ताजा खबर

पति-पत्नी का आपसी झगड़ा बना सामूहिक आत्महत्या की वजह
27-Oct-2021 1:55 PM
पति-पत्नी का आपसी झगड़ा बना सामूहिक आत्महत्या की वजह

 

   करमतरा में 4 की खुदकुशी के पीछे दंपत्ति की कलह बना काल      

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर।
राजनांदगांव के पास करमतरा गांव में एक परिवार का सामुहिक आत्महत्या के पीछे पारिवारिक तनाव एक प्रमुख वजह बनी है। करमतरा में 32 साल के डोमन साहू और उसकी पत्नी वेदिका साहू ने अपने दो बच्चों पीयूष साहू (3 साल) और काव्या (2 साल) के साथ खुदकुशी कर ली। पत्नी ने जहां बच्चों के साथ कुंए में कूदकर जान दी। वहीं पति ने घर के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस लोमहर्षक घटना से पूरा गांव सन्न रह गया।

शाम ढलते ही करमतरा में डोमन साहू और उसकी पत्नी समेत बच्चों के खुदकुशी की घटना सामने आई। समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की खबर के बाद पुलिस महकमे के आला अफसर भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि डोमन साहू और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से तनातनी चल रही थी। घरेलू विवाद के कारण दोनों के बीच के रिश्ते खराब हो गए थे।

सूत्रों का कहना है कि पारिवारिक कलह के चलते दोनों का आपस में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। वहीं मृतक डोमन साहू ने इससे पहले भी खुदकुशी करने की कोशिश कर चुका है। पुलिस को पूर्व में भी फांसी लगाने से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। दोनों  पति-पत्नी में रिश्ते लगातार खराब होने से बच्चों को लेकर भी कहा-सुनी होती थी। माना जा रहा है कि कल देर शाम को भी दंपत्ति में तकरार हुई। आशंका जताई जा रही है कि सबसे पहले पत्नी बच्चों को लेकर कुंए में कूदी। इसके बाद पति ने फांसी लगा ली।

मृतक के पिता हेमनाथ साहू ने  ‘छत्तीसगढ़’   से कहा कि बेटा-बहू के बीच सब ठीक था। परिवार के लोग खेत गए थे। शाम 5 बजे घर लौटने के बाद घटना की जानकारी हुई है। इधर एएसपी प्रज्ञा मेश्राम ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। पारिवारिक झगड़ा ही घटना की वजह बनी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news