छत्तीसगढ़ » कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मार्च। दसवीं की छात्रा को परीक्षा दिलाने जाते समय मधुमक्खियां ने बुरी तरह से घायल कर दिया , वहीं उसको बचाते पिता भी घायल हो गए।
विकासखंड माकड़ी के ग्राम पंचायत कुरलु बहार की बिंदेश्वरी नेताम दसवीं की छात्रा हैं,वह आज परीक्षा दिलाने के लिए हीरापुर जा रही थी। तभी उसको मधुमक्खियों ने बुरी तरह से घायल कर दिया जिसको लोगों ने बचाने का प्रयास किया और उसके पिता रैनू नेताम को फोन लगाकर बुलाया गया।
पिता उसको बचाने के लिए गए, उसको भी मधुमक्खी ने काट लिया। तुरंत 108 को बुलाया गया और छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी में रखा गया है जहां पर उनका प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और उनके पिताजी को भी लाया गया है।
साथ ही साथ पूरनलाल पांडे जो की पीड़ा पाल स्कूल में सफाईकर्मी हैं वह भी अपनी बच्ची को छोडक़र वापस आ रहे थे तो उन्हें भी मधुमक्खियां ने घायल कर दिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मार्च। कोंडागांव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा आम जनता को शीघ्र एवं सस्ता न्याय सुलभ करवाने तथा लंबित विवादों को आपसी समझौते के द्वारा सुलझाने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय केशकाल में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ।
इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजली सिंह के समक्ष बैंक सम्बंधित 70 प्रकरण आए, जिसमें 5 प्रकरणों का निराकरण हुआ। चेक बाउंस 7 प्रकरण आये जिसमें 2प्रकरणो का निराकरण हुआ। आपराधिक 20 प्रकरण आये जिसमें 05 प्रकरणों निराकरण हुआ।समरी04 प्रकरण आये थे और चारों प्रकरण का निराकरण हुआ। कुल 16प्रकरणों का तत्काल निराकरण हुआ। शेष मामलों के लिए मजिस्ट्रेट अंजली सिंह के द्वारा अगली तारीख दी गई है।
उल्लेखनीय है कि आम जनता को सहज एवं सुगम न्याय दिलवाने के उद्देश्य से 09 मार्च को समूचे प्रदेश के न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में केशकाल के व्यवहार न्यायालय में भी लोक अदालत का आयोजन हुआ। जिसमें लंबित प्रकरणों का निराकरण एक ही दिन मे किया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
फरसगांव/केशकाल, 9 मार्च। महिला दिवस पर नगर पंचायत फरसगांव की महिला सफाई कर्मी और स्वच्छता दीदियों का स्थानीय रेस्ट हाउस में उम्मीद सामाजिक संस्था ने शॉल श्रीफल से सम्मानित करते हुए उपहार भी दिया।
सम्मान पश्चात महाशिवरात्रि पर्व पर उन्हें 35 किलो दूर केशकाल के गोबराहीन शिव धाम में शिवलिंग दर्शन के लिए दो बोलेरो वाहन में रवाना भी किया, वहीं स्वच्छता दीदियों ने भी उम्मीद संस्था के सम्मान और शिव धाम भेजने के लिए धन्यवाद दिया।
उम्मीद संस्था के सदस्यों ने नगर की स्वच्छता दीदीयों को बधाई देते हुए कहा कि इन स्वच्छता दीदी नगर की सफाई अभियान से जुड़ कर नगर के सभी वार्डों में नियमित रूप से कचरा ठेला और रिक्शा में लेकर अपना काम बखूबी निभा रही हैं। स्वच्छता बहनों का कार्य सराहनीय हैं और ऐसी महिलाएं महिला दिवस पर सम्मान करने योग्य है। क्योंकि आज इन्हीं सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों के चलते फरसगांव नगर पँचायत क्षेत्र में यहां वहां फैले हुए कचरा तथा गंदगी से काफी हद तक निजात पाया जा चुका है, यूं तो स्वच्छता दीदी नगर पंचायत के नियमित कर्मचारी न होकर ठेका कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहे हैं इनके गंभीरतापूर्वक किए जा रहे कार्य की सराहना सभी को करनी चाहिए ।
इस दौरान उम्मीद संस्था के सदस्य फिऱोज मेमन, डिक्की जायसवाल, भरत भारद्वाज, जैन पाल, चंदन नाइक, रामकुमार भारद्वाज, कमल साहू, हरीश साहू, प्रकाश पांडे, दीपेंद्र यादव, रोहित बैध, देवराज प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मार्च। कोण्डागांव जिला के विकासखंड फरसगांव अंतर्गत बारदा गांव के 62 वर्षीय कांडे राम नाग बुरी तरह से झुलस गए हैं। उन्हें कोण्डागांव के जिला अस्पताल में उदाखिल किया गया है। बताया जा रहा है कि, कांडे राम नाग आज सुबह अपने घर में अकेले थे और खाना पका रहे थे। इसी दौरान वे आग से झुलस गए हैं।
विकासखंड फरसगांव के बारदा गांव निवासी कांडे राम नाग अपने खेत वाले मकान में अकेले थे। यहां खाना बनाते हुए उनकी धोती में आग लग गई, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए।
आस पड़ोस के लोगों ने उन्हें देखा और तत्काल फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कोण्डागांव के जिला अस्पताल रेफर कर भेजा गया है।
जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ बसंत तोड़े के अनुसार, कांडे राम नाग लगभग 76 प्रतिशत झुलस गए हैं, ऐसे में उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा जाना उचित होगा। लेकिन परिजन कोण्डागांव के जिला अस्पताल में ही उनका इलाज करवाना चाहते हैं।
जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं होने से कांडे राम नाग के उपचार में तकनीकी दिक्कतें आ रही है। हालांकि उनका प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
कोंडागांव, 9 मार्च। नेहरू युवा केंद्र कोंडागांव के संयुक्त तत्वावधान में बड़े राजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम हात्मा में ब्लॉक स्तरीय नेहरू केन्द्र खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विकसित भारत के संबंध में खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य अतिथि फूलवती मरकाम सरपंच ग्राम पंचायत हात्मा, विशेष अतिथि दुखुराम मरकाम शिक्षक( सीएससी), एवं कार्यक्रम के अध्यक्षता दयाल सिंह मरकाम वार्ड पंच एवं ग्राम के समस्त गणमान्य अतिथि गण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के आयोजन नेहरू युवा केंद्र के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार मंडावी बड़े राजपुर ब्लॉक अध्यक्ष बिसलाल नेताम एवं मीडिया प्रभारी अमर सिंह नेताम ब्लॉक सचिव एवं महेंद्र कुमार मरकाम दिनेश कुमार मरकाम, कैलाश कुमार, सुरेखा मरकाम, सनत कुमार,जागेश्वर कुमार सौरभ, मनरखंन एवं ग्राम हात्मा के युवक व युवतियां उपस्थित होकर इस खेल प्रतियोगिता को सफल बनाने में विशेष योगदान दिए और इस खेल प्रतियोगिता को संपन्न कराने में बढ़-चढक़र हिस्सा लिए।
वॉलीबॉल में प्रथम मनराज टीम मंझापारा टीम, द्वितीय पुरस्कार, एवं कबड्डी में प्रथम पुरस्कार रोशनी मरकाम एवं सहयोगी, रिले रेस में प्रथम हिमेश्वरी नागेश्वरी फुलेश्वरी बिंदेश्वरी, द्वितीय पुरस्कार रिले रेस में रिंकी टिकेश्वरी महेश्वरी अमृता, समस्त खिलाडिय़ों को मेडल शील्ड से सम्मानित किया गया।
एवं खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करती हुई नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष अनिल कुमार मंडावी एवं बिसलाल नेताम ब्लॉक अध्यक्ष मीडिया प्रभारी, अमर नेताम की अथक सहयोग से यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कोण्डागांव /जगदलपुर, 9 मार्च। कोण्डागांव जिले के अंतर्गत विकासखंड माकड़ी में देर रात को एक लकड़बग्घे के द्वारा अलग-अलग गांव में रहने वाले तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद तीनों ग्रामीणों को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती किया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। इसके अलावा विकासखंड विश्रामपुरी में भी इसी तरह घर के बाहर सो रहे 2 ग्रामीणों पर भी लकड़बग्घा के हमले से घायल होने की बात सामने आई है। सभी का उपचार स्थानीय अस्पताल में ही किया जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि विकासखंड माकड़ी में कुछ दिनों से लकड़बग्घा दिखाई दे रहा है, जिसके बाद से गाँव में लकड़बग्घे का आतंक भी दिखाई दे रहा है। तितरावंड गांव में लीलाबाई पति हीरामंत सलाम के ऊपर लकड़बग्घा ने हमला करते हुए घायल कर दिया है।
इसी तरह माकड़ी गांव के ही हल्दा गांव के रूपांतिन पति कोमल यादव भी लकड़बग्घे के हमले से घायल हो गई हैं। इन दो महिलाओं के अलावा माकड़ी के उल्लेरा गांव निवासी राम प्रसाद मरकाम को भी लकड़बग्घे ने अपना शिकार बनाया है। घर के बाहर सो रहे इन ग्रामीणों की आवाज को सुनने के बाद परिजन बाहर आये, जहाँ घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।
ग्रामीणों के ऊपर हुए हमले से गाँव में दहशत देखी जा रही है। गाँव के लोग डर के चलते शाम होते ही बच्चों तक को बाहर निकलने नहीं दे रहे हंै, वहीं गाँव के ही कुछ लोगों के द्वारा ग्रामीणों के इस भय को दूर करने के लिए वन विभाग के साथ मिलकर लकड़बग्घे की तालाश भी कर रहे हैं। फिलहाल घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 9 मार्च। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर जगदलपुर का चतुर्थ दीक्षांत समारोह राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के मुख्य आतिथ्य में विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में 93 छात्रों को गोल्ड मेडल, 43 छात्रों को पीएचडी और एक मानद उपाधि प्रदान की गई।
केशकाल नगर की शोयबा फातिमा ने बी.कॉम फाइनल की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर केशकाल समेत कोंडागांव जिले को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोयबा फातिमा को गोल्ड मेडल से पुरस्कृत किया है।
ज्ञात हो कि स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली शोयबा फातिमा मूलत: केशकाल नगर पंचायत के मस्जिदपारा निवासी फिरोज मेमन व सलमा बानो की बेटी हैं। शोयबा ने शिप्रा विद्यालय केशकाल से अपनी हाई स्कूलिंग की है तथा डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गारका से हायर सेकंडरी की पढ़ाई उत्तीर्ण की।
इसके पश्चात बी.कॉम में बस्तर विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल किया है। शोयबा की इस उपलब्धि पर उनके सभी स्कूलों, महाविद्यालयों के प्राचार्य व स्टाफ ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही स्थानीय विधायक नीलकंठ टेकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान, सामाजिक संगठनों व गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
कोंडागांव, 8 मार्च। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तरा कुमार कश्यप जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव के मार्गदर्शन में अम्बा शाह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव एवं सुरेन्द्र भट्ट प्रतिधारक अधिवक्ता प्रबंध कार्यालय कोण्डागांव एवं महिला संरक्षण अधिकारी सावित्री कोर्राम, बाल संरक्षण अधिकारी नरेन्द्र सोनी की उपस्थिति में ऑडिटोरियम कोण्डागांव में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अम्बा शाह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने महिलाओं को 8 मार्च अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कई जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न विभागों से उपस्थित कर्मचारी एवं अधिकारियों के द्वारा भी महिलाओं को मिलने वाली विभागीय लाभ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सुनीता मरकाम, श्वेता देवांगन, लक्ष्मी ध्रुव, सोनामणी पोयाम, केशर देहारी, सुनील कुमार मरकाम पी.एल.व्ही., विवेक कश्यप पी.एल.व्ही. एवं समस्त विभागों से आये हुये कर्मचारी एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों से आये महिलाएं उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 मार्च। मागों को लेकर मितानिनें 4 दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर रही हैं।
कोण्डागांव जिला में 2337 मितानिन और 110 मितानिन प्रशिक्षक कार्यरत हैं। इन मितानिनों को अगस्त से केंद्रांस और राज्यांस का प्रोत्साहन राशि नहीं दिया गया हैं। इसके अलावा कई अन्य मांगे हैं जिसे लेकर अब मितानिन आंदोलन का मन बना लिए हैं। इसी आंदोलन को मजबूती देने के लिए कोण्डागांव के वन विभाग डिपो मैदान में बैठक का आयोजन किया गया।
कोण्डागांव जिला के विकास खंड विश्रामपुरी में 413, माकड़ी में 398, केशकाल में 429, फरसगांव में 435 और विकास खंड कोण्डागांव में 662 मितानिन कार्यरत हैं। इसी तरह पूरे जिला में 110 मास्टर ट्रेनर हैं। इन सभी को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर पर अमली जामा पहनाने के चलते प्रोत्साहन राशि दिया जाता हैं। मितानिनों को केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार दोनों ही अलग-अलग स्तर पर प्रोत्साहन राशि देती है, जो की अगस्त माह से अब तक जारी नहीं किया गया है।
जिला मितानिन संघ के जिला अध्यक्ष पीलाराम पांडे के अनुसार, एक ट्रेनर को लगभग 76 हजार रुपए अब तक कुल और मितानिनों को लगभग 32 हजार रुपए अब तक कुल राशि का भुगतान शासन के माध्यम से नहीं किया गया है। इसी तरह पूर्व सरकार ने भी उनके लिए कोई अन्य घोषणाएं की थी। घोषणाओं को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। इन सभी मांगों को लेकर वे 7 मार्च से चार दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। धारणा कोण्डागांव नगर के चौपाटी मैदान में दिया जाएगा। यदि मांगी पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और भी विराट रूप दिया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 8 मार्च। कोण्डागांव पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया।
शुक्रवार को कोंडागाँव जिल के थाना कोतवाली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय. अक्षय कुमार के नेतृत्व एवं मुख्य अतिथि के रूप में कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी, शिेष अतिथि के रूप में किरण नुरेटी, प्रोफेसर गुडाधुर महाविद्यालय एवं, अन्य अतिथि के रूप में पार्षद सोनमड़ी, कोण्डागांव भाजपा अध्यक्ष दीपेश अरोरा, दौलत राम पोर्ते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव एवं कोण्डागांव जिला राजपत्रित अधिकारियों के गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निम्न अधिकारी/कर्मचारियों में उप निरीक्षक नमिता टेकाम, सहायक उप निरीक्षक अनिता मेश्राम, सउनि. सागरबती सोरी, सउनि शांति यादव, महिला प्रधान आरक्षक- संतोषी मण्डावी, बीना मण्डावी, महेश्वरी शाडिल, सोमारी साहू, एवं महिला आरक्षक- ममता प्रधान, मनीषा नेताम, ममता ठाकुर, सुकमती मरकाम, चन्द्रबती नेताम, फुलेष्वरी माझी, रसीदा कोमरे एवं शिक्षा विभाग से शिक्षिका श्रीमती मधु तिवारी एवं कोण्डागांव जिले के एकमात्र महिला पत्रकार सुश्री लक्ष्मी पटेल को मोमेन्टो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोण्डगांव दौलत राम पोर्ते के द्वारा आगामी दिनों में कोण्डागांव पुलिस के द्वारा चलाये जाने वाले महिला संबंधित अपराधों एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु विस्तृत कार्यक्रम का विवरण दिया गया। जिसके तहत् दिनांक 09/03/2024 से 10/03/2024 तक कोण्डागांव जिले के महत्वपूर्ण चौक, ग्रामीण हाट, बाजार, आदि स्थानों पर महिला संबंधित अपराधों एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जायेगा एवं दिनांक 11/03/2024 को कोण्डागांव जिले अन्तर्गत स्कूलों में महिला सशक्तिकरण थीम पर रंगोली, निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा एवं विजेताओं को पुरूष्कृत भी किया जायेगा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों के द्वारा महिलाओं के अधिकारों, महिलाओं का सम्मान एवं विभिन्न आयामों में महिलाओं की भूमिका एवं वर्तमान प्रासंगिकता के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी के द्वारा महिला संबंधित अपराधों एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया
इस कार्यक्रम के दौरान रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी, निरीक्षक प्रहलाद यादव एवं पुलिस के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
कोण्डागांव, 8 मार्च। गुरूवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा गोलावण्ड स्थित एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय एवं छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय एवं छात्रावास के कक्षों का निरीक्षण किया तथा स्कूल के शिक्षकों से व्यवस्था के संबंध में चर्चा की।
लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किताबें वितरण पंजी का मुआयना करते हुए लाईब्रेरी में माध्यमिक कक्षाओं हेतु पुस्तकों की उपलब्धता न होने पर प्राचार्य को विद्यालय के सभी स्तरों के बच्चों हेतु किताबों की व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिये। विद्यालय कक्षों के अवलोकन के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों के स्मार्ट टीवी संचालन के कौशल की भी जांच करते हुए सभी को स्मार्ट टीवी संचालन हेतु प्रशिक्षण देने हेतु निर्देशित किया।
इसके उपरांत उन्होंने बालिका छात्रावास के कक्षों में जाकर विद्युत उपकरणों की जांच करते हुए उपकरणों के खराब होने एवं मच्छरदानी लगाने हेतु उचित व्यवस्था न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बच्चों से गणवेश, जुते वितरण एवं शिक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। जिसमें बच्चों द्वारा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए खाने के मैन्यू के संबंध में भी पूछे जाने पर जानकारी दी। जिसमें मैन्यू अनुसार भोजन न दिये जाने तथा किचन में पानी की उचित व्यवस्था न होने, हॉस्टल में टीवी एवं सीसी टीवी के खराब होने, विजिटर पंजी के उचित तरीके से संधारित न करने, बच्चों को खेल सामाग्री वितरित न करने पर रोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने प्राचार्य एवं अधीक्षिका को कड़ी चेतावनी देते हुए दो दिनों के भीतर व्यवस्था सुधार करने को कहा तथा बालिका छात्रावास में अव्यवस्था को देखते हुए अधीक्षिका पर कड़ी कार्यवाही करते हुए उसे निलंबित करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
कलेक्टर ने किचन एवं मेडिकल व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए स्टाफ नर्स से आपातकालीन चिकित्सा हेतु दवाईयों की उपलब्धता तथा किचन में सब्जी की उपलब्धता की भी जांच की। बच्चों से चर्चा के दौरान नवमीं कक्षा की साक्षी नेताम द्वारा कलेक्टर से टाइम मैनेजमेंट करने के तरीकों के संबंध में पूछा जिस पर कलेक्टर ने आत्मीयता पूर्वक अपने सुबह से लेकर शाम तक के दिनचर्या के बारे में बताते हुए टाइम मैनेजमेंट के तरीकों के संबंध में बच्चों को बताया। इस अवसर पर एसडीएम निकिता मरकाम भी उपस्थित रही।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 मार्च। कोण्डागांव जिला के मड़ानार गांव में शिव जी की विशेष कृपा हुई है। यहां भगवान शिव ने 7 साल की बच्ची नंदनी को दर्शन दिया। दर्शन देने के बाद भक्तों में कृपा बसाने के लिए लिंग रूप में स्वयं उद्गम होकर मड़ानार में स्थापित हो गए। इसके बाद से लगातार मड़ानार में शिवलिंग दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। यह पहला अवसर होगा जब मड़ानार के जंगल में स्वयंभू शिवलिंग में पहला महाशिवरात्रि मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी जोरों से की जा रही है।
इस वर्ष शिव भक्तों के लिए श्रवण का महीना अत्यंत महत्वपूर्ण था, क्योंकि इस वर्ष डबल श्रवण मास था। यानि पूरे श्रावण के महीने में 8 सोमवार शामिल थे। इसी पवन श्रावण मास में पहली बार मड़ानार गांव के कक्षा तीसरी कक्षा में पढऩे वाली नंदिनी को जंगल में शिवलिंग की प्राप्ति हुई है।
ग्रामीणों का दावा है कि, नंदिनी अपनी दादी भागवती के साथ श्रावण माह के एक रोज जंगल में बोड़ा बिनने पहुंची थी। इस दौरान अचानक नंदिनी को जंगल में तेज प्रकाश दिखाई दिया, तेज रोशनी के पास नंदिनी पहुंची तो उसे चमत्कारिक रूप से शिवलिंग की प्राप्ति हुई। शिवलिंग उत्पत्ति की यह घटना गांव और देखते ही देखते कोण्डागांव जिले में आग की तरह फैलने लगी। केवल श्रावण माह ही नहीं, इसके बाद भी लगातार शिव उद्गम स्थल पर भगवान भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए भक्तों का यहां तांता लगा रहता है।
प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं
मान्यता है कि शिव की भक्ति में केवल दर्शन मात्र से ही भक्तों के सारे कष्ट हर लिए जाते हैं , ऐसे में स्वयंभू उत्पन्न शिवलिंग की जानकारी भक्तों को जैसे-जैसे फैलने लगी, यहां भक्तों का तांता लगने लगा। स्थानीय ग्रामीण व पुजारी लखमू ठाकुर, मंदिर समिति अध्यक्ष पेनसिंह इत्यादि का दावा है कि, प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालु शिवजी के दर्शन पाकर कृपा पाने के लिए यहां आते हैं। साथ ही मंदिर समिति के सदस्यों व पदाधिकारी का कहना है कि, इस वर्ष शिवरात्रि के दौरान भक्तों में भारी भीड़ हो सकती है।
लगातार जल की धारा शिवलिंग की है विशेषता
मड़ानार के जिस जंगल में शिवलिंग की उत्पत्ति हुई है, उसके आसपास जल का कोई स्रोत नहीं है। लेकिन जहां नंदिनी को शिवजी प्राप्त हुए हैं उसके ठीक ऊपर से जल की धारा निरंतर शिवजी पर गिरता रहता है। इसी तरह इस स्थल पर शिवजी के साथ गणेश और नंदी की भी उत्पत्ति माना गया है।
छोटे से लिंग रूप में दिए थे दिखाई, अब आकर में हुए परिवर्तन
सबसे पहले दर्शन पाने वाली नंदिनी की दादी भागवती के अनुसार, जब शिवजी का यहां प्रथम दर्शन हुआ तो शिवलिंग काफी छोटे आकार का था। लेकिन कुछ ही दिनों में इस शिवलिंग का आकार बड़ा हो गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ कोण्डागांव के विकासनगर स्टेडियम में किया गया। इस कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मी ध्रुव, सोनामणी, हीना श्रीवास्तव, रेखा साहू, दिनेश्वरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा हरी झण्डी दिखाकर 100 मी. दौड़ का शुभारंभ किया गया।
बुधवार को प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, रस्साकसी, कबड्डी का आयोजन किया गया। जिसमें रस्साखींच में कोण्डगांव विकासखण्ड ज्योति सोरी एवं साथी प्रथम स्थान पर रहे वहीं कोण्डागांव विकासखण्ड की कुसुमलता एवं साथी द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर फरसगांव की टीम रही। एथलेटिक्स 100 मी. दौड़ में केशकाल की दिनेश्वरी नेताम प्रथम, फरसगांव की सीमा नेताम द्वितीय एवं फरसगांव की रयमती तृतीय स्थान प्राप्त किया।
800 मी. दौड़ में कोण्डागांव की विमला सोरी प्रथम, कोण्डागांव की गायत्री मरकाम द्वितीय एवं फरसगांव की राधिका नरेटी तृतीय स्थान पर रही। 1500 मी. दौड़ में माकड़ी की शरणबती ने प्रथम, फरसगांव यशोदा सोरी ने द्वितीय एवं माकड़ी की तनिषा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लम्बी कूद (20 वर्ष से कम) में प्रथम माकड़ी की तनिषा, द्वितीय फरसगांव की पूजा पांडे एवं तृतीय बड़ेराजपुर की हेमलता रहीं।
लम्बीकूद (20 वर्ष से अधिक) में प्रथम स्थान कोण्डागांव की बिमला पोयाम, द्वितीय स्थान माकड़ी की पार्वती मौर्य एवं तृतीय स्थान फरसगांव की भुवन्तीन ने प्राप्त किया। गोलफेंक (20 वर्ष से अधिक) में प्रथम स्थान कोण्डागांव की सुनिता सोरी, द्वितीय स्थान केशकाल की दिनेश्वरी नेताम एवं तृतीय स्थान फरसगांव की यशोदा सोरी ने प्राप्त किया।
रस्साकसी में प्रथम त्रिदर्शी सौरभ मड़ामे एवं साथी रही। इस कार्यक्रम में एसडीएम कोण्डागांव निकिता मरकाम, उपसंचालक संमाज कल्याण विभाग ललिता लकड़ा के द्वारा विजित प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।
कलेक्टर ने धान संग्रहण केंद्र कार्य अपूर्ण होने पर जताई नाराजगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 मार्च। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा बुधवार को छोटेसलना एवं काटागांव में निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान सर्वप्रथम वे काटागांव पहुंचे। जहां उन्होंने धान संग्रहण केंद्र में निर्माणाधीन गोदाम सह कार्यालय निर्माण कार्य में छत और शौचालय का निर्माण प्रारम्भ नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे प्रारंभ करा कर 20 मार्च तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त छोटेसलना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक जल उपलब्ध कराने के लिए पानी टंकी का निर्माण पूर्ण कर पाईप कनेक्शन कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने इस कार्य में विलंब पर असंतुष्टि जाहिर करते हुए ठेकेदार को 7 दिनों में काम पूरा करने को कहा। यदि एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा नहीं होता है तो विभागीय अधिकारियों को ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिया। इस अवसर पर ईई पीएचई एचएस मरकाम, एसडीओ वीरेंद्र पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 मार्च। मोदी की गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने/क्रमोन्नत वेतन प्रदान करने छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई कोंडागांव के द्वारा केशकाल विधायक माननीय नीलकंठ टेकाम को ज्ञापन दिया गया।
जिलाध्यक्ष शंकर लाल नेताम ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति के निदान क्रमोन्नत वेतनमान देने का वादा मोदी की गारंटी के रूप में भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में 100 दिवस में पूरा करने का वादा शामिल हैं। इसी क्रम में समस्त सहायक शिक्षकों ने मुख्यमंत्री जी से इस बजट में सहायक शिक्षकों की हित में वेतन विसंगति का निदान कर एवं क्रमोन्नति प्रदान करने हेतु अनुशंसा पत्र जारी कर मोदी की गारंटी को पूरा करने का आग्रह किया। इस हेतु विधायक टेकाम द्वारा घोषणा पत्र के अनुरूप सरकार द्वारा जल्द ही सकारात्मक पहल करने का आश्वासन शिक्षकों को दिया गया।
इस अवसर पर फेडरेशन के संयोजक भास्कर वर्मा,सहसचिव मेश्राम सेन,ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र कुपाल, महेंद्र पटेल, मानसाय मरकाम, उपाध्यक्ष धरमराज नागवंशी, गोमतेश्वर पाण्डे, लगू राम नेताम, धनसाय नेताम, तरुण ठाकुर, कृष्णा कुंजाम, योगेन्द्र साह, शैलेन्द्र खरे, नीलम मेश्राम, राजेश यादव, किशोर प्रीतम, सुरेश खैरवार, प्रहलाद पाण्डे, संत मरकाम, बालसिंह मरकाम, अमित ठाकुर,कैलाश ध्रुव मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 मार्च। बुधवार की दोपहर कोण्डागांव के सिटी कोतवाली अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर घोड़ागांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई है। इस हादसे में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को कोण्डागांव के जिला अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी लगते ही भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता समेत कोण्डागांव के जनों की भीड़ जिला अस्पताल में उमड़ पड़ी है।
जानकारी अनुसार, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी संतोष पात्र और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलावर कपाडिय़ा कार से जगदलपुर जा रहे थे। इनकी कार जैसे ही घोड़ागांव के पास पहुंची, सामने से सडक़ पर आते मवेशी और फिर दौड़ कर सडक़ पार कर रहे बच्चे को बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित हो पेड़ से जा टकराई।
इस हादसे में दिलावर कपाडिय़ा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं संतोष पात्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार संतोष पात्र की गंभीर हालत के चलते उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद रिफर किया जा रहा है।
कोण्डागांव, 6 मार्च। कोण्डागांव जिला के विकासखंड माकड़ी अंतर्गत उल्लेरा गांव में लकड़बग्घा ने ग्रामीण पर हमला कर दिया है। इस हमले में ग्रामीण बुरी तरह से घायल हो गया है। घायल ग्रामीण का उपचार जारी है।
विकासखंड माकड़ी के उल्लेरा गांव निवासी राम प्रसाद मरकाम (37) 5 मार्च की देर रात अपने घर के पास गली से गुजर रहा था। इसी दौरान लकड़बग्घा ने राम प्रसाद पर हमला कर दिया। इस हमले में राम प्रसाद के सिर व शरीर के अन्य जगहों पर गंभीर चोटे आए हैं। उसे कोण्डागांव के जिला अस्पताल में दाखिल किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार शरीर के अन्य जगहों पर मामूली चोटे हैं, लेकिन सिर पर गंभीर चोट है। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में दाखिल कर उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार राम प्रसाद की हालत खतरे से बाहर है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 मार्च। नाबालिग से रेप कर गर्भवती करने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ुलिस के अनुसार आरोपी गन्नू निवासी केजंग ने नाबालिगसे रेप किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीडि़ता को प्रसव के लिए एंबुलेंस से कोंडागांव जिला अस्पताल लाया जा रहा था। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही पीडि़ता ने रास्ते में मृत नवजात को जन्म दिया, जिसके बाद रेप का मामला सामने आया है।
आरोपी गन्नू सॉरी को बयानार पुलिस ने गिरफ्तार कर धारा 366,373 2 ढ और नाबालिक बालकों का अपराध से संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत जेल भेज दिया है।
कोण्डागांव, 6 मार्च। पेंशनरों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर मांगों से अवगत कराया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा प्रस्तुत पेंशनर्स हितैषी मांगों पर तत्काल निर्णय लेकर प्रदेश के बुजुर्ग पेंशनरों के साथ न्याय करेंगे।
ज्ञात हो कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आव्हान पर प्रदेश भर के पेंशनर्स अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण जंगी प्रदर्शन में शामिल होकर राज्य सरकार का ध्यानाकर्षित करने का प्रयास किया है। इसी तारतम्य में पेंशनर्स महासंघ कोण्डागांव की ओर से कोंडागांव शाखा के अध्यक्ष सुरेश घाटोडे, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सग्गू, सचिव परिमल दस, कोषाध्यक्ष लोकनाथ ने ज्ञापन सौंप कर अपनी मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन में मांगों का उल्लेख है- केन्द्र सरकार द्वारा जुलाई 2023 से घोषित 4 फीसदी महंगाई राहत की किस्त एरियर्स सहित भुगतान हेतु तत्काल आदेश जारी किए जाए। मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 (6) को विलोपित कर 23 वर्षों से महंगाई राहत अथवा अन्य स्वत्वों के भुगतान हेतु दोनों राज्यों के बीच बजट आबंटन के लिए सहमति की बाध्यता को समाप्त कर मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनरों के साथ न्याय किया जाए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 मार्च। मंगलवार को शिवि डेवलपमेंट सोसायटी ने महिलाओं को उनके अधिकार एवं विधिक की जानकारी दी।
5 मार्च को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव द्वारा बुनागांव में शिवि डेवलपमेंट सोसायटी के माध्यम से महिलाओं के लिए शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट प्रबंध कार्यालय कोण्डागांव द्वारा महिलाओं को उनके अधिकार , घरेलू हिंसा, महिला हेल्प लाईन न. 181 , मोटर यान अधिनियम, पॉक्सो एक्ट , किसी भी मामले में निशुल्क अधिवक्ता, व माता-पिता के भरण पोषण आगामी नेशनल लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी व इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर चल रही योजनाओ के बारे में जानकारी दी गई ।
इस अवसर पर शिविर में शिवि सोसायटी के पोग्रामर अर्चना चौहान, भवानी साहू, महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी सावित्री कोर्राम, स्वास्थ्य विभाग के श्वेता देवांगन , विवेक कश्यप पैरालीगल वालिटियर्स व गांव की महिलाएं उपस्थित थीं।
कोण्डागांव, 6 मार्च। मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा नेशनल लोक अदालत के संबंध में अन्य विभागों के साथ बैठक आयोजित की गई।
5 मार्च को उत्तरा कुमार कश्यप जिला एवं सत्र न्यायधीश /अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव के द्वारा नेशनल लोक अदालत के संबंध में बैठक आयोजित किया गया। बैठक में 9 मार्च को आयोजित होने वाले नेशनल लोक अदालत की तैयारी व प्रचार-प्रसार के संबंध में एवं राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों को लोक अदालत में निराकृत करने के विषय पर भी चर्चा की गई। जिसमें अधिक से अधिक प्रकरणों को निपटारा करने के लिए निर्देशित किया गया।
साथ ही राजस्व न्यायालयों लंबित खातेदारों के मध्य आपसी बंटवारे के मामलें वारिसों के मध्य बटवारे, के मामले, कब्जे के आधार पर बटवारे के मामलें, याददाश्त के आधार पर बटवारों के मामले, सूखाधिकार से संबंधित मामले, वारिसों के मध्य बटवारे के मामले का निपटारा सरल तरीके से किये जाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा ऐसे आपराधिक मामले जो आपसी समझौते से दोनों पक्षकारों द्वारा निपटारा किया जा सके, उन्हें चिन्हांकित कर लोक अदालत में निपटारे हेतु पेश करने के निर्देश दिए।
खेल विभाग ने नहीं की चेंजिंग रूम का व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 मार्च। महिलाओं के सम्मान में प्रतिवर्ष 8 मार्च को महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी महिला दिवस के उपलक्ष्य में 6 मार्च को कोण्डागांव के विकास नगर स्थित स्टेडियम मैदान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला खेल उत्सव का आयोजन किया गया है।
जिला स्तरीय महिला खेल उत्सव के पहले दिन शुभारंभ अवसर पर खेल के लिए पहुंची बालिकाओं को चेंजिंग रूम की व्यवस्था नहीं होने पर खुलेआम मैदान पर ही अपने पतलून उतार कर एथलीट खेलों में भाग लेना पड़ा। इस मामले पर खेल अधिकारी सुधा कुमार ने कहा कि स्टेज के पीछे चेंजिंग रूम बनाया है, खिलाडिय़ों को पता नहीं होगा।
गाइडेंस की कमी के कारण पता नहीं चला होगा। यहां कोई कमी नहीं है, महिला खिलाडिय़ों के लिए सभी व्यवस्था है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से कोण्डागांव के स्टेडियम मैदान में आज से जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल प्रतियोगिता के तहत शुभारंभ अवसर पर एथलीट खेलों में दौड़, रस्सा कस्सी, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी इत्यादि खेलों को शामिल किया गया है।
महिलाओं के सम्मान में आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर ही शर्मनाक घटना दिखाई दी है। स्टेडियम मैदान में आयोजक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से चेंजिग रूम की व्यवस्था नहीं की गई। जिसके चलते हुए मुख्य अतिथि के उपस्थिति में ही मैदान में खुलेआम अपने पतलून उतरकर एथलीट खेलों की तैयारी करनी पड़ी हैं।
चिलचिलाती गर्मी में घर से पहनकर आना पड़ा डबल कपड़ा
मार्च की शुरुआती सप्ताह में ही गर्मी का असर पडऩे लगा है। इधर कोण्डागांव के स्टेडियम मैदान में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने वाली महिलाओं के लिए व्यवस्था न होने से महिलाओं को अपने ही घर से चिलचिलाती गर्मी के बावजूद डबल कपड़े पहनकर आना पड़ा है।
8 को होगा समापन
6 मार्च को प्रारंभ हुए खेल प्रतियोगिता के तहत 3 दिनों तक विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें प्रथम दिवस एथलीट गेम्स शामिल है। तो दूसरे दिन इंडोर गेम जैसे टेबल टेनिस व अन्य गेम शामिल है। वहीं तीसरे दिन 8 मार्च को सभी खेलों का समापन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने एनएच पर किया चक्काजाम, एसडीएम के आश्वासन पर हटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 मार्च। आठ वर्षों से बंद पड़े केशकाल-बाईपास मार्ग के निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए युवा कांग्रेस ने आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। मंगलवार को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कपिलकांत नाग के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एनएच 30 व बायपास रोड के समीप धरना प्रदर्शन किया। साथ ही लगभग 20 मिनट तक एनएच 30 में चक्काजाम कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। अंत में एसडीएम अंकित चौहान द्वारा एक महीने के भीतर बायपास मार्ग का कार्य शुरू करवाने का आश्वासन मिलने पर कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन स्थगित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने कहा कि पूरे बस्तर को जोडऩे वाला एक मात्र राष्ट्रीय राजमार्ग30 केशकाल घाट जहाँ पर आए दिन जाम स्थिति निर्मित होती रहती है। जिसके लिए 2015-16 में बाईपास निर्माण शुरू किया गया था । लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते कुछ ही माह में बंद हो गया । आज 8 साल बाद भी शुरू नही किया गया । कांकेर लोकसभा सांसद 5 साल तक कभी भी बाईपास का मुद्दा नही उठाया है । छत्तीसगढ़ में भी अब भाजपा की सरकार है । यदि जल्द ही केशकाल बाईपास कार्य शुरू नहीं होता है तो आने वाला समय मे उग्र आंदोलन होगा ।
इस दौरान युकां जिलाध्यक्ष कपिलकांत नाग ने बताया कि बस्तरवासियों को घाट जाम की समस्या से निजात दिलवाने के किये केंद्र सरकार के द्वारा वर्ष 2014-15 में बायपास मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था। लेकिन केंद्र सरकार की ही उदासीनता के कारण यह कार्य पिछले 8 वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। युवा कांग्रेस के द्वारा इससे पहले भी कई बार ज्ञापन के माध्यम से शासन प्रशासन का ध्यानाकर्षण करवाने का प्रयास किया गया। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसलिए युवा कांग्रेस ने लोकतांत्रिक रूप से धरना प्रदर्शन व चक्काजाम कर बायपास मार्ग हेतु आवाज उठाई है। यदि जल्द हमारी मांगे पूरी नहीं होती तो भविष्य में हम उग्र आंदोलन करेंगे।
एसडीएम अंकित चौहान ने बताया कि बायपास मार्ग निर्माण को पुन: शुरू करवाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के द्वारा धरना प्रदर्शन व चक्काजाम किया जा रहा था। जिसे हमने स्थगित करवाया है। एनएचएआई विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में युकां कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया गया है कि आगामी एक माह के भीतर बायपास मार्ग का कार्य शुरू करवाया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, पीसीसी सचिव सगीर अहमद कुरैशी, श्रीपाल कटारिया, यासीन मेमन रतिराम नाग, दुष्यंत राणा, वसीम मेमन, जयलाल नाग, खिलेश्वर शोरी, अरमान मेमन, अमीन पारेख, निलेश नेगी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोण्डागांव, 5 मार्च। जिला के बयानार थाना क्षेत्र अंतर्गत 16 वर्षीय नाबालिग से रेप का मामला प्रकाश में आया है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिगकी तबीयत खराब हुई और एंबुलेंस से कोण्डागांव के जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही नाबालिक ने एंबुलेंस में मृत बच्चों को जन्म दिया, मामले पर सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कोण्डागांव जिला के बयानार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण अंचल में रहने वाली 16 साल की नाबालिग से उसके ही परिचित के एक युवक ने प्रेम प्रसंग करते हुए लगातार रेप किया। नाबालिग गर्भवती हो गई। लेकिन गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को नहीं लग पाई। आज गर्भवती का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया, जिसके चलते उसे एंबुलेंस से कोण्डागांव के जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था।
कोण्डागांव पहुंचने से पहले एंबुलेंस में ही नाबालिग ने मृत नवजात शिशुओं को जन्म दिया। अब जिला अस्पताल की सूचना पर सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने मोमो के आधार पर बयानार थाने के मामले को पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 मार्च। नेहरू युवा केन्द्र कोंडागांव एवं उड़ान क्रीड़ा एवं युवा विकास संस्थान छ.ग के संयुक्त तत्वावधान में आदिवासी सदन कोंडागांव में आस पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसके मुख्य अतिथि भंगाराम सोरी सर्व आदिवासी गोंडवाना समाज अध्यक्ष, विशेष अतिथि प्रीति साहू, अध्यक्षता सूरज मातलम शिक्षक गोंडवाना समाज सचिव ने की।
कार्यक्रम में युवा विधायक अभिभावक बनकर जनप्रतिनिधि एवं विपक्ष और पक्ष में अपनी-अपनी बात रखें।
इस कार्यक्रम में अपनी विशेष बातों को रखने के लिए प्रथम पुरस्कार हिमांशु बघेल लिहागांव ,कमलेश कुमार पाली, मुकेश कुमार मंडावी, सरिता सलाम पुरस्कार एवं द्वितीय पुरस्कार अपोजिट रूलिंग पार्टी गुलशन कुमार अमित जमीला सोरी सम्मानित हुए और साथ ही मुख्य अतिथियों को मोमेंटो से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के आयोजक अनिल कुमार मंडावी उड़ान क्रीड़ा युवा संस्थानछ.ग जिला अध्यक्ष , भारत लाल मंडावी संस्थापक एवं बिसलाल नेताम जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी, अजय कुमार मरकाम, कमलेश मरकाम, समस्त युवाओं का सहयोग रहा।