सोनी, हिमा साहू, जिला महामंत्री महिला मोर्चा गायत्री वर्मा, जय श्री राजपूत, पदमा देवांगन उपस्थित रहे।
महिला मोर्चा जिला कार्यसमिति बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों में महिला मोर्चा उपाध्यक्ष रेखा यादव, नीतू श्रीवास्तव, रूपेश्वरी साहू, अहिल्या यादव, मंत्री ममता जंघेल, धनेश्वरी वर्मा, मंजूलता अंगारे, मंजू पांडे, संतोषी साहू, लता ठाकुर, बिंदु सिंह भुवाल, शीतला ठाकुर, साधना चौधरी, शालिनी दिल्लीवार, विमला कामड़े, कीर्ति देवांगन, कांति सिन्हा, शैलेन्द्री मंडावी, शीतल जांगिड़, अंजू तिवारी, भारती चंद्राकर, हेमलता देशमुख, पूनम चंद्राकर, धनेश्वरी देशमुख, आदिति खरिया, गायत्री साहू, रेवती सोनकर, लक्ष्मी देवांगन, उमा शर्मा, सुनीता पाटकर, ममता साहू, अनुराधा गुरुगं, ममता गुरुंग, सरिता लामा, मयूरी कुमार, संगीता द्विवेदी, कुंती ढीमर, एमएन यादव, कांता कलार, यशोदा साहू, संध्या यादव, सविता यादव, प्रमिला यादव, लक्ष्मी साहू, मीनू ठाकुर, संतोष यादव, यशोदा देवांगन, जांभाई साहू, रमशिला पटेल, तनुजा बघेल, कल्पना जांगड़े, डॉ रुचि गुप्ता, यामिनी हरमुख, मीरा दुबे, साधना सिंह, मनीषा उपाध्याय, भुनेश्वरी साहू, कालिन्द्री साहू, मधु दुबे, नारायणी पांडे, सुखियादिन साहू, मान बाई साहू, प्रभा साहू, कुमारी साहू, चमेली बाई साहू, सतरूपा ठाकुर, कांति यादव, मीना सिंह, योगिता शर्मा, अंजू तिवारी, सतीश साहू, सुधा सेंगर, ममता देवांगन, सविता साहू, डॉली ताम्रकार, सुनैना स्वर्णकार, सुषमा स्वर्णकार, कामनी ताम्रकार, प्रमिला देवांगन, भावना पांडेय, शैल बिहारी शुक्ला, प्रभा साहू सहित सभी 13 मंडलों की प्रमुख महिला मोर्चा पदाधिकारी शामिल रही।
सामाजिक सुरक्षा पर रहा विशेष जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केन्द्रीय योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई जिसमें सडक़ मरम्मत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा पेंशन इत्यादि की वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया और योजनाबद्ध तरीके से बचे हुए कार्यों को पूर्ण करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं पर विभागों को फोकस करने के लिए कहा ताकि कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर अवसर मिले और समावेशी विकास का विस्तार हो।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि का भुगतान समय पर हो इसके लिए बैंक प्रबंधन के साथ संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने की बात कही। इसके अलावा जहां बैंक जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं है वहां बैक सखियों के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही। जिले के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी बेहतर से बेहतर सेवा प्राप्त हो इसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को स्वास्थ्य संबंधी प्रबंधन की दिशा में विशेष निर्देश दिए। जिसमें डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाईयों के पर्याप्त स्टॉक और अस्पताल में सभी प्रकार के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध हो उस दिशा निरंतर सकारात्मक कार्य करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए मुलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा की। जिसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित को ध्यान में रखकर इन क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए और किसी कमी की स्थिति में तुरंत खामियों को बहाल करने के लिए कहा।
बैठक में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। समिति के सदस्यों ने बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने सुझाव दिए। इसके साथ ही जिला पंचायत सीईओ श्री अश्विनी देवांगन ने विस्तार से जिले में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी दी।
बैठक में दुर्ग विधायक अरूण वोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव व अन्य जन प्रतिनिधिगण, दिशा समिति के सदस्यगण व अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के भूपेश बघेल सरकार के द्वारा निर्मित किए गए गोठनो को निरीक्षण कर वहां की वस्तु स्थिति की पोल खोलने कार्यक्रम के तहत अहिवारा मंडल के नंदूरी, सूरजीडीह, मुर्रा, अकोला, मलपुरी, खपरी, रिंगनी, सिमतरा, ओटेबंद, कपसदा के गौठनों निरीक्षण अहिवारा मंडल के अतिथि प्रभारी व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कांतिलाल बोथरा द्वारा किया गया। इस दौरान उनके साथ प्रमुख रूप से मंडल के अध्यक्ष लीमन साहू उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कांतिलाल बोथरा ने कहा कि हमें सभी गौठनो का निरीक्षण किया और जनता का पंचनामा लिया केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा 14 वित्त 15 वा वित्त मनरेगा ,डीएमएफ जैसे मदों के गांव के विकास के लिए भेजी गई राशि को गठन में जबरन दुरुपयोग करवा के किए गए भ्रष्टाचार के संबंध में गांव वालों के साथ चर्चा की गांव वालों ने कहा कि मोदी जी द्वारा भेजेगा जिस पैसे से गांव के बिजली पानी स्वच्छता स्कूल अस्पताल में खर्च किया जा सकता था उस पैसे का गोठान के नाम पर दुरुपयोग करके भारी भ्रष्टाचार किया गया है।
गोठान निर्माण में भी भारी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार को साफ तौर पर देखा जा सकता है इस दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा नरवा गरवा घुरवा बाड़ी योजना के अंतर्गत गोठान के नाम पर किए गए भ्रष्टाचार की पोल खोली गई।
गौठान के निरीक्षण के दौरान मंडल महामंत्री अनुज साहू, संजय पांडेय, चंद्रप्रकाश मांडले, केके खेलवार, मीडिया पैनलिस्ट सौरव सिंह जागृत, पूर्व महापौर चंद्रकांता मांडले, अग्र लाल जोशी, महेंद्र बंजारे, प्रवेश शर्मा, चंद्रकला मनहर, शिव कुमार वर्मा ,सोम कांत वर्मा, राजा शर्मा, गणेश टंडन ,हेमंत गोयल, शत्रुघन वर्मा, सनत कुमार मांडले, नागेश साहू, दिवेश यादव, सतीश जोशी रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। ग्राम सेमरिया के बांधा तालाब को लेकर जनहित में एक आवेदन जनदर्शन में पहुंचा था। जिसे ग्रामवासियों के सहमति के साथ सरपंच द्वारा प्रस्तुत किया गया था। सरपंच का कहना था कि ग्रामवासी प्रतिदिन दैनिक दिनचर्या के निर्वहन के लिए इस तालाब का उपयोग करते हैं। तालाब में बारों माह जे.के. लक्ष्मी सीमेंट के खदान से पाईप लाईन द्वारा पानी ग्रामवासियों एवं किसानों के उपयोग के लिए प्रदान किया जाता है। परंतु दैनिक दिनचर्या के उपयोग के लिए तालाब में लगे बिजली के खंभे ग्रामवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। पानी वाले स्थाान में बिजली के खंभे लगे होने के कारण कभी भी अप्रत्याशित दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
ग्रामीणजन चाहते हैं कि आने वाली बरसात से पहले यदि इन बिजली के खंभों को हटा दिया जाए तो दुर्घटना की संभावना को नगण्य किया जा सकता है। इसलिए सरपंच का निवेदन था कि तालाब में गड़े इन बिजली के खंभे को यथाशीघ्र यहां से हटाया जाए। आवेदन को बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया गया।
जनदर्शन में प्राप्त अन्य एक और आवेदन में राजेन्द्र विहार के एक निवासी द्वारा बिजली के अस्थाई कनेक्शन की सुरक्षा निधि राशि वापस दिलवाए जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदक का कहना था कि वह लगभग एक साल से सुरक्षा निधि की राशि प्राप्त करने के लिए बिजली विभाग का चक्कर काट रहा है। उसने बताया कि अपने नए घर में गृह प्रवेश करने के अवसर पर उसने जुलाई 2021 में अस्थाई कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था और लगभग 7 महीने पश्चात् बिजली विभाग से स्थाई कनेक्शन प्राप्त किया। स्थाई कनेक्शन प्राप्त करने के पश्चात् उसने विभाग में सुरक्षा निधि वापस करने या सुरक्षा निधि में जमा राशि के समायोजन के लिए विभाग को कई बार आवेदन दिया। विभाग द्वारा मांगे गए दस्तावेज वह प्रस्तुत कर चुका है, परंतु वर्तमान स्थिति तक उसे समाधान प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्तुत आवेदन को बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया गया और शीघ्र से शीघ्र सुरक्षा निधि वापस करने के लिए निर्देशित भी किया गया।
सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में 185 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। नगर सेना विभाग के स्वयंसेवकों से चतुर्थ श्रेणी भृत्य व कुक (रसोईया) के पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है, जिसमें दुर्ग जिले के लिए कुक एवं भृत्य हेतु 1-1 पद के लिए ऑफलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
संभागीय सेनानी नगर सेना एवं एस.डी.आर.एफ. रायपुर से प्राप्त जानकारी अनुसार निर्धारित प्रपत्र में 2 जून 2023 को सायं 5:30 बजे तक पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट अथवा स्वयं उपस्थित होकर जिला दुर्ग के पद हेतु कार्यालय जिला सेनानी नगर सेना दुर्ग में जमा करना होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्र निरस्त माना जाएगा। आवेदन से संबंधित जानकारी कार्यालय जिला सेनानी नगर सेना से प्राप्त कर सकते हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 23 मई। प्रदेश भाजपा के चलबो गौठान, खोलबो पोल, अभियान के तहत भाजपा नेता क्षेत्र के गौठान पहुंचकर जनता का पंचनामा तैयार कर रहे है। सोमवार को दुर्ग सांसद विजय बघेल भाजपाइयों के साथ सीएम भूपेश बघेल के गृहग्राम बेलौदी के गौठान पहुंचे और राज्य सरकार पर गौठान में 1300 करोड़ के कथित घोटाले का आरोप जड़ते हुए कहा कि कांगेस सरकार ने मनरेगा,डीएमएफ और पंचायतों को मिलने वाले 14 वें एवं 15 वें वित्त आयोग के राशि का दुरुपयोग कर गौठान में जमकर भ्रष्टाचार किया है जिसकी जानकारी आम जनता को होनी चाहिए।
बेलौदी के गौठान में ताला लटका हुआ है, सभी वर्मी टैंक खाली पड़े हैं, गौठान में अव्यवस्था के चलते गौवंश सडक़ों और अन्य सार्वजनिक स्थलों में अपना पनाह ढूंढ रहे है ,गौमाता की सेवा का ढिंढोरा पीटने वाले भूपेश सरकार ने गौठानों को भ्रष्टाचार का चारागाह बना दिया है,गौठान में चारा पानी की कमी तो सार्वजनिक है। इनकी सरकार ने पंचायत और गांवों के विकास लिये मिलने वाली राशि को पंचायत प्रतिनिधियों को दबाव डालकर गौठान में व्यय करवाया है। यह आम जनता के साथ धोखा और छल है!
श्री बघेल के मुताबिक गांवों में किसानों ने शासन की अपील पर पैरादान किया है लेकिन तकरीबन हर गौठान से पैरा खरीदने के लिये 20 हजार की राशि का व्यय दिखाया गया है, हर माह मिलने वाली 10 हजार की राशि का भी गौठान में कहीं उपयोग होता नहीं दिख रहा तो ये पैसे किसकी जेब में जा रहे हैं! इस दौरान जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक,मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू,प्रभारी रोहित साहू,भगवान सिंह चन्द्राकर,भाजयुमो अध्यक्ष नारद साहू, रूपसिंह सिन्हा, नरेश केला,राजेश चन्द्राकर, मेघनाद सागरवंशी, मनीष जैन, टेसराम साहू, रामसिंह बंसोड़, अभिषेक सेन सहित अन्य उपस्थित थे।
सांसद बघेल ने बताया कि भरर के गौठान में स्व सहायता समूह की महिलाओं का शोषण किया जा रहा है, अपने चहेते लोगों को उपकृत करने यहां बिना नापतौल के सीधे ट्रेक्टर से केवल दो लोगों की गोबर खरीदी हो रही है ,चरवाहे तक का गोबर नही ले रहे है, उपतहसील जामगांव आर के गौठान में व्याप्त अव्यवस्था के आलम को भाजपाइयों ने उजागर करते हुए बताया कि दक्षिण पाटन के केंद्रबिंदु जामगांव आर के गौठान तक कभी ग्रामीणों की मवेशी नहीं पहुंचते, बीमार पशु शेड में पैरा रखा गया है वहीं एक बीमार आवारा मवेशी को नाडेप टैंक में रखा गया है। मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कहा कि जामगांव आर गौठान में कहीं पर भी पेड़ पौधों का नामोनिशान तक नहीं है, यहां वर्मी,ओजोला और नाडेप टैंक क्षतिग्रस्त है, जिसकी कोई सुध लेने वाला नहीं है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लवन, 22 मई। कोरोना टीकाकरण प्रोत्साहन राशि अब तक नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (आरएचओ) संघ ने बीएमओ लवन को ज्ञापन सौंपा और समस्या हल करने की मांग की है। यथाशीघ्र समस्या का निराकरण कर राशि नहीं देने बीएमओ ऑफिस घेराव की बात कही।
ज्ञात हो कि कोरोना महामारी से लोगों के बचाव के लिए कोरोना जांच एवं टीकाकरण विकासखण्ड बलौदाबाजार के ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों द्वारा किया गया था। आरएचओ संघ बलौदाबाजार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उन्हें आज तक प्रोत्साहन राशि अप्राप्त है। जिसके लिए खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ-साथ कलेक्टर जिला बलौदाबाजार को इस संबंध में आरएचओ संघ ने ज्ञापन देकर निराकरण करने की फरियाद किये थे। अब बीएमओ लवन को आवेदन सौंपकर समस्या हल करने की मांग की है। आगे चर्चा में आरएचओ संघ ने बताया कि उनके आवेदन पर अभी तक अधिकारियों द्वारा संज्ञान नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में रोष है।
इस संबंध में ब्लॉक अध्यक्ष हितेन्द्र कुमार वर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए बताया कि पूर्व में राज्य शासन के द्वारा आबंटित राशि को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बलौदाबाजार के द्वारा खण्ड चिकित्सा अधिकारी को दे दिया गया था, लेकिन खण्ड चिकित्सा अधिकारी के द्वारा प्रदान नहीं किया गया है। आगे यह भी कहा कि क्यों और किस वजह से प्रदान नहीं किये जा रहे हैं यह समझ से परे हैं।
अजय कुमार साहू जिलाध्यक्ष ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक संघ बलौदाबाजार ने भी बताया कि यथाशीघ्र समस्या का निराकरण कर राशि प्रदान नहीं की जाती तो बीएमओ ऑफिस घेराव हेतु बाध्य होने की बात कही।
वहीं वर्तमान बीएमओ डॉ. सत्यजीत बनर्जी ने कहा कि उक्त प्रोत्साहन राशि आबंटन की जानकारी उन्हें नहीं है, उनसे पहले लवन का बीएमओ कोई दूसरा था, फिर भी उक्त समस्या की जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी बलौदाबाजार को लिखित में समस्या से अवगत कराकर समस्या की निराकरण के लिए सार्थक पहल करने की बात कही है।
बैठक में अजय कुमार साहू जिलाध्यक्ष, सत्यनारायण यादव महामंत्री जिला बलौदा बाजार, धर्मेंद्र कुमार जायसवाल कार्यकारिणी अध्यक्ष, हितेन्द्र कुमार वर्मा ब्लॉक अध्यक्ष बलौदा बाजार, संगीता साहू महिला ब्लॉक अध्यक्ष, हरदयाल पैकरा कोषाध्यक्ष, सक्रिय सदस्य संतोष कुमार साहू, चेतन पटेल , गोपाल श्याम साहू, हरिश्चंद्र वर्मा, संतोषी ध्रुव, गणेश सेन, अनिल कुमार वर्मा, एवं ब्लॉक सलाहकार मनीराम शांडिल्य के साथ-साथ समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभनपुर, 22 मई। रविवार को नगर कांग्रेस कमेटी अभनपुर द्वारा विधायक कार्यालय सद्भावना कुटी अभनपुर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में मनाई गई।
कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके कृतित्व को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात वक्ताओं ने उन्हें नमन करते हुए उनके द्वारा देश हित में किए गए जन कल्याणकारी कार्यों एवं योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, डॉ. ओमप्रकाश साहू, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव नीलकमल गिलहरे, डोमेंद्र साहू, सोनजित ध्रुव, भूपेन्द्र बजाज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। अग्रसेन चौक स्थित अविश एजुकॉम में 20 मई को अविश एडुफेस्ट 2023 का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर विशेष रुप से पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव, विधायक दुर्ग अरुण वोरा, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, महापौर दुर्ग धीरज बाकलीवाल सहित विभिन्न कालेजों स्कूलों से शिक्षाविद्, विद्यार्थी एवं उनके माता-पिता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके मॉडल को देखा, सराहा तथा उन्हें और आगे बढक़र नए आयाम छूने के लिए प्रोत्साहित किया।
अविश एडूफेस्ट 2023 में फैशन डिपार्टमेंट का लाइव काउंटर वर्क एग्जीबिशन, इंटीरियर डिपार्टमेंट का क्रिएटिव कोना, ग्राफिक एवं एनिमेशन डिपार्टमेंट का लाइव वीफएक्स, कैड फेस्ट, फोटोग्राफी का वाउक्लिक, वेब डेवलपमेंट डिपार्टमेंट का कोड ब्रेकर एवं जेटकिंग डिपार्टमेंट का टेक्फेस्ट मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। संस्था के छात्रों ने प्लेसमेंट को भी बढ़-चढक़र दिखाया। इसके लिए संस्थान के बच्चों ने महीनों से तैयारी की थी।
संस्था के चेयरमैन मनीष पारख और डायरेक्टर निलेश पारख ने बताया कि अविश एडूकांम छत्तीसगढ़ की स्किल एजुकेशन की एक अग्रणी संस्था है जो कि अपने फैशन, इंटीरियर, ग्राफिक, एनीमेशन, वेब डिजाइन, फोटोग्राफी, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, बेसिक कंप्यूटर कोर्स आदि के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं के कैरियर को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी दिशा में एक अनोखी पहल अविश ऐडूफेस्ट 2023 है। उन्होंने बताया कि एविश एडूकांम संस्था 24 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है। अब यह दुर्ग के साथ-साथ रायपुर एवं भुवनेश्वर में भी कई तरह के कोर्स का मुफ्त कैरियर और गृह परामर्श सुविधा, पर्सनालिटी डेवलपमेंट की सुविधा एवं इंटरव्यू तैयारी की सुविधा के साथ संचालित कर रहा है।
मनीष पारख ने बताया कि संस्था में हमेशा नए-नए आयोजन किए जाते हैं। युवाओं को फ्यूचरिस्टिक केरियर की जानकारी मिलती है जिससे वह एक बेहतर जीवन यापन कर पाए। बच्चों को प्लेसमेंट दिलाने के लिए संस्थान प्रतिबंध है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। मोर स्वच्छ दुर्ग मोर सुंदर दुर्ग,नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर नाका स्थित बटालियन के करीब आरआरआर (3आर रिड्यूस रीयूज रीसायकल) केंद्र का विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने स्वास्थ्य प्रभारी हमीद खोखर, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, मुक्तेश कान्हा व शिवाकांत तिवारी के मौजूदगी में किया फीता काटकर शुभारंभ। जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ज्ञात हो कि आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय,भारत सरकार के आदेशनुसार नगर पालिक निगम 3आर सेंटरों के माध्यम से आम नागरिकों द्वारा पुराने एवम उपयोगी सामग्रियों को सेंटरों पर प्राप्त किया जाएगा जहां उन्हें उपयोगी बनाकर जरूरतमंदों को दान किया जाएगा। इस से शहर में अपशिष्ट कम करने में सहायता मिलेगी। आरआरआर (रिड्यूस रीयूज रीसायकल) केंद्रों का उद्घाटन के दौरान आरआरआर केंद्रों के उद्घाटन में राहुल, किरण साहू,दीपा जोशी, ममता नाग, चंद्रिका, द्वारुति निषाद,उमा साहू के अलावा आदि लोगो ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम में आयोजित लोगों को रीसाइक्लिंग,संसाधनों के पुन: उपयोग और कचरे में कमी के महत्व के बारे में जानकारीपूर्ण जानकारी दी। साथ मिलकर, हम एक ऐसे समाज का निर्माण करने के लिए एक परिवर्तनकारी पथ पर निकल पड़े हैं जो स्वच्छ और हरित हो, जहां रिड्यूस, रियूज और रीसायकल के सिद्धांत फलते-फूलते हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, स्वस्थ्य प्रभारी हमीद खोखर का हृदय से आभार व्यक्त करते इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी ने शहर और आगे के लिए एक स्थायी भविष्य बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता पर जोर दिया। डोर टू डोर सुबह नागरिक द्वारा प्लास्टिक की वस्तुएं, कपड़ा, पुस्तक, बर्तन, फर्निचर, साईकल आदि दान कर सकते हैं, जिन्हें अधिक नवीनीकृत, पुन: उपयोग या पुनर्नवीनीकरण किया जाएगा एवं विशेष डोर-टू-डोर कलेक्शन ड्राइव एवं संगठनों / रिसाइकलर्स के साथ नेटवर्क मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा अभियान में प्रत्येक वार्ड में एक अस्थायी (लिंक) सेंटर एवं अभियान उपरांत शहर एक स्थायी आरआरआर सेंटर का शुभारंभ किया गया, जिसका उपयोग नागरिक वस्तुओं को छोडऩे के लिए कर सकते है जिन्हें पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण के लिए प्राथमिक श्रृंखला में आगे बढ़ाये जा सकता है।
आरआरआर सेंटर निर्माण हेतु पूर्व में विकसित अधोसंरचना का ही उपयोग किया जाए।
20 मई से 05 जून तक आरआरआर सेंटरों के लिए नागरिकों द्वारा संग्रहण अभियान और जागरूकता। 01 जून से 05 जून तक शहरों द्वारा सर्वश्रेष्ठ आरआरआर सेंटरों का मूल्यांकन एवं 5 जून 2023 विश्व पर्यावरण दिवस पर अभियान की परिणति, वार्डो में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान व लाइफ प्लेज हेतु अभियान।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के बैनरतले ठाकुर देवालय कचना धुरवा सिविललाइन में आयोजित गोंड समाज के दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला के दूसरे व अंतिम दिन रविवार को समाज प्रमुखों ने सामाजिक न्याय व्यवस्था और समाज में महिलाओं के योगदान पर मंथन किया। इस मुद्दे पर समाज प्रमुखों द्वारा अपने-अपने विचार रखे गए।
महासभा के अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने कहा कि सामाजिक न्याय व्यवस्था में पूरे समाज के लिए एक तरह का नियम होना चाहिए। जिसका समाज के सभी लोग गंभीरता से पालन करें, तभी समाज की विचारधारा आगे बढ़ेगी। डॉ. यशेश्वरी ध्रुव ने नारी शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि समाज में महिला शिक्षा और संगठन में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। महिलाएं आगे आएंगी, तो समाज भी आगे बढ़ेगा। महासभा के प्रवक्ता विष्णुदेव ठाकुर ने सामाजिक मान्यताओं पर अपने विचार रखे। कार्यशाला में जन्म संस्कार, वैवाहिक समारोह व मृत्यु संस्कार से जुड़े सामाजिक रीति नीति व नियम दस्तूर पर एकरूपता लाने शनिवार को पारित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर समाज के लोगों ने खुशियां जाहिर की। इन नियम दस्तूर को अपनाने व पालन करने देशभर से आए गोंड समाज के प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर अपनी सहमति दी। इसके अलावा अपने-अपने राज्यों व जिलों में नियम व दस्तूर को प्रभावशाली करने अपनी दृढ़ता दिखाई। कार्यशाला के समापन पर केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के संरक्षक व संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी और महासभा अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने समाज प्रमुखों और देशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यशाला का संचालन पन्नालाल नेताम, डॉ यशेश्वरी ध्रुव और आभार प्रदर्शन महासभा के महासचिव नीलकंठ गड़े ने किया। इसके पहले राष्ट्रीय कार्यशाला के पहले दिन शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने बुढादेव की पूजा अर्चना कर कार्यशाला की शुरुआत की। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के महासभा पदाधिकारियों के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम व अन्य राज्यों से समाज के प्रतिनिधि सैकड़ो की संख्या में शामिल हुए। राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रथम दिन जन्म संस्कार, वैवाहिक समारोह व मृत्यु संस्कार से जुड़े सामाजिक रीति-नीति, नियम-दस्तूर में एकरूपता लाने, तीज त्यौहार और रूढि़वादी परंपराओं पर सामूहिक रूप से चर्चा की गई। इन मुद्दों पर चर्चा उपरांत समाज प्रमुखों की सहमति से प्रस्ताव भी पारित किए गए थे।
राष्ट्रीय कार्यशाला में महासभा के सलाहकार सीताराम ठाकुर, प्रवक्ता ऋषि ध्रुव, महासचिव नीलकंठ गड़े, उपाध्यक्ष फागूराम मरकाम, सचिव संतराम छदैया, कार्यालय सचिव पन्नालाल नेताम, प्रवक्ता विष्णु ठाकुर, गोंड समाज दुर्ग जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महासचिव कमलेश नेताम, महिला अध्यक्ष डॉ. यशेश्वरी ध्रुव, दुर्ग शहर महिला अध्यक्ष भीषम नागेश, बेमेतरा अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर, दुर्गा पटोरी के अलावा मूडादार (चक अध्यक्ष), परीक्षेत्रीय अध्यक्ष, सर्किल अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, महासभा स्तर के पदाधिकारी, केंद्रीय प्रबंध समिति के पदाधिकारी शामिल हुए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम साकरा में आयोजित भरोसे के सम्मेलन में रिपा अंतर्गत निर्मित फूड रेंज मैन्युफैक्चर करने वाली ‘‘सर्वदा लाइफ’’ का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में स्थित रिपा स्टॉल में मुख्यमंत्री ने इंस्टेंट प्रीमिक्स, मिलेट इंस्टेंट प्रीमिक्स, मल्टी मिलेट फ्लोर, न्यूट्रीशनल बार के साथ-साथ कोल्ड प्रेस ऑयल का अवलोकन किया। जिसके अंतर्गत उन्होंने इंस्टेंट प्रीमिक्स इडली, ढोकला, अप्पे, चकोली, मिलेट इंस्टेंट प्रीमिक्स के अंतर्गत इडली, चीला, अप्पे,मल्टी मिलेट फ्लोर के अंतर्गत रागी, बाजरा,मल्टीग्रेन फ्लोर और सर्वदा लाइफ के प्रीमियम प्रोडक्ट न्यूट्रीशनल बार ,जिसमें पी नट चिक्की, नटी डीलाइट एनर्जी बार, योगर्ट डीलाइट एनर्जी बार, मल्टी मिलेट ग्रेनोला बार और मल्टी मिलेट चिक्की और इसके साथ ही कोल्ड प्रेस ऑयल में बदाम, सरसों, सूरजमुखी, तिल और मूंगफली तेल का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा आज छत्तीसगढ़ के परंपरागत फसल को न्यूट्रीशनल बार के रूप में नवाचार के माध्यम से एक अलग पहचान दी जा रही है। मिलेट वो सुपरफूड है जोकि विटामिन का डबल डोज है। स्वाद के साथ स्वास्थ्य को अपनाना है तो हमें मिलेट को बढ़ावा देना पड़ेगा इसलिए छत्तीसगढ़ शासन ने पुन: अपनी पारंपरिक खेती को बढ़ावा दिया है ताकि छत्तीसगढ़ को मिलेट हब बनाकर विश्व स्तर पर पहचान बनाई जा सके।
रिपा (रूरल इंडस्ट्रियल पार्क) का क्रियान्वयन जिला प्रशासन के द्वारा व्यवस्थित रूप से जिले में किया जा रहा है। पाटन विकाखंड के कुर्मीगुंडरा और फुंडा पंचायतों में दूरदृष्टि के साथ भविष्य में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखकर ‘‘मल्टी मिलेट फ्लोर इंस्टेंट प्रिमिक्सेस, न्यूट्रीशन बार’’ कुर्मीगुंडरा में और ‘‘कोल्डप्रेस ऑयल’’ इंडस्ट्री फुंडा में स्थापित की गई है। एक रिपा परियोजनाओं से लगभग 150 लोगों को प्रत्यक्ष तथा 1000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है।
जिला प्रशासन की दक्ष तकनीकी टीम के द्वारा प्रोडक्ट्स की ब्रांड बिल्डिंग की गई है, जिसे ‘‘सर्वदा लाइफ’’ के नाम से भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है। कुर्मीगुंडरा और फुंडा इन दोनों ही स्थानों पर ‘‘नव सृजन खाद्य उत्पादक सहकारी समिति‘‘ और ‘‘शहीद वीर नारायण सिंह सहकारी समिति’’ का गठन किया गया है। इन समितियों को प्रशिक्षण प्रदत्त कर कुशल बनाया गया है।
इंस्टेंट प्रिमिक्सेज में राइस इडली, चकली, अप्पे, खमण ढोकला, राइस ढोकला और मूंग बड़े के फ्लोर आकर्षक प्रीमियम पेकिंग में उपलब्ध कराए गए है। आज की भागती हुई जिंदगी में कम समय में फौरन तथा कम श्रम में स्वाद को बनाये रखते हुए पौष्टिक तत्वों को स्थायी रखा जा सकता है, इस विचार की के साथ ‘सर्वदा लाइफ’ के उत्पादों को पेश किया गया है।
छत्तीसगढ़ को मिलेट हब बनाने की दिशा में दुर्ग जिले की इंडस्ट्रियल इकाइयां बेहतर से बेहतर कार्य कर रही हैं, जिसे चरितार्थ करने का भरसक प्रयास जिले द्वारा किया जा रहा है। सर्व विदित है कि छत्तीसगढ़ में मिलेट्स को भोजन रूप में लेने की परंपरा विरासत से मिली हुई है। रागी, कोदो, कुटकी छत्तीसगढ़ के लिए कदापि नवीन नहीं है, छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक रूप से इसका सेवन होता रहा है। इसी कड़ी को नए कलेवर में परिमार्जित कर मूल्य सम्वर्धित उत्पाद ‘सर्वदा लाइफ’ ने बाजार में उतारे हैं।
खास उत्पाद- मिलेट इडली प्रिमिक्स, मिलेटअप्पे प्रिमिक्स और मिलेटचीला प्रिमिक्स। भविष्य में इस रेंज को और विस्तार देकर 15 से 20 प्रोडक्ट्स बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही है।
इसी तरह कुर्मीगुंडरा पंचायत में न्यूट्रीशनल बार विकसित किया गया है। फुंडा पंचायत में शुद्ध तथा रसायनमुक्त, कच्ची घानी का तेल निकाला जा रहा है, मुख्य रूप से मूंगफली, सरसो, तिल व सूरजमुखी का तेल आकर्षक प्रीमियम पेकिंग में उपलब्ध करवाया जा रहा है।
कुर्मीगुंडरा इकाई की उत्पादन क्षमता 200 किलोग्राम प्रति घंटा है, इस दर से अनुमानित सालाना व्यवसाय 1 करोड़ है। फुंडा इकाई की तेल उत्पादन क्षमता 2 टन प्रतिदिन है तथा पशु आहार निर्माण इकाई की क्षमता 2-3 टन प्रति घंटा है। निर्भया ग्रीन एनर्जिस प्रा. लि. ने उक्त उत्पाद क्रय करने हेतु (बाय बेक एग्रीमेंट ) 5 वर्ष के लिए लिखित अनुबंध निष्पादित किया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले के सांकरा में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का भूमिपूजन तथा न्याय योजनाओं की 02 हजार 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय राजीव जी को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज को मजबूत करना और कम्प्यूटर क्रांति राजीव जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज न्याय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि अंतरित कर हम छत्तीसगढ़ के किसानों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 443 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 68 करोड़ 26 लाख रूपए की लागत से तैयार हुए 17 कार्यों का लोकार्पण तथा 374 करोड़ 87 लाख रूपए के 71 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस मौके पर हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को भी सामग्री वितरण किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी का कहना था कि जब तक किसान मजबूत नहीं होगा, देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होगी, हमने इस विचार को साकार करने का काम किया। कोरोना के कठिन काल में भी हमने न्याय योजनाओं की राशि का अंतरण किसानों के खाते में किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे अच्छी स्थिति में छत्तीसगढ़ के किसान हैं। आज किसानों और मजदूरों के खाते में विभिन्न न्याय योजनाओं की 02 हजार 28 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है। 24 लाख से अधिक किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किश्त भेजी गई हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा, कि आपको पैसे मिलने का मैसेज प्राप्त हुआ या नहीं, किसानों ने हामी भरते हुए हां मेंं जवाब दिया और हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। श्री बघेल ने आगे कहा कि अब तो हमने प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने का निर्णय लिया है। हम सीधा हितग्राहियों के खाते में राशि देते हैं ताकि उन्हें सीधा लाभ मिले। हमने 72 लाख राशन कार्ड बनाये और बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत पहुंचाई है। वनोपज संग्राहकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। हम गौ माता की सेवा कर रहे हैं और जैविक खाद डालकर धरती माता की सेवा कर रहे हैं। ये धरती हमारी छत्तीसगढ़ महतारी है। इसकी सेवा में हम किसी भी तरह की कमी नहीं होने देंगे। चाहे गरियाबंद हो, मोहला मानपुर, तेंदूपत्ता संग्राहकों को किसी तरह की दिक्कत न हो, यह हम सुनिश्चित कर रहे हैं। वनोपज का हम वैल्यू एडीशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने महात्मा गांधी जी के नाम पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय आरंभ करने का निर्णय लिया और 120 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का भूमिपूजन हुआ। हम रामायण महोत्सव का आयोजन भी कर रहे हैं और गुरू घासीदास जी से जुड़े स्थलों का विकास कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वर्गीय राजीव गांधी के सपनों को सकार करने का कार्य कर रही है। गांधी जी के सपनों के अनुरूप गांव गरीब का विकास कर रही है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा कुमारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर जगह लोगों के चेहरों पर मुस्कुराहट नजर आती है, जिसे देखकर लगता है कि स्वर्गीय राजीव का सपना साकार हुआ है। छत्तीसगढ़ में जो खुशहाली आई है, लोगों को जो भरोसा बना है। वह मेहनत से उपजा भरोसा है। इसके पीछे कई दिनों की मेहनत है। यहां के धरती के बेटे, किसान के बेटे ने लोगों की खुशहाली का सपना साकार किया है।
इस मौके पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक मोहन मरकाम ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पीएचई मंत्री गुरु रूद्रकुमार, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिय़ा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भवन का शिलान्यास- मुख्यमंत्री ने पाटन के ग्राम सांकरा में 120 करोड़ रूपए की लागत से तैयार होने वाले महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भवनों का शिलान्यास किया।
इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत 14 शासकीय एवं 4 अशासकीय महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के ब्लू प्रिंट का अवलोकन भी किया।
न्याय योजनाओं की 2028 करोड़ 92 लाख रुपए की राशि का अंतरण- इस मौके पर मुख्यमंत्री ने न्याय योजनाओं की राशि का अंतरण किया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत 24 लाख 52 हजार किसानों को 1894 करोड़ 93 लाख रूपए की प्रथम किश्त अंतरित की गई। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत 5 लाख 63 हजार हितग्राहियों के खाते में 112 करोड़ 71 लाख रूपए की राशि अंतरित की गई। इसी तरह गोधन न्याय योजना के अंतर्गत पशुपालकों, गौठान समितियों एवं स्व-सहायता समूहों को 13 करोड़ 57 लाख रूपए का भुगतान किया गया। राजीव गांधी युवा मितान क्लब के अंतर्गत 13 जिलों के 3085 क्लबों को 7 करोड़ 71 लाख रुपए का वितरण किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई। आईसीआईसीआई फाउंडेशन एवं आईसीआईसीआई बैंक ने ग्राम सांकरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल दुर्ग को एंबुलेंस भेंट किया कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों इसकी चाबी अस्पताल प्रबंधन को सौंपी गई।
इस दौरान आईसीआईसीआई फाउंडेशन के कांत कुमार परियोजना प्रबंधक, रवि कुमार वर्मा डेवलपमेंट ऑफिसर, बिरसिंग चतुर्वेदी, अमितेश टंडन कम्युनिटी फेसिलेटर दुर्ग और आईसीआईसीआई बैंक के दीपेश देव क्षेत्रीय प्रबंधक, आशुतोष कुमार शाखा प्रबंधक एवं सौरभ शर्मा मौजूद थे।
गौरतलब है कि आईसीआईसीआई फाउंडेशन एवं आईसीआईसीआई बैंक जिले में सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत अनेक प्रकार के कार्य कर रही है। जिले में जल संरक्षण के लिए 87 स्कूलों में फाउंडेशन द्वारा रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं स्कूलों में सोलर प्लांट स्थापित करने के साथ ही 13 स्कूलों में 20 शौचालय का निर्माण का भी कार्य अनेक स्कूलों में किया गया है 3 तालाबों के गहरीकरण का कार्य किया जा चुका है।