राजपथ - जनपथ

छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : खेल मैदान को बचाने की कवायद...
18-Dec-2021 5:29 PM
छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : खेल मैदान को बचाने की कवायद...

खेल मैदान को बचाने की कवायद...

कोरोना काल में जब सारे निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई थी, नगर पंचायत ने बिलाईगढ़ में मिनी स्टेडियम की जमीन पर 40 दुकानें खड़ी कर दी। ये खेल मैदान प्रेम भुवन प्रताप सिंह शासकीय स्कूल के लिये आरक्षित है। स्कूल खुलने के बाद कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र यह निर्माण देखकर मायूस हो गये। फिर उन्होंने तय किया कि किसी भी सूरत में खेल मैदान को व्यावसायिक परिसर में नहीं बदलने देंगे। उन्होंने पहले तहसीलदार के नाम पर ज्ञापन सौंपा। ठोस आश्वासन नहीं मिला तो सडक़ जाम कर दिया। यह जाम पूरे 10 घंटे चला। अंत में अधिकारियों ने आकर आश्वस्त किया कि दुकानें हटाई जायेंगीं। छात्रों ने एक सप्ताह का समय दिया है। यदि ऐसा नहीं होगा तो वे फिर ज्यादा तेज आंदोलन करने की बात कह रहे हैं।

और निलंबन रद्द हो गया

रामानुजगंज के शासकीय लरंग साय कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य के निलंबित होने पर उनके बचाव में विधायक बृहस्पत सिंह खुलकर सामने आये थे। अब उनका निलंबन आदेश शून्य कर दिया गया है। छात्राओं ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरबी सोनवानी पर अभद्रता का आरोप लगाया था। वे गेट पर धरना देकर बैठ गये थे, इसके बाद सोनवानी का निलंबन किया गया।

पर छात्र-छात्राओं का एक दूसरा गुट भी सामने आ गया जो प्राचार्य के समर्थन में है। प्रभारी प्राचार्य के निलंबन के खिलाफ बृहस्पत सिंह ने सीएम और उच्च शिक्षा मंत्री से चर्चा करने की बात कही थी। की होगी, इसी का असर हो सकता है कि प्राचार्य अपनी कुर्सी पर दुबारा विराजमान हो गये। दूसरी ओर अभाविप ने निलंबन रद्द करने के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीएम और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन वे चकमा दे गये। अब उन छात्राओं का क्या होगा, जिन लोगों ने हिम्मत करके प्राचार्य के खिलाफ आवाज उठाई थी? क्या उन्हें बरगलाया गया था?

काशी विश्वनाथ का दर्शन...

देश के अनेक मंदिरों में टिकट कटाने पर जल्दी दर्शन हो जाते हैं। अब इन मंदिरों में काशी विश्वनाथ भी शामिल हो गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news