इतिहास
कम्युनिस्ट प्रभाव से पोलैंड की मुक्ति में आज का दिन अहम है. 1980 में आज ही के दिन लेख वलेंसा के नेतृत्व में ग्दांस्क शिपयार्ड में मजदूरों ने हड़ताल की.
इस हड़ताल के बाद 31 अगस्त को पोलैंड की पहली गैरसरकारी ट्रेड यूनियन 'सोलिदारनोस्क' की स्थापना हुई. वलेंसा को इसका अध्यक्ष चुना गया. वलेंसा 1943 में पोपोवो में एक गरीब रोमन कैथोलिक परिवार पैदा हुए थे. वह 1967 में ग्दांस्क चले गए जहां उन्होंने एक शिपयार्ड में इलेक्ट्रीशियन की नौकरी कर ली.
पोलैंड में मजदूरों और गरीब कारीगरों की खराब हालत के विरोध ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया था और वलेंसा इसके सक्रिय सदस्य बन गए. 1976 में कारखानों में गरीब मजदूरों की मौत के विरोध में याचिका दायर करने के लिए मजदूरों के हस्ताक्षर लेने के मामले में उन्हें नौकरी से हटा दिया गया. इसके बाद उनके लिए कहीं दूसरी जगह नौकरी पाना भी मुश्किल हो गया. वलेंसा ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रेड यूनियन बनाई और 1980 में आज के दिन ग्दांस्क में हड़ताल शुरू की. इस हड़ताल के साथ ही पोलैंड में कम्युनिस्ट शासन के अंत की शुरुआत हो गई.
इस हड़ताल को जर्मन एकीकरण के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है. पोलैंड में सरकार विरोधी आंदोलन के साथ जीडीआर के लोगों की सहानुभूति अंत में 1089 में बर्लिन दीवार के गिरने और जर्मन एकीकरण की वजह बनी. इसकी वजह से शीतयुद्ध का भी अंत हुआ.
1990 तक वलेंसा काफी लोकप्रिय हो गए थे और दोबारा 'सोलिदारनोस्क' के अध्यक्ष चुने गए. 1990 में हुए स्वतंत्र राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने 74 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल कर चुनाव जीता और देश के राष्ट्रपति बने. मजदूरों के हितों के लिए उनके प्रयासों के लिए उन्हें 1983 में नोबेल शांति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था.
- 1894- पहला बेतार सूचना प्रसारण मोर्स कोड की सहायता से ओलिवर लॉज ने आक्सफोर्ड में प्रदर्शित किया।
- 1994-हबल अंतरिक्ष दूरबीन से यूरेनस की उसके छल्ले सहित फोटो ली गई।
- 2001 - मेसेडोनिया सरकार व अल्बानियाई विद्रोहियों में समझौता, आयरिश रिपब्लिकन आर्मी द्वारा निशस्त्रीकरण से इंकार।
- 2002 - पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ़ ने कश्मीर के चुनावों को ढोंग करार दिया।
- 2006 - संयुक्त राष्ट्र की पहल पर इस्रायल और दक्षिणी लेबनान में पांच सप्ताह से जारी संघर्ष थमा।
- 2007 - दुनिया की सर्वाधिक उम्रदराज़ महिला जापान की येनो मीनागावा का निधन। पाकिस्तानी राष्ट्राध्यक्ष परवेज मुशर्रफ़ तथा पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर के मध्य समझौता हुआ।
- 1956 -भारतीय अभिनेता जॉनी लीवर का जन्म हुआ।
- 2011- प्रसिद्ध हिन्दी फि़ल्म अभिनेता शम्मी कपूर का निधन हुआ।
- 1933- स्विस अनुसंधानकर्ता और शिक्षक रिचर्ड आर. अर्न्स्ट का जन्म हुआ, जिन्हें उच्च विभेदक नाभिकीय चुम्बकीय अनुनाद स्पेक्ट्रोस्कोपी की कार्यप्रणाली के विकास में योगदान के लिए 1991 में रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार मिला।
- 1869 -अमेरिकी खदान इंजीनियर और धातुकर्मी डैनियल कोवैन जैकलिंग का जन्म हुआ, जिन्होंने उटाह तांबा कम्पनी की स्थापना की। इन्होंने निचले दर्जे के तांबे के अयस्क का लाभदायक रूप से प्रयोग किया क्योंकि बिजली की बढ़ती मांग के लिए उसी तरह के तांबे की जरूरत भी थी। (निधन-13 मार्च 1956)
- 1988-इटली के आटोमोबाइल निर्माता, डिज़ाइनर और रेसिंग कार चालक एन्ज़ो फेरारी का निधन हुआ, जिनकी फेरारी कार का प्रभुत्व बीसवीं शताब्दि के मध्य में विश्व कार रेस में रहता था, और वह आज भी मशहूर है। (जन्म-18 फरवरी 1898)
- 1958-फ्रांसीसी भौतिकशास्त्री फ्रेड्रिक जूलियट क्यूरी का निधन हुआ, जो प्रसिद्ध वैज्ञानिक आइरीन जूलियट क्यूरी के पति थे। इन्हें कृत्रिम रेडियोसक्रिय तत्व का आविष्कार करने के लिए इनकी पत्नी के साथ 1935 में नोबेल पुरस्कार दिया गया। (जन्म 19 मार्च 1900)